मुंबई इंडियंस ने महेला जयवर्धने को दी भावपूर्ण विदाई
मुंबई, 17 अक्टूबर 2026: मुंबई इंडियंस ने आज घोषणा करते हुए बताया कि महेला जयवर्धने हेड कोच का पद छोड़ रहे हैं। इसके साथ ही #OneFamily के साथ उनका एक दशक लंबा साथ समाप्त हो गया है।
मुंबई इंडियंस के लिए महेला केवल एक हेड कोच से कहीं बढ़कर रहे हैं। हेड कोच के तौर पर उनके नेतृत्व में मुंबई इंडियंस ने तीन आईपीएल खिताब जीते। 2017 से 2022 तक और फिर 2024 से 2026 तक, अपने दो कार्यकाल के दौरान, उन्होंने फ्रेंचाइजी को आकार देने, टीम में एक मजबूत माहौल बनाने और अनुशासन, तथा 'टीम को सबसे पहले रखने' की सोच को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई।
श्रीमती नीता एम. अंबानी ने कहा: "महेला ने पिछले कुछ सालों में मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनका शांत नेतृत्व, ईमानदारी और खेल के प्रति गहरा लगाव हमारे लिए बहुत मायने रखता है। पूरे एमआई परिवार की ओर से, मैं महेला को उनके इतने बड़े योगदान और अटूट प्रतिबद्धता के लिए धन्यवाद देना चाहती हूं। हमने जो सफर साथ तय किया है और जो यादें एक साथ बनाई हैं, उन्हें हम हमेशा संभालकर रखेंगे। महेला हमेशा हमारे #OneFamily का हिस्सा रहेंगे, और हम उनके आगे के सफर के लिए उन्हें ढेर सारी खुशियां और सफलता की शुभकामनाएं देते हैं।"
महेला जयवर्धने ने कहा: “मुंबई इंडियंस एक दशक से भी ज्यादा समय से मेरे सफर का एक बहुत ही खास हिस्सा रही है। खिलाड़ियों, कोचिंग टीम, #OneFamily के शानदार समर्थन और सबसे बढ़कर, प्रशंसकों ने मिलकर इसे एक ऐसा अनुभव बना दिया है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। हमने साथ मिलकर कुछ अविस्मरणीय पल बिताए हैं। हमने चुनौतियों का सामना किया है और कुछ ऐसा बनाया है जिस पर हम सभी को गर्व हो सकता है। मैं श्रीमती नीता अंबानी और आकाश अंबानी को इतने सालों तक मुझ पर अटूट भरोसा जताने, समर्थन देने और दोस्ती निभाने के लिए तहे दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। हमने साथ मिलकर जो हासिल किया है, उस पर मुझे बहुत गर्व है और मेरे दिल में हमेशा एमआई के लिए एक खास जगह रहेगी। मैं आने वाले सालों के लिए टीम को ढेर सारी सफलता की शुभकामनाएं देता हूं।”
साल 2022 में, महेला ने 'ग्लोबल हेड ऑफ परफॉर्मेंस' की जिम्मेदारी संभाली। इस भूमिका में उन्होंने दुनिया भर की लीगों में एमआई फ्रैंचाइजी के विस्तार की देखरेख की और 'वन फैमिली' के भीतर क्रिकेट से जुड़ी एक साझा सोच विकसित करने के लिए कोचिंग टीमों के साथ मिलकर काम किया। इस दौरान, मुंबई इंडियंस वूमेंस, MI न्यूयॉर्क और MI एमिरेट्स - तीनों टीमों ने खिताब जीते, जिससे फ्रैंचाइजी की वैश्विक विरासत और भी मजबूत हुई।