IND vs AFG, तीसरा वनडे: रोहित-यशस्वी की धमाकेदार पारी की बदौलत भारत ने अफगानिस्तान को दी करारी शिकस्त

भारत ने तीसरे वनडे में अफगानिस्तान को एकतरफा अंदाज में हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी और रोहित शर्मा-यशस्वी जायसवाल की दमदार बल्लेबाजी ने टीम इंडिया की जीत आसान बना दी।

चेन्नई में शनिवार को खेले गए भारत और अफगानिस्तान के बीच तीसरे वनडे मुकाबले में अफगानिस्तान ने खराब शुरुआत के बावजूद 44.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 218 रन बनाए। 

कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने शानदार शतकीय पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। वहीं भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने रहमत शाह (5) और इब्राहिम जादरान (11) को आउट कर अफगानिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दीं।

दरविश रसूली भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और सस्ते में आउट हो गए। पावरप्ले के भीतर ही अफगानिस्तान ने चार अहम विकेट गंवा दिए, जिससे टीम दबाव में आ गई।

एक छोर से लगातार विकेट गिरने के बीच कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि, उनकी पारी धीमी रही और उन्होंने काफी डॉट गेंदें खेलीं, लेकिन मुश्किल परिस्थिति में उनका विकेट पर टिके रहना टीम के लिए बेहद अहम साबित हुआ।

शाहिदी ने 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। अपनी इस पारी में उन्होंने 13 चौके और 1 छक्का लगाया। उनकी बदौलत अफगानिस्तान 200 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रहा और 45वें ओवर तक बल्लेबाजी कर सका।

भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने पावरप्ले में चार विकेट निकालकर अफगानिस्तान की कमर तोड़ दी और बाद में एक और विकेट लेकर अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया।

भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए धमाकेदार शुरुआत की। भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। पहले ही ओवर में भारत ने 23 रन बटोर लिए, जिससे टीम ने अपने इरादे साफ कर दिए।

पावरप्ले में भारतीय बल्लेबाजों ने पूरी तरह अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। पांच ओवर के बाद भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 42 रन था। 

इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने रनगति को और तेज किया। रोहित और यशस्वी ने बड़े शॉट्स लगाते हुए स्कोरबोर्ड को तेजी से आगे बढ़ाया। आठ ओवर के बाद भारत बिना विकेट गंवाए 75 रन तक पहुंच गया। इस दौरान यशस्वी जायसवाल शानदार लय में दिखे और उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अपनी पारी में उन्होंने सात चौके और एक छक्का लगाया।

भारतीय टीम ने 13वें ओवर में 100 रन का आंकड़ा भी पार कर लिया। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल के बीच मजबूत साझेदारी ने भारत को मैच में पूरी तरह नियंत्रण में ला दिया। यशस्वी अर्धशतक के बाद भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखे हुए थे, जबकि रोहित भी अपने अर्धशतक के करीब पहुंच चुके थे।

रोहित शर्मा ने भी ज्यादा देर नहीं लगाई और 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर राशिद खान के खिलाफ चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 123 रन था और दोनों बल्लेबाज शानदार लय में नजर आ रहे थे।

21वें ओवर में भारत ने 150 रन पूरे कर लिए। रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने अफगानिस्तान के गेंदबाजी आक्रमण को पूरी तरह बेअसर कर दिया। दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन बल्लेबाजी से भारत आसान जीत की ओर बढ़ता दिखा।

अफगानिस्तान को आखिरकार 23वें ओवर में पहली सफलता मिली। मोहम्मद नबी की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में रोहित शर्मा मिडविकेट पर कैच आउट हो गए। रोहित ने 69 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

वहीं, भारत ने 28.4 ओवर में एक विकेट खोते हुए 224 रन बनाकर बड़ी आसानी से यह जीत अपने नाम कर ली। 

यशस्वी जायसवाल ने अपना शतक भी पूरा किया, उन्होंने इस मैच में 86 गेंदों में 110 रनों की पारी खेली। इसी के साथ टीम इंडिया ने इस मुकाबले को भी 9 विकेट से अपने नाम कर लिया है। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को इस सीरीज में क्लीन स्वीप भी कर दिया।