मुंबई इंडियंस ने कीरोन पोलार्ड को बनाया हेड कोच
मुंबई इंडियंस को यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि कीरोन पोलार्ड को हेड कोच के पद पर पदोन्नत किया गया है। इसके साथ ही क्रिकेट में खिलाड़ी से कोच तक के सबसे लंबे और शानदार रिश्ते को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुंबई इंडियंस की सह-मालकिन, श्रीमती नीता एम. अंबानी ने कहा:
पोलार्ड 22 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और पिछले 16 सालों में वह हमारे परिवार का एक अहम हिस्सा बन गए हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने हमें कई यादगार पल दिए और एक कोच के रूप में वह लगातार अपना अनुभव, जुनून और खेल की शानदार समझ हमारे साथ साझा करते रहे हैं। हमें खुशी है कि अब वह हेड कोच के रूप में यह नई जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पोली जानते हैं कि एमआई की जर्सी पहनने का क्या मतलब है और पलटन के लिए खेलने के लिए किस चीज की जरूरत होती है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह इस रोल में भी वैसी ही प्रतिबद्धता, विश्वास और दृढ़ संकल्प लेकर आएंगे। टीम को उनके अगले अध्याय में ले जाते हुए मैं उनके सफल होने की कामना करती हूं।”
पोलार्ड को मुंबई इंडियंस, उसकी संस्कृति और उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की चुनौतियों की असाधारण समझ है। T20 क्रिकेट के विकास का हिस्सा रहे पोलार्ड को खेल के बदलते स्वरूप, रणनीतिक जरूरतों और लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा की समझ है।
मुंबई इंडियंस के साथ एक खिलाड़ी के रूप में और हाल के समय में बैटिंग कोच के रूप में उनका सफर उन्हें फ्रेंचाइजी की सफलता को समझने का एक अनोखा दृष्टिकोण प्रदान करता है। साथ ही, यह अनुभव उन्हें टीम का नेतृत्व करने और मुंबई इंडियंस को उसके अगले अध्याय की ओर ले जाने के लिए एक मजबूत आधार देता है।
मुंबई इंडियंस के हेड कोच कीरोन पोलार्ड ने कहा:
मुंबई इंडियंस के हेड कोच की भूमिका संभालना मेरे लिए गर्व की बात है। एमआई मेरे जीवन और करियर का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहा है। इस टीम, खिलाड़ियों और पलटन के साथ मेरा जो लगाव है, वह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। एक खिलाड़ी और फिर एक कोच के तौर पर इस सफर का हिस्सा रहने के कारण मैं समझता हूं कि मुंबई इंडियंस किस बात का प्रतीक है और ब्लू एंड गोल्ड का प्रतिनिधित्व करने के साथ कितनी बड़ी जिम्मेदारी आती है।
मैं श्रीमती नीता अंबानी, आकाश अंबानी और पूरे MI परिवार का मुझ पर भरोसा जताने के लिए आभारी हूं। मैं खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर काम करने, टीम की विरासत को आगे बढ़ाने, हमारी प्रतिभाओं को निखारने और पलटन को जश्न मनाने के और भी कई मौके देने के लिए उत्सुक हूं।
पोलार्ड की नियुक्ति मुंबई इंडियंस की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इसके तहत टीम अपनी विरासत को आगे बढ़ाने के साथ-साथ प्रतिभाओं को निखारने, अपनी संस्कृति को और मजबूत करने, मैदान के अंदर और बाहर उत्कृष्टता हासिल करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उनका नेतृत्व मुंबई इंडियंस के सबसे सफल वर्षों का हिस्सा रहने के अनुभव पर आधारित होगा। इसके साथ ही टीम के भविष्य को आकार देने और उसके अगले अध्याय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की महत्वाकांक्षा भी उनके नेतृत्व का अहम हिस्सा होगी।