News

IPL 2021 MI vs DC: मुंबई इंडियंस को दिल्ली कैपिटल्स से 6 विकेट से मिली हार

By Mumbai Indians

मंगलवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मुंबई इंडियंस का सामना दिल्ली कैपिटल्स से हुआ। एमआई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए डीसी को 138 रनों का लक्ष्य दिया। डीसी ने इस स्कोर को डिफेंड करते हुए अच्छी और सधी हुई शुरुआत की। हालांकि बीच में रनों की गति धीमी जरूर हुई लेकिन हिटमायर अंतिम ओवरों में जरूरी रन बटोरकर दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से जीत दिलाने में सफल रहे। इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 का 13वां मुक़ाबला मंगलवार, 20 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आईपीएल 2020 की फाइनलिस्ट टीमों मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच शुरू हुआ। हमारी टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया और मुंबई इंडियंस की ओर से क्विंटन डि कॉक और रोहित शर्मा बल्लेबाज़ी करने के लिए मैदान पर आए। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पहला ओवर डालने के लिए मार्कस स्टोइनिस आए। पहले ओवर की दूसरी गेंद पर रोहित शर्मा ने एक रन से खाता खोला। पांचवीं गेंद पर एलबीडब्ल्यू की बड़ी अपील हुई लेकिन अम्पायर ने आउट नहीं दिया। यह एक इनस्विंगर गेंद थी जो पड़ने के बाद अंदर की तरफ आई थी और रोहित के पैड्स से टकराई थी। सधी हुई शुरुआत करते हुए एमआई ने पहले ओवर को 6 रन बनाकर खत्म किया। 

मुंबई इंडियंस ने पावर प्ले में एक विकेट के नुकसान पर बनाए 55 रन

दूसरे ओवर रविचंद्रन अश्विन लेकर आए और उन्होंने चौथी गेंद लेग स्टंप पर डाली। इस गेंद को स्टोइनिस ने स्वीप करने की कोशिश की, लेकिन गेंद टर्न होकर सीधे पैड पर लगी। एलबीडब्ल्यू की अपील हुई लेकिन अम्पायर ने इसे नकार दिया। इसके बाद तीसरे ओवर में मार्कस स्टोइनिस की पहली गेंद के अतिरिक्त उछाल ने क्विंटन को चकमा दिया और वह क्रीज़ पर होते हुए इसे कवर्स की तरफ पंच करने की कोशिश में गए। उनके बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेटकीपर पंत ने इसे लपक लिया। क्विंटन डि कॉक 2(4) रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी जगह बल्लेबाज़ी करने के लिए मैदान पर सूर्यकुमार यादव आए।

रोहित शर्मा के बल्ले से तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर इस मैच का पहला चौका देखने को मिला। इसके बाद चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित के ही बल्ले से इस मैच का पहला छक्का भी देखने को मिला। वाकई ये हिट मैन शॉट था। उन्होंने फुल लेंथ की गेंद को लॉन्ग ऑफ की दिशा में खेला। बल्ले और गेंद का सही संपर्क हुआ और गेंद सीधे स्टैंड में पहुंच गई। इसके बाद पांचवें ओवर में एक चौका और एक छक्का देखने को मिला। छठे ओवर की समाप्ति के साथ एमआई का स्कोर 55/1 था।   

44 रन बनाकर पवेलियन लौटे हिट मैन

एमआई को दूसरा झटका सातवें ओवर में लगा। आवेश खान ने ओवर की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच करा दिया। सूर्यकुमार यादव 4 चौके की मदद से 15 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी जगह क्रीज़ पर ईशान किशन आए। रोहित शर्मा और ईशान की जोड़ी ने रन बटोरने शुरू ही किए थे कि 9वें ओवर में अमित मिश्रा की चौथी गेंद पर एमआई को बड़ा झटका लगा। धीमी गति की गेंद को रोहित ने लॉन्ग ऑन की दिशा में खेला। गेंद का बल्ले से संपर्क सही से नहीं हुआ और स्टीव स्मिथ ने इसे लपक लिया। रोहित शर्मा 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 30 गेंद में 44 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाज़ी करने के लिए हार्दिक पांड्या आए और वह भी इसी ओवर की आखिरी गेंद पर स्टीव स्मिथ को कैंच करा बैठे।

इसके बाद बल्लेबाज़ी करने के लिए आए क्रुणाल पांड्या भी 5 गेंद में एक रन बनाकर ललित यादव की गेंद पर आउट हो गए। फिर क्रीज़ पर किरोन पोलार्ड आए और वह भी अमित मिश्रा की गेंद का शिकार हो गए। वह 5 गेंद में 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी जगह बल्लेबाज़ी करने के लिए मैदान पर जयंत यादव आए। उन्होंने ईशान किशन के साथ मिलकर धीरे-धीरे रन बनाना शुरू किए। 15 ओवर की समाप्ति पर एमआई का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 101 रन था। 

