एमआई ने जीटी के खिलाफ दर्ज की जबरदस्त जीत, तिलक वर्मा और अश्विनी कुमार ने किया दमदार प्रदर्शन

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 सीजन के अपने छठे मुकाबले में वापसी करते हुए गुजरात टाइटन्स को 99 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीटी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

तिलक वर्मा के दमदार शतक की बदौलत हमारी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 199 रनों का स्कोर बनाया। वहीं, अश्विनी कुमार ने 4/24 के गेंदबाजी आंकड़े दर्ज किए।

इसके जवाब में जीटी लक्ष्य को पूरा नहीं कर सकी और 15.5 ओवर में 100 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। जीटी के लिए किसी भी खिलाड़ी ने बड़ी पारी नहीं खेली।

एमआई की पारी की शुरुआत खास नहीं रही और सलामी क्विंटन डी कॉक और दानिश मालेवर क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सके। डी कॉक 12 रन और मालेवर 2 रन बनाकर कगिसो रबाडा का शिकार बने।

इसके बाद नमन धीर ने पारी को संभाला और महत्वपूर्ण रन बनाए। भले ही वह अर्धशतक से चूक गए, लेकिन उनके रनों की रफ्तार ने पारी को आगे बढ़ाया।

वहीं, सूर्यकुमार यादव ज्यादा देर नमन का साथ नहीं दे सके और 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद तिलक वर्मा बल्लेबाजी करने उतरे और शानदार शतकीय पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की।

चौथे विकेट के लिए नमन और तिलक के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। नमन ने छह चौके और एक छक्के की मदद से 32 गेंदों में 45 रनों का अहम योगदान दिया।

इसके बाद तिलक और हार्दिक पांड्या ने पारी को आगे बढ़ाया और तिलक ने तूफानी प्रदर्शन करते हुए चौके और छक्कों की बारिश कर दी। तिलक ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। 

19वें ओवर में हार्दिक को मोहम्मद सिराज ने आउट किया। हमारे कप्तान हार्दिक ने 15 रन बनाए।

वहीं, तिलक की शतकीय पारी के दम पर एमआई ने 20 ओवर में जीटी को 200 रनों का लक्ष्य दिया। तिलक ने आठ चौके और सात छक्कों के मदद से 45 गेंदों में 101 रनों की नाबाद पारी खेली। 

गुजरात टाइटन्स की शुरुआत खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन (0) आउट कर दिया। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने जोस बटलर को पवेलियन भेजकर दूसरा झटका दिया।

शुरुआती दबाव के बाद शुभमन गिल और वाशिंगटन सुंदर ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन रन बनाने की रफ्तार धीमी रही। गिल 14 रन बनाकर अश्विनी कुमार का शिकार बने।

इसके बाद मिचेल सैंटनर ने दो विकेट लेकर गुजरात को 55/5 पर पहुंचा दिया। वाशिंगटन ने 26 रनों की पारी खेली।

अश्विनी कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए राहुल तेवतिया, राशिद खान और शाहरुख खान के विकेट लेकर मैच पूरी तरह एमआई के पक्ष में कर दिया। 

इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने मुकाबले पर पूरी तरह अपनी पकड़ बना ली और जीत हासिल की। 

अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 23 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा।

जीटी बनाम एमआई मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर

एमआई: 20 ओवर में 199/5; तिलक वर्मा 101*, कगिसो रबाडा 3/33

जीटी: 15.5 ओवर में 100/10; वाशिंगटन सुंदर 26, अश्विनी कुमार 4/24