सूर्यकुमार के शतकीय पारी की बदौलत भारत ने श्रीलंका को दी शिकस्त, सीरीज पर 2-1 से किया कब्जा

भारत और श्रीलंका के बीच तीन T20I मैचों की सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव के शानदार शतकीय पारी की बदौलत श्रीलंका को 91 रनों से करारी शिकस्त दी और इसके साथ भारत ने इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया।

भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जहां भारतीय टीम की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 51 गेंदों पर 112 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली।

इस मुकाबले में भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया था। लेकिन श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने भानुका राजपक्षे की जगह अविष्का फर्नांडो को टीम में शामिल किया था।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए। वहीं, श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे 16.4 ओवर में 137 रनों पर ही ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने 3 विकेट झटके और हार्दिक पांड्या, युजवेंद्र और उमरान ने दो-दो विकेट लिए।

भारत की पारी पर एक नजर

शुभमन गिल और ईशान किशन ने भारतीय पारी की शुरुआत की, लेकिन पहले ओवर में ही ईशान के रूप में भारत को पहला झटका लगा। श्रीलंकाई गेंदबाज दिलशान मदुशंका की गेंद पर धनंजय डी सिल्वा को कैच थमा बैठे।

इसके बाद शुभमन गिल और राहुल त्रिपाठी ने पारी को संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए तेजी से रन बनाने शुरू किए। राहुल त्रिपाठी ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन ज्यादा देर तक मैदान पर नहीं टिक पाए और चमिका करुणारत्ने की गेंद पर दिलशान मदुशंका ने उन्हें कैच आउट किया। राहुल ने 16 गेंदों पर 35 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के जड़े।

राहुल के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने उतरे। इसके बाद भारत को तीसरा झटका गिल के रूप में लगा। गिल को वनिंदु हसरंगा ने आउट कर दिया। गिल ने 36 गेंदों पर 46 रन बनाए, जिसमें 3 छक्के और 2 चौके शामिल रहे।

सूर्यकुमार और शुभमन ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान हार्दिक पांड्या (4) और दीपक हुड्डा का बल्ला नहीं चला। कसुन रजिथा की गेंद पर धनंजय डी सिल्वा ने हार्दिक का कैच लपका। मदुशंका की गेंद पर हसरंगा ने दीपक का कैच लिया।

सूर्यकुमार यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए रनों की बौछार की। उन्होंने 9 छक्के और 7 चौके की मदद से 51 गेंदों पर 112 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, अक्षर पटेल 21 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका की पारी

229 रनों का पीछा करने उतरी श्रीलंका टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और लगातार 3 विकेट गंवाए। 5वें ओवर में भारत को पहली सफलता अक्षर पटेल ने दिलाई। उन्होंने कुशल मेंडिस को आउट किया। मेंडिस ने 15 गेंदों पर 23 रन बनाए।

इसके बाद अर्शदीप सिंह ने पथुम निसांका को शिवम मावी के हाथों कैच आउट कराया। निसांका ने 3 चौकों के साथ 17 गेंदों पर 15 रन बनाए। श्रीलंकाई टीम को तीसरा झटका अविष्का फर्नांडो के रूप में लगा।

पांड्या ने अविष्का को अर्शदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया। तीन विकेट गंवाने के बाद श्रीलंका की पारी लड़खड़ाती हुई नजर आने लगी। जहां एक ओर धनंजय डी सिल्वा और चरिथ असालंका ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए पारी को आगे बढ़ रहे थे कि श्रीलंका को चौथा झटका युजवेंद्र चहल ने असलंका के रूप में दिया।

असलंका ने 14 गेंदों पर 19 रन बनाए। एक बार फिर चहल ने शानदार गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका का एक और विकेट चटकाया। उन्होंने धनंजय डी सिल्वा को शुभमन गिल के हाथों कैच कराया। धनंजय ने 14 गेंदों पर 22 रन बनाए।

इसके बाद मलिक ने हसरंगा (9) को पवेलियन भेजा। 7वां झटका पांड्या ने चमिका करुणारत्ने को एलबीडब्ल्यू कर दिया। उमरान मलिक ने लंकाई टीम को आठवां झटका दिया। उन्होंने महीश तीक्षणा को आउट किया। श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका को अर्शदीप ने आउट किया। शनाका छक्का जड़ने की कोशिश में अक्षर पटेल को कैच थमा बैठे। उन्होंने 17 गेंदों पर 23 रन बनाए।

इस तरह श्रीलंका की पूरी टीम भारतीय गेंदबाजों के आगे पस्त नजर आई और भारत ने इस सीरीज को 2-1 से अपने नाम कर लिया।