T20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने पाकिस्तान पर दर्ज की 61 रनों की बड़ी जीत

टीम इंडिया ने रविवार को T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए के अपने तीसरे मैच में चिर- प्रतिद्वंदी पाकिस्तान को 61 रनों से हराया। इस जीत के साथ भारत ग्रुप ए की अंकतालिका में शीर्ष पर रहते हुए सुपर 8 में अपनी जगह बनाई।

श्रीलंका के कोलंबो स्थित आर प्रेमदास क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का न्यौता दिया।

भारतीय क्रिकेट टीम ने ईशान किशन की शानदार पारी की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में 175/7 का स्कोर खड़ा किया।

इसके जवाब में पाकिस्तान लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाया और 18 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को सईम अयूब ने शाहीन शाह के हाथों पहले ही ओवर में कैच आउट किया। लेकिन इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को आगे बढ़ाया और टीम के लिए अहम साझेदारी की।

ईशान ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और दमदार पारी खेलते हुए दूसरे विकेट के लिए 87 रनों की पार्टनरशिप की। उन्होंने दस चौके और तीन छक्के की मदद से 40 गेंदों में 77 रन बनाए।

इसके बाद तिलक का साथ सूर्यकुमार यादव ने दिया और तेजी से रन बनाए। लेकिन यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी और 15वें ओवर में तिलक 24 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए।

हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल बिना खाता खोल आउट हो गए। वहीं, कप्तान सूर्यकुमार तीन चौके की मदद से 29 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिए।

शिवम दुबे ने 27 रन बनाए और रिंकू सिंह 11 रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ भारत ने पाकिस्तान को 176 रनों का लक्ष्य दिया।

पाकिस्तान की शुरुआत बहुत ही खराब रही। शुरुआती ओवरों में ही भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान के विकेट चटकाए। इसी के साथ पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। पाकिस्तान को पहला झटका हार्दिक पांड्या ने दिया और सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान एक भी रन नहीं बना सके।

इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट हासिल किए। सईम अयूब (6) और सलमान आगा (4) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। बाबर आजम पांच रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद उस्मान खान और शादाब खान ने पारी को संभाला। लेकिन 11वें ओवर में अक्षर ने उस्मान को आउट कर दिया। उन्होंने छह चौके और एक छक्के की मदद से 34 गेंदों में 44 रन की अहम पारी खेली।

पाकिस्तान ने पांच विकेट के नुकसान पर 73 रन बनाए और अगले ही ओवर में कुलदीप यादव ने मोहम्मद नवाज (4) को आउट किया। शादाब खान ने 14 रन बनाए।

भारतीय गेंदबाजों ने 18 ओवर में पाकिस्तान की पारी को समेट दिया और 114 रन बनाए।

भारत के लिए हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। वहीं, कुलदीप यादव और तिलक वर्मा ने एक-एक सफलता हासिल की।

संक्षिप्त स्कोर

भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया।

भारत: 20 ओवर में 175/7; ईशान किशन 77, सईम अयूब 3/25

पाकिस्तान: 18 ओवर में 114/10; उस्मान खान 44, हार्दिक पांड्या 2/16