भारत ने T20 वर्ल्ड कप का किया विजयी आगाज, पहले मैच में यूएसए को दी मात

भारतीय क्रिकेट टीम ने शनिवार को T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। भारत ने ग्रुप ए के पहले मैच में यूएसए को 29 रनों से हराकर जीत दर्ज की।

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

भारत ने टी 20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की अर्धशतकीय पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 161 रन बनाए। इसके जवाब में अमेरिका लक्ष्य को पूरा नहीं कर सकी और आठ विकेट खोकर 132 रन ही बना सकी।

भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ही नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और किसी भी खिलाड़ी ने बड़ा स्कोर नहीं बनाया। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।

इसके बाद ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिक सकें। ईशान ने 16 गेंदों में 20 रन और तिलक ने 25 रनों की पारी खेली।

तिलक के आउट होने के बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला नहीं थमा और भारत ने 73 के स्कोर पर पांच विकेट खो दिए।

शिवम दुबे बिना खाता खोले आउट हो गए। रिंकू सिंह ने छह और हार्दिक पांड्या ने पांच रन बनाए।

सूर्युकमार ने 36 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। अर्शदीप सिंह ने चार और वरुण चक्रवर्ती बिना खाता खोले आउट हो गए। अक्षर पटेल ने 11 गेंदों में 14 रन बनाए। सूर्यकुमार ने नाबाद पारी खेलते हुए टीम के स्कोर को 161/9 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

उन्होंने दस चौके और चार छक्कों की मदद से 49 गेंदों में 84 रनों का योगदान दिया। इसी के साथ भारत ने अमेरिका को 20 ओवर में 162 रनों का लक्ष्य दिया।

यूएसए की शुरुआत खराब रही। हर्षित राणा की जगह टीम का हिस्सा बने मोहम्मद सिराज ने दो विकेट झटके। सिराज ने दूसरे ओवर में भारत को पहली सफलता एंड्रिस गौस (6) के विकेट के साथ दिलाई। इसके बाद यूएसए ने मोनांक पटेल और साईतेजा मुक्कामल्ला का विकेट खोया।

मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने पारी को आगे बढ़ाया और अहम साझेदारी करने की कोशिश की। लेकिन इस साझेदारी को वरुण चक्रवर्ती ने तोड़ा। मिलिंद ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 34 गेंदों में 34 रन बनाए।

इसके बाद अमेरिका ने लगातार दो विकेट खोए। संजय ने 31 गेंदों में 37 रनों की पारी खेली और हरमीत सिंह बिना खाता खोले आउट हो गए।

वहींं, आखिरी ओवर में अमेरिका ने शुभम रंजने का विकेट गंवाया। उन्होंने 22 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के जड़े। इसी के साथ अमेरिका ने 20 ओवर में 132 रन बनाए।

भारत के लिए मोहम्मद सिराज ने तीन विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती को एक सफलता मिली। 

संक्षिप्त स्कोर

भारत ने यूएसए को 29 रनों से हराया

भारत: 20 ओवर में 161/9; सूर्यकुमार यादव 84*, शैडली वान 4/25

यूएसए:  20 ओवर में 132/8; शुभंम रंजने 37, मोहम्मद सिराज 3/29