भारत ने दक्षिण अफ्रीका को आठ विकेट से हराया, सीरीज में 1-0 से बनाई बढ़त
भारत बनाम अफ्रीका T20 सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम ने जीत के साथ शानदार आगाज किया। तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका पर आठ विकेट से जीत दर्ज की। भारतीय गेंदबाजों ने मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
तीन मैचों की सीरीज के पहले मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
107 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने बड़ी आसानी से 17वें ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया।
भारत की ओर से केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतक जड़ा। वहीं, अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट झटके। दक्षिण अफ्रीका की ओर से केशव महाराज ने सर्वाधिक 41 रन बनाए।
तीसरे ओवर में भारत को पहला झटका कप्तान रोहित शर्मा के रूप में लगा। रोहित खाता खोले बिना ही कगिसो रबाडा का शिकार हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए विराट कोहली ने राहुल के साथ मिलकर पावरप्ले तक संभल कर खेला, लेकिन सातवें ओवर की पहली गेंद पर दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नॉकिया ने विराट कोहली को क्विंटन डिकॉक के हाथों कैच आउट करा दिया। कोहली ने 9 गेंदों में 3 रन बनाए।
विराट के बाद सूर्यकुमार यादव और राहुल ने पारी को संभाला और भारत को जीत दिलाने में मदद की। सूर्यकुमार ने 33 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 50 रन बनाए। वहीं, राहुल ने 56 गेंदों पर नाबाद 51 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 4 छक्के जड़े।
दक्षिण अफ्रीका की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम के कप्तान तेम्बा बावुमा और क्विंटन डिकॉक ने पारी की शुरुआत की। लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ओवर में ही दीपक चाहर ने तेम्बा बावुमा को वापस पवेलियन भेज दिया।
अर्शदीप सिंह ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए अपने पहले ही ओवर में दक्षिण अफ्रीका के टॉप 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। उन्होंने दूसरी गेंद पर क्विंटन डिकॉक (1), उसके बाद पांचवी और छठी गेंद पर रिली रोसो (0) और डेविड मिलर(0) को बोल्ड करके मेहमान टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी लड़खड़ा गई। दीपक चाहर ने पांचवा विकेट झटकते हुए ट्रिस्टन स्टब्स (0) को आउट किया। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका की पारी को एडन मार्क्रम और वेन पार्नेल ने संभाला। लेकिन ये जोड़ी भी बड़ी साझेदारी नहीं कर पाई और हर्षल पटेल की गेंद पर मार्क्रम एलबीडबल्यू आउट हुए। इसके बाद केशव महाराज और पार्नेल ने 7वें विकेट के लिए 36 रन जोड़े। 16वें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर पार्नेल सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट हो गए।
केशव महाराज को हर्षल पटेल ने आउट किया। दक्षिण अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 106 रन बनाए।
इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दक्षिण अफ्रीका के साथ भारत का दूसरा T20 मैच रविवार, 2 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।