WPL के लिए ल्यूक विलियम्स बने मुंबई इंडियंस के हेड कोच

मुंबई इंडियंस, 24 सितंबर: मुंबई इंडियंस ने लिसा कीटली की जगह टीम के हेड कोच के रूप में ल्यूक विलियम्स को नियुक्त किया है। वह 2027 महिला प्रीमियर लीग (WPL) सीजन से टीम की जिम्मेदारी संभालेंगे।

श्रीमती नीता एम. अंबानी ने कहा, “हम मुंबई इंडियंस परिवार में ल्यूक विलियम्स का स्वागत करते हुए बेहद खुश हैं। ल्यूक एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और अपने साथ वूमेंस क्रिकेट का अनुभव, खेल की गहरी समझ और खिलाड़ियों के विकास की जिम्मेदारी संभालेंगे।

हमारी लड़कियों ने WPL में शानदार पहचान बनाई है। मुझे भरोसा है कि ल्यूक के मार्गदर्शन और हरमन के नेतृत्व में टीम आगे भी अच्छा प्रदर्शन करेगी और नई उपलब्धियां हासिल करेगी। साथ ही साथ युवा लड़कियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी। इस नई शुरुआत के लिए मैं ल्यूक और पूरी टीम को शुभकामनाएं देती हूं।

मैं मुंबई इंडियंस के लिए लिसा कीटली के योगदान के लिए उनका भी धन्यवाद करना चाहती हूं और उनके भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देती हूं।”

दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के लिए फर्स्ट-क्लास क्रिकेट खेल चुके ल्यूक विलियम्स के पास महिला क्रिकेट में शानदार अनुभव है। वे दुनिया की तीन प्रमुख प्रतियोगिताओं में खिताब जीतने वाली टीमों का हिस्सा रहे हैं। इनमें ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग (2022, 2023), इंग्लैंड की द हंड्रेड (2023 में असिस्टेंट कोच) और भारत की WPL (2024) शामिल हैं।

हेड कोच ल्यूक विलियम्स ने कहा, “मुंबई इंडियंस जैसी सम्मानित और सफल संस्था से जुड़कर मैं बेहद उत्साहित हूं। मैं खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के इस प्रतिभाशाली समूह के साथ काम करने के लिए भी उत्सुक हूं। 

हमारे पास मिलकर कुछ खास बनाने, रोमांचक क्रिकेट खेलने और सफलता के लिए प्रतिस्पर्धा करने का शानदार अवसर है। मैं इस चुनौती के लिए तैयार हूं और अपने फैंस को गर्व करने के कई मौके देने का इंतजार कर रहा हूं।”

ग्रेड क्रिकेट में तीन बार ब्रैडमैन मेडल जीत चुके विलियम्स ने 2005/06, 2007/08 और 2009/10 सीजन में यह सम्मान हासिल किया था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में दो दशकों तक कोचिंग की है। 2025 से वह इंग्लैंड महिला टीम के असिस्टेंट कोच के रूप में भी काम कर रहे हैं।

मुंबई इंडियंस ने WPL के अब तक हुए चार सीजन में से दो बार खिताब जीता है, जिसमें 2023 और 2025 की ट्रॉफी शामिल हैं। दोनों खिताब हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में आए।