News

MI vs DC: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराकर दर्ज की अपनी पहली जीत

By Mumbai Indians

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 29 रनों से हराकर इस सीजन की पहली जीत अपने नाम की। 

मुंबई इंडियंस ने रविवार को आईपीएल 2024 का अपना चौथा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला। MI vs DC मुकाबले में ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर एमआई को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया।

जहां हार्दिक पांड्या एंड कंपनी ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 234 रनों का स्कोर खड़ा किया।

एमआई की तरफ से रोहित शर्मा और ईशान किशन ने पारी का आग़ाज़ किया और दोनों सलामी बल्लेबाजों ने मुंबई इंडियंस को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। एमआई को पहला झटका 80 रनों के स्कोर पर रोहित शर्मा के रूप में लगा। इस दौरान हमारे हिटमैन ने 27 गेदों में 49 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने तीन छक्के और छह चौके जड़े।

इसके बाद ईशान का साथ देने के लिए सूर्यकुमार यादव मैदान में आए, बता दें कि अपने सूर्या दादा की मैदान पर वापसी हो चुकी है। हालांकि वह बिना खाता खोले ही अपना विकेट गवां बैठे। इस तरह 9 ओवर के बाद हमारी टीम का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 92 रन था।

इस बीच ईशान किशन 23 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउट हो गए और उसके बाद तिलक वर्मा (6) रन बनाकर खलील अहमद का शिकार हो गए। 16 ओवर की समाप्ति के बाद एमआई का स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 150 रन रहा। क्रीज पर टिम डेविड और कप्तान हार्दिक पांड्या डटे रहे।

181 रनों के स्कोर पर हमारी टीम को हार्दिक पांड्या के रूप में पांचवा झटका लगा। हार्दिक ने 33 गेंदों में एक छक्का और तीन चौके की मदद से 39 रनों की पारी खेली।

एमआई खिलाड़ी टिम डेविड का साथ देने के लिए क्रीज पर रोमारियो शेफर्ड आए और दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर अपने धमाकेदार अंदाज में एमआई का स्कोर 20 ओवर में 234 रन पहुंचा दिया।

20वें ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने तूफानी अंदाज में 32 रन बटोरे, जो इस सीजन में अभी तक एक ओवर में हासिल किए गए सबसे अधिक रन हैं। इस तरह मुंबई इंडियंस ने पांच विकेट खोकर 234 रनों का स्कोर खड़ा किया।

मुंबई इंडियंस के इस विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ पंत एंड कंपनी की शुरुआत ज्यादा खास नहीं रही। तीन ओवर की समाप्ति के बाद दिल्ली का स्कोर महज 15 रन था और अगले ही ओवर में रोमारियो शेफर्ड ने हमारी टीम को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने डेविड वॉर्नर को 10 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह दिखा दी।

इसके बाद दिल्ली के लिए पृथ्वी शॉ और अभिषेक पोरल ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। हमारी धारदार गेंदबाजी के आगे दिल्ली के बल्लेबाज पस्त नजर आए और 10 ओवर की समाप्ति के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 94 रन था।

12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने पृथ्वी शॉ (66) को अपना शिकार बनाकर एमआई को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद बुमराह ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर अभिषेक (41) का विकेट चटकाकर दिल्ली की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।

इस दौरान ट्रिस्टन स्टब्स (71*) को छोड़कर दिल्ली के अन्य बल्लेबाज ज्यादा खास प्रदर्शन नहीं कर सके। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर सिर्फ 205 रन ही बना पाई और अंत में उन्हें एमआई के हाथों 29 रनों से हार झेलनी पड़ी।

एमआई के लिए गेराल्ड कोएट्ज़ी ने सबसे अधिक चार विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट लिए और रोमारियो शेफर्ड ने एक विकेट अपने नाम किया।

मुंबई इंडियंस टीम अपना अगला मुकाबला गुरुवार, 11 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ खेलेगी।