नाइकी और मुंबई इंडियंस ने मल्टी-ईयर किट पार्टनरशिप का किया ऐलान
वैश्विक क्रिकेट की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक मुंबई इंडियंस और नाइकी ने आज मल्टी- ईयर पार्टनरशिप का ऐलान किया है। इस साझेदारी के तहत नाइकी भारत में मुंबई इंडियंस की मेंस और वूमेंस दोनों टीमों का आधिकारिक किट पार्टनर बन गया। यह साझेदारी 2027 सीजन से शुरू होगी।
यह साझेदारी मुंबई के जज्बे, जुनून और कभी न खत्म होने वाले जोश को वैश्विक खेल जगत के एक प्रमुख ब्रांड के साथ जोड़ती है। इसके साथ ही टीम, उनके खिलाड़ियों और जोशीले पपलटन फैन कम्युनिटी के लिए एक नए और शानदार अध्याय की शुरुआत होगी।
यह घोषणा क्रिकेट में नाइकी के निरंतर निवेश की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो खिलाड़ियों, फैंस और भारत में खेलों के भविष्य के प्रति ब्रांड की लंंबे समय तक साथा निभाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
नाइकी दोनों टीमों को, उनके कोचों और टेक्निकल स्टाफ सहित मैच, ट्रेनिंग और स्पोर्ट्सवियर के लिए कपड़े उपलब्ध कराएगा। इस तरह यह ब्रांड अपने शानदार और नए तरह के कपड़े खिलाड़ियों और उन लाखों फैंंस तक पहुंचाएगा, जो मुंबई इंडियंस के नीले और सुनहरे रंगों को गर्व के साथ पहनते हैं।
नाइकी इंडिया के जनरल मैनेजर तरुणदीप सिंह कहते हैं, "क्रिकेट भारत की धड़कन में बसा है, और मुंबई इंडियंस जैसी कुछ ही टीमें इसकी ऊर्जा को इतनी बखूबी से दर्शाती हैं। यह क्लब उस महत्वाकांक्षा और भरोसे का प्रतीक है जो खेल को प्रभावशाली बनाता है। यही वह बात है जिसने नाइकी को इस पार्टनरशिप के लिए प्रेरित किया। यह पार्टनरशिप एथलीटों को सहयोग देने, खेल का जश्न मनाने और आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करने की हमारी कोशिश को दर्शाती है।"
मुंबई इंडियंस ने महिला और पुरुष क्रिकेट में प्रतिभा की पहचान करने, काबिलियत को समर्थन देने और उत्कृष्टता हासिल करने की एक विरासत बनाई है। साथ ही उन्होंने दुनिया के सबसे बड़े और सबसे सक्रिय फैंस कम्युनिटी में से एक का निर्माण किया है। नाइकी और मुंबई इंडियंस का यह मानना है कि खेल में मानवीय क्षमता को उजागर करने और अगली पीढ़ी को प्रेरित करने की ताकत होती है। चाहे बात सबसे उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की हो या फिर पहली बार बल्ला थामने की।
खेल के मैदान से परे नाइकी और मुंबई इंडियंस मुंबई की पहचान से प्रेरित उत्पादों और कहानियों के जरिए खेल और संस्कृति को जोड़ेंगे। स्टेडियम से लेकर सड़कों तक, यह साझेदारी शहर की पहचान का जश्न मनाएगी और फैंस को टीम व खेल के साथ अपने जुड़ाव को जाहिर करने के नए तरीके देगी।
रिलायंस स्पोर्ट्स के हेड देवांग भीमज्यानी ने कहा, "मुंबई इंडियंस के लिए क्रिकेट से कहीं बढ़कर बहुत कुछ है। हम एक परिवार हैं, हमारे खिलाड़ी और हमारी पलटन, जो प्रतिभा को निखारने, उसे निडर होकर समर्थन देने और कभी न रुकने वाले शहर के लिए खेलने की नींव पर बनी है। नाइकी भी एथलीटों और लोगों को प्रेरित करने की खेल की ताकत में हमारी तरह ही भरोसा रखता है। हम साथ मिलकर क्रिकेट और संस्कृति को जोड़ने, अगली पीढ़ी को प्रेरित करने, और एमआई व मुंबई की भावना को दुनिया भर के फैंस तक पहुंचाने का एक अवसर देखते हैं।"
खिलाड़ी और स्टाफ इसी महीने से नाइकी की टीम किट पहनना शुरू करेंगे। वहीं, महिला और पुरुष टीमें अपने-अपने 2027 सीजन से पहले नाइकी की नई किट का अनावरण करेंगी। जल्द ही फैंस को नाइकी के परिधानों की नई रेंज देखने और इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा। इसमें टीम की आधिकारिक किट के साथ-साथ मुंबई की पहचान, ऊर्जा और संस्कृति से प्रेरित अन्य डिजाइन भी शामिल होंगे।
नाइकी एथलीट और मुंबई इंडियंस पुरुष टीम के सदस्य तिलक वर्मा ने कहा, मुंबई इंडियंस ने मेरा साथ दिया और मुझे बड़े मंच पर खुद को साबित करने का मौका दिया। नाइकी भी मेरे सफर का हिस्सा रहा है, इसलिए इन दोनों परिवारों को एक साथ लाना मुझे अपनेपन का अहसास कराता है। नाइकी के स्वूश लोगो के साथ MI के रंगों वाली जर्सी पहनकर मुझे याद आएगा कि मैं यहां तक कैसे पहुंचा हूं। और मुझे अभी और क्या-क्या हासिल करना है। कहीं न कहीं, नेट्स में कोई बच्चा होगा जो नीले और सुनहरे रंगों में खेलने का सपना देख रहा होगा। मैं चाहता हूं कि वे हमें देखें और सोचें, ‘शायद एक दिन मैं भी वहां हो सकता हूं।”