MIvLSG: रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने खेली शानदार पारी, मुंबई इंडियंस को दिलाई जीत
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 सीजन के अपने 10वें मैच में शानदार जीत दर्ज की। एमआई ने सोमवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया।
कप्तान हार्दिक पांंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रोहित और रयान की आतिशी पारी की बदौलत मुंबई ने 18.4 ओवर में लक्ष्य को पूरा किया और जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी ने निकोलस पूरन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 228/5 का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई के लिए सलामी बल्लेबाज रयान रिकेल्टन और रोहित शर्मा ने शानदार शुरुआत दिलाई। रयान और रोहित ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए चौके और छक्कों की मदद से तेजी से रन बनाए।
रयान ने महज 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जबकि रोहित ने 27 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। रोहित और रयान ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा और बिना विकेट गंवाए मुंबई के स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया।
पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 143 रनों की साझेदारी हुई। रयान ने तूफानी पारी खेलते हुए 6 चौके और 8 छक्कों की मदद से 32 गेंदों में 83 रन बनाए।
14वें ओवर में एमआई को दूसरा झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा। रोहित ने जबरदस्त अर्धशतकीय पारी खेली और 44 गेंदों में 84 रनों का योगदान दिया। इस पारी में उन्होंने 6 चौके और 7 छक्के जड़े।
तिलक वर्मा 11 रन और सूर्यकुमार यादव ने 12 रन बनाए। इसके बाद नमन धीर और विल जैक्स ने अहम रन बनाए और टीम को 6 विकेट से जीत दिलाई। नमन ने नाबाद पारी खेलते हुए 12 गेंदों में 23 रनों का योगदान दिया, जबकि विल ने नाबाद दस रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और मुंबई इंडियंस को पहली सफलता तीसरे ओवर में एएम गजनफर ने दिलाई। जोस इंग्लिश 13 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद मिचेल मार्श और निकोलस पूरन ने पारी की रफ्तार बढ़ाई और तेजी से रन बनाए।
दूसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 94 रनों की साझेदारी हुई। कॉर्बिन बॉश ने 9वें ओवर में लखनऊ के दो अहम विकेट चटकाए। पहले उन्होंने निकोलस और उसके बाद मिचेल मार्श को अपना शिकार बनाया।
निकोलस ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए एक चौके और 8 छक्कों की मदद से 21 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली, जबकि मिचेल ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे ऋषभ पंत के बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले और 15 रन बनाकर विल जैक्स का शिकार बने। इसके अलावा अक्षत रघुवंशी ने 11 रन बनाए।
160 के स्कोर पर एलएसजी की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। इसके बाद एडेन मारक्रम और हिम्मत सिंह ने पारी को आगे बढ़ाया। एडेन और हिम्मत ने नाबाद रहते हुए 20 ओवर में टीम को 228 के स्कोर तक पहुंचाया। मारक्रम ने 25 गेंदों में 31 रन और हिम्मत ने 31 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। इसी के साथ एलएसजी ने मुंबई इंडियंस को 229 का लक्ष्य दिया।
कॉर्बिन बॉश ने दो विकेट हासिल किए। वहीं, एमएम गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा ने एक-एक विकेट लिए।
अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होगा।
एमआई बनाम एलएसजी मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर
एलएसजी: 20 ओवर में 228/5; निकोलस पूरन 63, कॉर्बिन बॉश 2/20
एमआई: 18.4 ओवर में 229/4; रोहित शर्मा 84, एम सिद्धार्थ 2/47