भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, तीसरा T20I: करो या मरो मुकाबले में भारत ने मेहमान टीम को 48 रनों से हराया

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जारी पांच T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का तीसरा मैच मंगलवार (14 जून) को विशाखापट्टनम के डॉ. वाय. एस. राजसेखरा रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम  में खेला गया। इस मुकाबले में भारत ने 48 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज के रोमांच को जिंदा रखा।

सीरीज में अपनी मौजूदगी बनाए रखने के लिए एक ‘करो या मरो’ वाले मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। गेंदबाजी चुनने के फैसले को लेकर दक्षिण अफ्रीकी कप्तान तेम्बा बवूमा ने कहा कि यह पिच अलग है, इसमें पीलापन और यह हार्ड लग रही है। विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी लग रही है, इसलिए हम इस मैच में चेज करना चाहते हैं। वहीं, भारतीय कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि वह भी टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का ही फैसला करते।

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मेहमान टीम के सामने 180 रनों का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में दक्षिण अफ्रीकी टीम 19.1 ओवरों में सिर्फ 131 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।

भारत की ओर से दोनों सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ (57) और ईशान किशन (54) ने अर्धशतक लगाया। वहीं, हार्दिक पांड्या ने भी 21 गेंदों में 31 रन की तेज पारी खेली। वहीं, गेंदबाजी की बात करें तो भारत की ओर से हर्षल पटेल ने चार विकेट और युजवेंद्र चहल ने तीन विकेट चटकाए। जबकि, भुवनेश्वर कुमार और अक्षर पटेल ने एक-एक अफ्रीकी बल्लेबाजों को पवेलियन पहुंचाया।

इससे पहले, भारत की ओर से पारी का आगाज करने आए रुतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन ने सधी हुई शुरुआत की। टीम इंडिया के दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पावरप्ले के दौरान अच्छी और सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 57 रन बनाए।

इस बीच रुतुराज गायकवाड़ ने अपना अर्धशतक भी पूरा किया। उन्होंने 30 गेंदों में अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। हालांकि, गायकवाड़ अपना अर्धशतक बनाने के ठीक बाद दसवें ओवर में केशव महाराज का शिकार हो गए। उन्होंने 35 गेंदों में 7 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 57 रन की पारी खेली।

रुतुराज के आउट होने के बाद ईशान किशन और श्रेयस अय्यर ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। इस बीच ईशान किशन ने अपने T20I करियर का चौथा अर्धशतक भी लगाया। उन्होंने 31 गेंदें खेलकर अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की।

भारत को दूसरा झटका श्रेयस अय्यर (14) के रूप में लगा। उन्होंने अपनी 11 गेंदों की छोटी सी पारी में 2 छक्के भी लगाए। अय्यर को तबरेज शम्सी ने 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह स्क्वायर लेग के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने के लिए गए लेकिन एनरिक नॉर्खिया ने बिना चूके कैच को लपक लिया और अय्यर को पवेलियन का रास्ता दिखाया।

इसके अगले ही ओवर में दक्षिण अफ्रीका को एक और सफलता मिली। ईशान को ड्वेन प्रिटोरियस ने रीजा हेंड्रिक्स के हाथों कैच करवाया। उन्होंने 35 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रन बनाए। भारत का चौथा विकेट ऋषभ पंत के रूप में गिरा। वह 8 गेंदों में 6 रन ही बना सके। उन्हें प्रिटोरियस ने  बवूमा के हाथों कैच करवाया। पांचवें विकेट के रूप में दिनेश कार्तिक को कगिसो रबाडा ने आउट किया। कार्तिक भी 8 गेंद में सिर्फ 6 रन ही बना सके।

भारत ने 20 ओवर के बाद पांच विकेट गंवाकर 179 रन बनाए। भारतीय टीम ने पार्नेल के अंतिम ओवर में कुल 12 रन जोड़े। हार्दिक पांड्या 31 और अक्षर 5 रन बनाकर नाबाद रहे।

दक्षिण अफ्रीक की ओर से ड्वेन प्रिटोरियस ने दो विकेट लिया जबकि रबाडा, शम्सी और केशव महाराज ने एक-एक भारतीय खिलाड़ी को पवेलियन की राह दिखाई।

भारत ने इस जीत के साथ ही सीरीज में अपनी चुनौती को बरकरार रखा है। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका की टीम 2-1 से सीरीज में बढ़त बनाए हुए है। भारत को सीरीज पर कब्जा करने के लिए आगामी दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करनी होगी।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा T20I मैच राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 17 जून को खेला जाएगा।