INDvNZ तीसरा T20 मैच: कप्तान सूर्यकुमार और अभिषेक की तूफानी अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड को 8 विकेट से हराया

भारतीय क्रिकेट टीम ने रविवार को खेले गए तीसरे T20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में न्यूजीलैंड को 8 विकेट से करारी शिकस्त देकर 5 मैचों की सीरीज़ में अजेय बढ़त बना ली। 

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत महज 10 ओवर में दो विकेट खोकर 154 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 20 ओवर में 153/9 रन पर रोक दिया। कीवी बल्लेबाज़ों ने संभलकर शुरुआत की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाकर उन्हें बड़े स्कोर से दूर रखा। वहीं, तेज़ गेंदबाज़ों की सटीक लाइन-लेंथ और स्पिनरों की कसी हुई गेंदबाजी ने न्यूज़ीलैंड की रन गति पर भी लगाम लगाए रखी।

न्यूजीलैंड ने पहले ओवर में ही विकेट गंवा दिया। हर्षित राणा ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने डेवोन कॉनवे (1) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद रचिन रवींद्र (4) और टिम सिफर्ट (12) भी पवेलियन लौट गए। 

ग्लेन फिलिप्स और मार्क चैपमैन ने पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन मार्क भी ग्लेन का साथ ज्यादा देर तक नहीं दे सके। मार्क ने दो चौके और दो छक्के की मदद से 32 रनों का योगदान दिया, जबकि डेरिल मिचेल ने 12 रन बनाए। 

न्यूजीलैंड के लिए सर्वाधिक रन ग्लेन फिलिप्स ने बनाए। उन्होंने छह चौके और एक छक्के की मदद से 40 गेंदों में 48 रन बनाए।

भारतीय गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट झटकते हुए सबसे शानदार प्रदर्शन किया। रवि बिश्नोई, हार्दिक पांड्या ने दो-दो विकेट झटके। वहीं हर्षित राणा ने 1 विकेट चटकाया। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड के गेंदबाज़ों पर दबाव बना दिया। दोनों बल्लेबाज़ों ने रनरेट को लगातार ऊंचा बनाए रखा और भारत ने मात्र 10 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

भारत के लिए अभिषेक ने सात चौके और पांच छक्के की मदद से 20 गेंदों में 68* रन बनाए, जबकि सूर्यकुमार ने छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 26 गेंदों में 57* रन जोड़े।

इस जीत के साथ भारत ने सीरीज़ में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली। घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय टीम का यह प्रदर्शन T20 वर्ल्ड कप से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा।

न्यूज़ीलैंड के खिलाफ भारत इस सीरीज का चौथा मैच 28 जनवरी को खेलेगा।

IND vs NZ तीसरे T20 मैच का संक्षिप्त स्कोर:

भारत ने न्यूज़ीलैंड को 8 विकेट से हराया

न्यूज़ीलैंड 153/9 (20 ओवर): ग्लेन फिलिप्स-47; जसप्रीत बुमराह 3/17

भारत 155/2 (10 ओवर): अभिषेक शर्मा-68*, सूर्यकुमार यादव-57*; मैट हेनरी-1/28