GG vs MI: हरमनप्रीत कौर की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हराया

वूमेंस प्रीमियर लीग 2024 के 16वें मैच में मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस टीम अंक तालिका में 10 प्वाइंट्स के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई है।

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात जांयट्स ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 190 रन बनाए। बेथी मून (66) और दयालन हेमालथा (74) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर मुंबई को 191 रनों का लक्ष्य दिया।

इसके जवाब में हरमनप्रीत कौर और यास्तिका भाटिया के बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने 19.5 ओवरों में 3 विकेट खोकर 191 रन बनाकर अपनी पांचवी जीत हासिल की।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की तरफ से यास्तिका भाटिया और हेले मैथ्यूज ने पारी की अच्छी शुरुआत की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में मदद की। हेले (18) ने पहले विकेट के लिए यास्तिका भाटिया के साथ अर्धशतकीय साझेदारी की। नेटली साइवर-ब्रंट (2) खास कमाल नहीं दिखा सकीं।

यास्तिका भाटिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 36 गेदों में 49 रनों का अहम योगदान दिया। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत ने नाबाद रहते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 95* रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।

हरमनप्रीत की दमदार बल्लेबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने जीत हासिल की। इसके अलावा अमेलिया केर ने 12 रनों का योगदान दिया। 19.5 ओवरों में मुंबई इंडियंस ने 3 विकेट खोकर 191 रनों का लक्ष्य पूरा किया।

सायका इशाक ने दो विकेट अपने नाम किए। वहीं, हेले मैथ्यूज, शबनीम इस्माइल, पूजा वस्त्राकर और सजीवन सजना ने एक-एक विकेट लिए।

मुंबई इंडियंस टीम महिला प्रीमियर लीग 2024 में अब अपना अगला मुकाबला रॉयल चैंलेजर्स के खिलाफ शनिवार,12 मार्च को खेलेगी, जो दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से शुरू होगा।

संक्षिप्त स्कोर कार्ड

मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराया

मुंबई इंडियंस: 19.5 ओवर में 191/3; हरमनप्रीत कौर 95* (48), तनुजा कंवर 1/21

गुजरात जांयट्स: 20 ओवर में 190/7; दयालन हेमालथा 74 (40), सायका इशाक 2/31