एमआई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में 8 विकेट से मिली हार, नमन धीर ने जड़ा अर्धशतक

मुंबई इंडियंस को शनिवार को आईपीएल 2026 सीजन के अपने 9वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स से हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में सीएसके ने एमआई को आठ विकेट से हराया।

एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए एमआई बनाम सीएसके मुकाबले में कप्तान हार्दिक पांंड्या ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

नमन धीर की अर्धशतकीय पारी की मदद से एमआई ने 20 ओवर में 159/7 का स्कोर बनाया। इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 18.1 ओवर में 160 रन बनाकर लक्ष्य पूरा किया।

एमआई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ओवर में ही सलामी बल्लेबाज विल जैक्स पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद रयान रिकेल्टन और नमन धीर ने मोर्चा संभाला और महत्वपूर्ण रन बनाए।

दोनों के बीच 58 रनों की पार्टनरशिप हुई। इस पारी में रयान ने 24 गेंदों में 37 रनों का योगदान दिया, जिसमें पांच छक्के भी शामिल रहे। इसके बाद नमन ने सूर्यकुमार यादव के साथ पारी को बढ़ाने की कोशिश की। दोनों के बीच अहम साझेदारी पनप ही रही थी कि मुंबई को एक और बड़ा झटका लगा।

सूर्यकुमार ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 12 गेंदों में 21 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे तिलक वर्मा कुछ खास नहीं कर सके और पांच रन बनाकर आउट हो गए।

नमन ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन इसके बाद ही जैमी ओवरटन का शिकार बन गए। नमन ने चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 37 गेंदों में 57 रनों का योगदान दिया।

इसी के साथ मुंबई की आधी टीम पवेलियन लौट गई और इसके बाद किसी भी खिलाड़ी ने बड़ा स्कोर नहीं बनाया। कप्तान हार्दिक ने 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रॉबिन मिंज ने पांच रन बनाए।

मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवरों में चेन्नई सुपर किंग्स को 160 रनों का लक्ष्य दिया।

160 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएसके को जसप्रीत बुमराह ने पहला झटका दूसरे ओवर में ही दिया। जसप्रीत ने सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को अपना शिकार बनाया। संंजू 11 रन ही बना सके।

इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और उर्विल पटेल ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और पारी को मजबूत किया। लेकिन  एएम गजनफर ने इस साझेदारी को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया और छठे ओवर में उर्विल को आउट किया।

उर्विल ने दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की। इसके बाद कार्तिक शर्मा ने भी बल्ले का जादू चलाया और महत्वपूर्ण रनों का योगदान देते हुए चेन्नई को जीत के काफी करीब पहुंचा दिया।

इसके बाद एक ओर से ऋतुराज और दूसरी ओर से कार्तिक ने बड़े शॉट्स लगाकर रन बटोरे। गायकवाड़ ने 34 गेंदों में और कार्तिक ने 39 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। कार्तिक ने चौके के साथ लक्ष्य को पूरा किया और सीएसके को आठ विकेट से जीत दिलाई।

नाबाद पारी खेलते हुए गायकवाड़ ने पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 48 गेंदों में 67 रन बनाए, जबकि कार्तिक ने चार चौके और तीन छक्के की मदद से 40 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए।

अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 4 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा।

एमआई बनाम सीएसके मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर

एमआई: 20 ओवर में 159/7; नमन धीर 57, अंशुल कंबोज 3/32

सीएसके: 18.1 ओवर में 160/2; ऋतुराज गायकवाड़ 67*, जसप्रीत बुमराह 1/20