2010 में तेंदुलकर के 203 से लेकर 2017 में हार्दिक के शानदार प्रदर्शन तक – भारत-श्रीलंका प्रतिद्वंद्विता में एमआई के सबसे यादगार पल
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली हर टेस्ट सीरीज अपनी कुछ खास यादें लेकर आती है। इन मुकाबलों में बेहतरीन सेशन, पार्टनरशिप, बड़े स्कोर और शानदार गेंदबाजी का जादू क्रिकेट जगत और फैंस के दिलों पर अपनी अमिट छाप छोड़ता है, जिसे फैंस लंबे समय तक याद रखते हैं।
15 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली सीरीज में भारत का सामना लंकन लायंस से होगा। इसके लिए काउंटडाउन शुरू हो चुका है।
दो पड़ोसी देश, एक जबरदस्त राइवलरी और कभी न भूलने वाले यादगार पल। लेकिन अगले हफ्ते गॉल में पहली गेंद फेंके जाने से पहले, आइए कुछ साल पीछे मुड़कर देखते हैं और मुंबई इंडियंस के उन शानदार स्टार्स के प्रदर्शन को याद करते हैं जिन्होंने मैचों में अपनी छाप छोड़ी है।
सचिन तेंदुलकर
2010 में कोलंबो के सिन्हलीज़ स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत का सामना श्रीलंका से हुआ था। इस मैच में हमारे दिग्गज स्टार सचिन तेंदुलकर ने शानदार बल्लेबाजी की और 347 गेंदों पर 203 रन बनाए। उनकी इस पारी में 23 चौके और 1 छक्का शामिल था।
श्रीलंका ने पहली पारी में 642/4 का बड़ा स्कोर बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने शानदार और लंबी पारी खेलते हुए भारतीय पारी को संभाला। स्टेडियम में हर तरफ एक ही आवाज गूंज रही थी- सचिन… सचिन!
रोहित शर्मा
2017 में श्रीलंका के भारत टूर में नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन में हमारे अपने रो-हिटमैन शर्मा ने दूसरे टेस्ट में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। दमदार बल्लेबाजी करते हुए 160 गेंदों में शानदार 102 रन बनाए। मुंबई का राजा के इस तीसरे टेस्ट शतक ने अपनी जबरदस्त काबिलियत दिखाई और उन्होंने गैप्स में अच्छे शॉट्स खेले और अपने सिग्नेचर शॉट्स भी लगाए। टेस्ट क्रिकेट में धैर्य की जरूरत होती है, इसलिए उन्होंने पहले समय लिया और फिर धीरे-धीरे अपनी रफ्तार बढ़ाई। यह एक ऐसी पारी थी जिसमें सब कुछ था - धैर्य से लेकर क्लास और शानदार अंदाज तक।
जसप्रीत बुमराह
साल 2022 में बेंगलुरु में श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में बूम बूम बुमराह ने शानदार गेंदबाजी की और 10 ओवर में 5/24 का जादुई स्पेल डाला। इसमें चार मेडन ओवर शामिल थे और उनकी इकॉनमी रेट सिर्फ 2.4 थी। बुमराह ने ओपनर कुसल मेंडिस, लाहिरू थिरिमाने, एंजेलो मैथ्यूज, निरोशन डिकवेला और लसिथ एम्बुलडेनिया जैसे अहम खिलाड़ियों के विकेट चटकाए। आखिरकार भारत ने इस मैच 238 रनों से जीत हासिल की। इस प्रदर्शन ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में श्रीलंका के खिलाफ किसी भारतीय तेज गेंदबाज के सबसे अच्छे गेंदबाजी आंकड़े का रिकॉर्ड दर्ज किया।
हार्दिक पांड्या
2017 में तीसरे टेस्ट में हार्दिक पांड्या ने इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 96 गेंदों पर 108 रन बनाकर अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। इस पारी में उन्होंने आठ चौके और सात छक्के जड़े। भारत ने आखिरकार वह मैच एक पारी और 171 रनों से जीता और हार्दिक को प्लेयर ऑफ द मैच का सम्मान मिला।
महेला जयवर्धने
2009 में अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट मैच में महेला जयवर्धने ने अपनी बल्लेबाजी पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 27 चौके और एक छक्के की मदद से 435 गेंदों में 275 रन बनाए। उनकी इस पारी ने मेजबान भारत पर भारी दबाव डाला, क्योंकि श्रीलंकाई टीम ने 7 विकेट पर 760 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। हालांकि यह मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन महेला की यह पारी आज भी यादगार बनी हुई है।
लसिथ मलिंगा
साल 2010, पहला टेस्ट मैच, भारत का श्रीलंका टूर और गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में यॉर्कर किंग ने अपना जलवा दिखाया। उन्होंने 17 ओवरों में 50 रन देकर 5 विकेट लेकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने सबसे पहले गौतम गंभीर को आउट किया। इसके बाद राहुल द्रविड़ को, फॉर्म में चल रहे सचिन तेंदुलकर का अहम विकेट लिया, जिन्हें LBW आउट दिया गया। आखिर में उन्होंने एमएस धोनी और अभिमन्यु मिथुन को पवेलियन भेजा। स्लिंगा मलिंगा ने अपने खास गेंदबाजी एक्शन, तेज रफ्तार और शानदार स्विंग के साथ एक बार फिर अपना दबदबा कायम किया।