MI vs KKR: मुंबई इंडियंस को कोलकाता के खिलाफ मिली हार, बुमराह ने झटके 5 विकेट

जसप्रीत बुमराह ने अपने आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया तो वहीं ईशान किशन ने भी अर्धशतक लगाया।

मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2022 के 56वें मुकाबले में श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने मुंबई इंडियंस को 52 रनों से हराया। इस जीत के साथ केकेआर की टीम प्वाइंट्स टेबल में आठवें स्थान पर पहुंच गई है। आपको बता दें कि उनके 12 मैचों में दस अंक हो गए हैं।

टॉस जीत कर मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाए। मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह ने अपने आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में दस रन देकर पांच विकेट अपने नाम किए।

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की टीम 17.3 ओवर में 133 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस हार के बाद मुंबई अभी भी प्वाइंट्स टेबल में 10वें स्थान पर काबिज है।

कोलकाता की पारी का लेखा-जोखा

पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की। टीम में वापसी कर रहे वेंकटेश अय्यर और अजिंक्य रहाणे की जोड़ी ने पहले पांच ओवर में टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी की। इस दौरान अय्यर मुंबई के गेंदबाजों के खिलाफ जमकर रन बटोरे और उन्होंने महज 24 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 43 रन की पारी खेली। जबकि उनके साथी और टीम के अनुभवी बल्लेबाज रहाणे रन के लिए संघर्ष करते दिखाई दिए। रहाणे अपनी पारी के दौरान 24 गेंदों का सामना किया और तीन चौके की मदद से सिर्फ 25 रन बनाए।

इन दोनों बल्लेबाजों के आउट होने के बाद टीम से कोई भी बड़ी पार्टनरशिप देखने नहीं मिली। केकेआर के लिए नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए नीतीश राणा ने भी शानदार पारी खेली और टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ 17 गेंदों में 36 रनों की साझेदारी निभाई। एक छोर से राणा लगातार टीम की पारी को आगे बढ़ा रहे थे तो वहीं दूसरी छोर से कोई भी बल्लेबाज उनका साथ देने में असफल रहा। कप्तान अय्यर (6) और ऑलराउंडर आंद्रे रसेल (9) का बल्ला भी खामोश रहा।

इसके बाद राणा भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाए और वह तीने चौके और चार छक्के की मदद से 43 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। अपनी पारी के दौरान राणा ने 26 गेंदों का सामना किया। राणा के आउट होने के बाद रिंकू सिंह (नाबाद 23) के अलावा किसी भी बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ा नहीं पार किया और मुंबई के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी के आगे बल्लेबाज रन बनाने के लिए परेशान नज़र आए।

मुंबई इंडियंस की ओर से बुमराह के अलावा कुमार कार्तिकेय ने दो, जबकि डेनियल सैम्स और मुरुगन अश्विन ने एक-एक विकेट लिए।

मुंबई इंडियंस की पारी पर एक नजर

166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पांच बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (2) पहले ही ओवर में आउट हो कर पवेलियन लौट गए। हालांकि उनके साथी ईशान किशन ने अपनी लय बरकार रखी और टीम की पारी को आगे बढ़ाते रहे। रोहित के आउट होने के बाद नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने आए युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा (6) भी मुंबई की पारी के पांचवे ओवर में ही आउट हो गए।

इसके बाद ईशान किशन ने रमनदीप सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 33 गेंदों में 37 रनों की साझेदारी की। हालाकिं रमनदीप ज्यादा देर तक ईशान का साथ नहीं दे पाए और 16 गेंदों में 12 रन बना कर आउट हो गए। इस बीच ईशान ने अपनी फिफ्टी भी पूरी की और पिछले मैच में मिली लय को बरकरार रखा। रमनदीप के आउट होने के बाद टिम डेविड (13) भी टीम के लिए कोई बड़ा योगदान नहीं दे पाए। मुंबई की पारी के 15वें ओवर में ईशान भी आउट हो गए और टीम की बची खुची जीत की उम्मीद भी खत्म हो गई। ईशान ने पांच चौके और एक छक्के की मदद से 43 गेंदों में टीम के लिए सर्वाधिक 51 रन बनाए।

टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी कीरोन पोलार्ड (15) अपनी खराब फॉर्म से एक बार फिर जूझते दिखाई दिए और बाकी मैचों की तरह टीम की उम्मीद पर खरे उतरने में असफल रहे। पोलार्ड के आउट होने के बाद बाकि किसी बल्लेबाज ने दस का आंकड़ा भी पार नहीं किया।