एमआई ने अंतिम 5 ओवर में बटोरे 36 रन

डीसी के स्पिनर गेंदबाज़ों ने एमआई के बल्लेबाज़ों को काफी परेशान किया। ईशान ने 26(28) रन बनाते हुए टीम के स्कोर को आगे बढ़ाया और वह भी अमित मिश्रा की गेंद पर पवेलियन लौट गए। अंत में जयंत यादव ने 23(22) रन बनाते हुए अपनी टीम को सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचाया। 20 ओवर की समाप्ति पर एमआई का स्कोर 9 विकेट के नुकसान पर 137 रन रहा। 

डीसी ने पावर प्ले में 1 विकेट के नुकसान पर बनाए 39 रन 

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पारी की शुरुआत करने के लिए मैदान पर पृथ्वी शॉ और शिखर धवन उतरे। एमआई की ओर से पहला ओवर डालने के लिए ट्रेंट बोल्ट आए। उनकी तीसरी गेंद पर चौका लगाकर शिखर धवन ने अपना खाता खोला और आखिरी गेंद पर बोल्ट की स्विंग से चकमा खा गए। यहां पर वे आउट होने से बाल-बाल बचे। दूसरे ओवर में जयंत यादव की दूसरी गेंद पर चौका लगाने के बाद तीसरी गेंद पर पृथ्वी शॉ कॉट एंड बोल्ड हो गए। वे 7(5) रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह क्रीज़ पर स्टीव स्मिथ आए। उन्होंने धवन के साथ मिलकर धीरे-धीरे रन बटोरना शुरू किए। दोनों ही बल्लेबाज़ों ने सधी हुई शुरुआत करते हुए 6 ओवर की समाप्ति पर टीम को 39 रन के स्कोर पर पहुंचाया।    

पोलार्ड ने तोड़ी धवन-स्मिथ की साझेदारी

10वें ओवर में किरोन पोलार्ड ने एमआई को दूसरी सफलता दिलाई। पोलार्ड ने दूसरी गेंद पर स्टीव स्मिथ को एलबीडब्ल्यू करा दिया। वह चार चौके की मदद से 29 गेंद में 33 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनकी जगह बल्लेबाज़ी करने के लिए मैदान पर ललित यादव आए। उन्होंने धवन के साथ धीरे धीरे रन बटोरना शुरू किए। 14 ओवर की समाप्ति पर डीसी का स्कोर 90/2 रन था। इसके बाद 15वें ओवर में धवन ने पहली गेंद पर एक छक्का और दूसरी गेंद पर एक चौका लगाया। राहुल चहर के इस ओवर की पांचवीं गेंद पर धवन कैंच आउट हो गए। वह 5 चौके और एक छक्का लगाकर 42 गेंदों में 45 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनके बाद बल्लेबाज़ी के लिए ऋषभ पंत आए।   

रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को मिली जीत

पंत ने चौके के साथ अपना खाता खोला और उसके बाद 17वें ओवर में जसप्रीत बुमराह की पांचवीं गेंद पर क्रुणाल पांड्या को कैच करा बैठे। पंत आठ गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी जगह क्रीज़ पर हिटमायर आए। एमआई के गेंदबाज़ बेहतरीन गेंदबाज़ी कराते हुए मैच को गहराई में ले गए। डीसी को 9 गेंदों में 9 रन बनाने थे। यहां से मैच बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। अंतिम ओवर कराने के लिए किरोन पोलार्ड आए और इस वक्त 6 गेंदों में डीसी को 5 रनों की जरूरत थी। पोलार्ड की पहली ही गेंद पर हिटमायर ने एक चौका जड़कर दिल्ली को जीत की ओर पहुंचा दिया। फिर दूसरी गेंद नो बॉल रही और यह मुक़ाबला दिल्ली कैपिटल्स ने अपने नाम कर लिया।

प्लेइंग इलेवन में हुए बदलाव

आईपीएल 2021 के 13वें मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस ने प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव करते हुए एडम मिल्ने की जगह जयंत यादव को मौका दिया।

दिल्ली कैपिटल्स ने दो बदलाव करते हुए मेरीवाला और वोक्स को बाहर किया, उनकी जगह टीम में शिमरोन हेटमायर और अमित मिश्रा को जगह दी।

प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस: क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, किरोन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, राहुल चहर, जयंत यादव, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट

दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, स्टीवन स्मिथ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), मार्कस स्टोइनिस, शिमरोन हेटमायर, ललित यादव, रविचंद्रन अश्विन, कगिसो रबाडा, अमित मिश्रा, आवेश खान।

संक्षिप्त स्कोर कार्ड:

मुंबई इंडियंस 137/9 (20 ओवर): रोहित शर्मा 44 (30), किरोन पोलार्ड 1/9

दिल्ली कैपिटल्स 138/4 (20 ओवर): शिखर धवन 45(42), अमित मिश्रा 4/24

मुंबई इंडियंस का अगला मुक़ाबला

आईपीएल 2021 सीज़न के 17वें और अपने पांचवें मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स से होगा। यह मैच शुक्रवार, 23 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां एमआई के खिलाड़ियों की नज़र इस सीज़न की अपनी तीसरी जीत पर होगी।