“मुंबई इंडियंस के लिए बचे हुए दोनों मैच जीतना चाहता हूं”: तिलक वर्मा

पलटन, ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मुकाबला हमेशा हाई-वोल्टेज वाला होता है और मुंबई इंडियंस अच्छी तरह जानती है कि ऐसे बड़े मौकों पर क्या करना होता है। 20 मई 2026 को यह मैच शुरू होगा, तब मैदान पर जुनून, बेखौफ क्रिकेट और हर ओवर के साथ बदलता मोमेंटम देखने को मिलेगा। 💙

इस बड़े मुकाबले से पहले ऑलराउंडर तिलक वर्मा ने एमआई चर्चा में बातचीत की और खुलकर कई दिलचस्प और अनसुनी बातें साझा की। 

गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार शतक और फिर पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ नाबाद 75 रन बनाकर मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने पर बात करते हुए तिलक ने कहा, “मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि मैच को अंत तक लेकर जाऊं। मुझे अपने खेल और अपनी क्षमताओं पर पूरा भरोसा है। 

मैं शुरुआत में थोड़ा समय लेता हूं, खुद को सेट करता हूं और फिर अलग-अलग प्लान बनाता हूं - किस गेंदबाज पर अटैक करना है और किस ओवर में रन रेट बढ़ाना है। खिलाड़ी को शांत रहकर अपने बेसिक्स पर भरोसा रखना चाहिए।”

पिछले मुकाबले में युजवेंद्र चहल की गेंद पर सीजन के सबसे लंबे छक्कों में से एक, 106 मीटर का शानदार सिक्स लगाने को लेकर तिलक वर्मा ने कहा, “उस दिन विकेट बल्लेबाजी के लिए बिल्कुल आसान नहीं था और गेंद नीचे आ रही थी। 

शुरुआत में मैंने यूजी की गेंदों का सामना किया, लेकिन जब बड़े शॉट्स खेलने की जरूरत पड़ी तो मैंने खुद पर भरोसा रखा। मैंने रोहित शर्मा और शेरफेन रदरफोर्ड से भी कहा था कि या तो आप दोनों बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करो या फिर सिंगल लेकर मुझे स्ट्राइक दो, मैं अटैक करूंगा।”

साल 2022 के एक इंटरव्यू में तिलक ने कहा था कि टीम उन्हें जिस भी पोजीशन पर खेलने के लिए कहेगी, वह वहां खेलने के लिए तैयार रहेंगे। इस भूमिका को बेहतर तरीके से निभाने के लिए उन्होंने पिछले कुछ सालों में अपने खेल में कई तकनीकी बदलाव और सुधार भी किए हैं।

“तीन से लेकर सात नंबर तक किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं होता। लेकिन जब टीम को आपकी जरूरत होती है, तब मेरे दिमाग में सिर्फ एक ही बात चलती है कि टीम को कैसे जिताया जाए। मैं हमेशा कहता हूं कि चाहे मैं मुंबई इंडियंस के लिए खेलूं, हैदराबाद के लिए या भारत के लिए, मेरा लक्ष्य सिर्फ जीतना होता है। 

इसके लिए हर बल्लेबाज को किसी भी पोजीशन पर खेलने के लिए तैयार रहना चाहिए। शुरुआत में यह थोड़ा मुश्किल था, लेकिन धीरे-धीरे मुझे परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालना पड़ा। अगर आप लचीले रहते हैं, तो किसी भी टीम में खुद को फिट कर सकते हैं और सबसे भरोसेमंद खिलाड़ी बन सकते हैं। 

नई गेंद के साथ बल्लेबाजी करना, मिडिल ओवरों में खेलना और डेथ ओवरों में बल्लेबाजी करना, तीनों बिल्कुल अलग चीजें हैं।”

ब्लू एंड गोल्ड जर्सी में अपने पांच साल के सफर को याद करते हुए तिलक वर्मा ने मुंबई इंडियंस के साथ अपने जुड़ाव पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा, “मुझे गर्व महसूस होता है, लेकिन जब तक मैं मुंबई इंडियंस के लिए कोई चैंपियनशिप नहीं जीतता, तब तक आंकड़े मेरे लिए ज्यादा मायने नहीं रखते। 

मैं वर्ल्ड कप और एशिया कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रह चुका हूं, लेकिन अब मेरी सबसे बड़ी ख्वाहिश मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल ट्रॉफी जीतना है। 

यह इस साल शायद नहीं हो पाएगा, लेकिन उम्मीद है कि अगले सीजन हम और ज्यादा मजबूत होकर वापसी करेंगे। मुंबई इंडियंस की एक शानदार विरासत रही है और अब जबकि दो मुकाबले बाकी हैं, मैं चाहता हूं कि हम दोनों मैच जीतें और एमआई का झंडा हमेशा ऊंचा लहराता रहे।”

साल 2022 में सिर्फ 19 साल की उम्र में मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन करने और उस सीजन की बेहतरीन यादों के बारे में पूछे जाने पर तिलक वर्मा ने कहा, “जब मैं टीम में आया था, तब काफी उम्मीदें थीं। 

मुंबई इंडियंस ने हमेशा युवा खिलाड़ियों को सपोर्ट किया है और हमें आत्मविश्वास दिया है। उसी समय मेरे मन में भी यही था कि मुझे अच्छा प्रदर्शन करना है और दुनिया को दिखाना है कि मैं क्या कर सकता हूं। शुरुआत में मैं थोड़ा नर्वस जरूर था, लेकिन मेरा पूरा फोकस अपने बेसिक्स पर था। 

मैं अपने कोच, रोहित शर्मा और सपोर्ट स्टाफ से लगातार बात करता था। उस दौर में सभी ने मेरी काफी मदद की। वहीं से मैंने मैदान पर एक क्रिकेटर के रूप में और मैदान के बाहर एक इंसान के रूप में खुद को बेहतर किया।”

भारत के लिए 2026 T20 वर्ल्ड कप जीतने के उस खास एहसास को साझा करते हुए उन्होंने कहा, “शुरुआत से ही हमारा लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना था। वह एहसास बिल्कुल अविश्वसनीय था और शब्दों में उसे बयान करना बहुत मुश्किल है। सच में वह सपना पूरा होने जैसा पल था। 

हमारे परिवार और दोस्त भी वहां मौजूद थे, इसलिए वह और भी ज्यादा खास बन गया। कड़ी मेहनत और अनुशासन ही हमारी जीत की सबसे बड़ी वजह रहे।”

हल्के-फुल्के अंदाज में तिलक वर्मा ने मुंबई से अपने खास जुड़ाव के बारे में भी बात की, जो मुंबई इंडियंस से जुड़ने से काफी पहले का है। 

उन्होंने कहा, “बहुत कम लोग जानते हैं कि मुंबई मेरे दिल के बेहद करीब है, क्योंकि मेरी मां की बहन मुंबई में रहती हैं। मेरे जन्म के चार महीने बाद से ही मैं अक्सर मुंबई आता-जाता रहा हूं। अब मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने के बाद यह रिश्ता और भी ज्यादा गहरा हो गया है।”

सीजन में दो मुकाबले बाकी रहने के बीच आखिर में पलटन के लिए खास संदेश देते हुए तिलक ने कहा, “हमें सच में दुख है कि इस साल हम आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीत पाए। लेकिन हम अगले साल और ज्यादा मजबूत होकर वापसी करेंगे और मुंबई इंडियंस के लिए ट्रॉफी जरूर जीतेंगे।” 💙🏆