भारत बनाम न्यूजीलैंड चौथा टी20: भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 रनों से मिली हार
भारतीय क्रिकेट टीम को बुधवार को विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
टॉस जीतकर भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो अंत में गलत साबित हुआ। न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 215 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में भारतीय टीम 18.4 ओवरों में सिर्फ 165 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इस जीत से न्यूजीलैंड ने सीरीज में वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन भारत शुरुआती 3 मैच जीतकर पहले ही सीरीज को अपने नाम कर चुका है और 3-1 से आगे है।
न्यूजीलैंड की पारी की शुरुआत शानदार रही। ओपनर टिम सेफर्ट और डेवॉन कॉनवे ने पावरप्ले में बिना विकेट खोए 71 रन बना दिए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की। कॉनवे ने 23 गेंदों पर 44 रन बनाए (4 चौके और 3 छक्के), जबकि सेफर्ट ने 36 गेंदों में 62 रन की पारी खेली (7 चौके और 3 छक्के)।
सेफर्ट की पारी आक्रामक थी, उन्होंने 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। कुलदीप यादव ने 8.2 ओवर में कॉनवे को रिंकू सिंह के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद रचिन रविंद्रा (2) जल्दी आउट हो गए, लेकिन ग्लेन फिलिप्स (24 रन, 16 गेंद) और मार्क चैपमैन (9) ने पारी को संभाला। अंतिम ओवरों में डेरिल मिचेल ने नाबाद 39 रन बनाकर स्कोर को 215 तक पहुंचाया। मिचेल सैंटनर (11) और जैक फाउल्क्स (13) ने भी अहम योगदान दिया।
भारत की गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 33 रन देकर 2 विकेट लिए। कुलदीप यादव ने भी 39 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि जसप्रीत बुमराह (1/38), रवि बिश्नोई (1/49) और हर्षित राणा (0/54) महंगे साबित हुए।
216 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) मैट हेनरी की गेंद पर आउट हो गए। सूर्यकुमार यादव (8) भी जल्दी पवेलियन लौट गए। संजू सैमसन ने 15 गेंदों पर 24 रन बनाकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन मिचेल सैंटनर की गेंद पर बोल्ड हो गए।
हार्दिक पांड्या (2) भी सैंटनर का शिकार बन गए। रिंकू सिंह ने 30 गेंदों में 39 रन ही जोड़ सके और फाउल्क्स की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।
मैच में कमबैक की उम्मीद शिवम दुबे ने जगाई। दुबे ने 23 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 65 रनों की विस्फोटक पारी खेली। लेकिन उनके रनआउट के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। अंतिम बल्लेबाजों में हर्षित राणा (9), रवि बिश्नोई (10 नाबाद) और अन्य खिलाड़ियों ने कुछ रन बटोरने की कोशिश जरूर की, लेकिन टीम 165 रनों पर ही सिमट गई।
न्यूजीलैंड की गेंदबाजों में कप्तान मिचेल सैंटनर ने 3 विकेट झटके। वहीं, इश सोढ़ी और जैकब डफी ने भी 2-2 विकेट लिए। मैट हेनरी और जैक फाउल्क्स ने 1-1 विकेट चटकाया।
भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच इस सीरीज आखिरी मुकाबला 31 जनवरी को खेला जाएगा।
भारत बनाम न्यूजीलैंड चौथा T20 मैच का संक्षिप्त स्कोर
न्यूजीलैंड- 20 ओवर में 215/7, (टिम सिफर्ट 62; अर्शदीप सिंह 2/33)
भारत- 18.4 ओवर में 165/10, (शिवम दुबे 65; मिचेल सैंटनर 3/26)