“रोहित अलग लेवल के खिलाड़ी, उनके साथ बल्लेबाजी करना शानदार अनुभव है”: रयान रिकेल्टन

मुंबई इंडियंस को पिछले दो हफ्तों की निराशाजनक फॉर्म से उबरने के लिए जिस धमाकेदार शुरुआत की जरूरत थी, वह उन्हें आखिरकार मिल गई। मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वानखेड़े में 10.5 ओवर में 143 रनों की ओपनिंग साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

229 रन के बड़े लक्ष्य का रिकॉर्ड चेज मुंबई ने आसानी से हासिल किया, जिसमें रयान रिकेल्टन (32 गेंदों में 83 रन) और हिटमैन रोहित शर्मा (44 गेंदों में 84 रन) की शानदार पारियां निर्णायक साबित हुईं।

पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिकेल्टन ने रोहित के साथ अपनी पार्टनरशिप को लेकर कहा कि उनकी केमिस्ट्री ही खास है। उन्होंने कहा कि रोहित कुछ समय से टीम से बाहर थे, लेकिन वापसी के बाद जिस तरह से उन्होंने बेफिक्र अंदाज में बल्लेबाजी की, वह काफी अलग और प्रभावशाली है।

रिकेल्टन ने यह भी बताया कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन के तौर पर दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह कॉम्प्लीमेंट करते हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में रन बनाकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाते हैं।

उन्होंने वानखेड़े की पिच की भी तारीफ करते हुए कहा कि यहां बल्लेबाजी करना बेहद सुखद अनुभव रहा और उम्मीद है कि आगे भी ऐसी ही कई शानदार पारियां देखने को मिलेंगी।

मुंबई इंडियंस के लिए यह 10 मैचों में तीसरी जीत रही और पिछले चार मुकाबलों में पहली जीत भी। ऐसे में टीम के लिए जीत की राह पर लौटना बेहद जरूरी था, जिससे पलटन के चेहरे पर फिर से मुस्कान आ सके।

रयान रिकेल्टन भी लगातार करीबी हार के बाद इस जीत से काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि इस तरह के नतीजों का टीम के रूप में खास महत्व होता है और खिलाड़ी इन्हें पूरी तरह एंजॉय करते हैं।

रिकेल्टन ने आगे कहा कि टीम के लिए योगदान देना सबसे अहम है। उनका फोकस हमेशा जीत दिलाने पर रहता है और जब तक वह टीम के लिए अच्छा योगदान दे रहे हैं, तब तक वह अपनी बल्लेबाजी से संतुष्ट हैं।

ओपनिंग में रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला, जहां दोनों बल्लेबाजों ने एक-दूसरे का बेहतरीन साथ निभाते हुए आक्रामक अंदाज में रन बनाए।

रिकेल्टन ने बताया कि बल्लेबाजी के दौरान और प्रैक्टिस में उनकी रोहित के साथ कई अहम बातचीत होती रहती है। उन्होंने कहा कि अपने पहले साल में उन्होंने रोहित से सिर्फ T20 ही नहीं, बल्कि टेस्ट और वनडे बल्लेबाजी के बारे में भी काफी कुछ सीखा है खासकर तकनीक और मानसिकता को लेकर।

रिकेल्टन के मुताबिक, रोहित शर्मा का दबाव संभालने का तरीका, शांत रहना और अपनी क्षमता पर भरोसा रखना उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। 

उन्होंने रोहित को क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक बताया और कहा कि उनके साथ बल्लेबाजी करना एक खास अनुभव है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी उन्हें रोहित शर्मा के साथ ऐसी ही साझेदारी निभाने का मौका मिलता रहेगा।