“हम कई मैच हारे हैं, लेकिन हमने कभी हार नहीं मानी है”: कीरोन पोलार्ड
वानखेड़े में ये शाम हमारे लिए सच में निराशाजनक रही। 243 रन बनाने के बावजूद हम जीत के दो अंक नहीं हासिल कर सके।
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैटिंग कोच कीरोन पोलार्ड मौजूद थे और उन्होंने मुंबई इंडियंस बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मैच और एमआई के अभी तक के अभियान का आकलन करते हुए अपने विचार साझा किए।
उन्होंने कहा, “हम एक टीम के रूप में पूरी तरह से क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं। हमारी उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन में निरंतरता नहीं रही है। वो नतीजों में दिख भी रहा है। यह ऐसी बात है, जिससे इनकार नहीं किया जा सकता है… सामूहिक रूप से हम उतने बेहतर नहीं रहे हैं।”
“हमें बस एक साथ मिलकर बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है। इससे ज्यादा आप उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं? आप उनसे खेल के हर पहलू में बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद कर सकते हैं। लेकिन मैच जीतने के लिए हमें क्रिकेट का पूरा खेल खेलना होगा। क्रिकेट की मौजूदा स्थिति को देखते हुए यह मुश्किल होता जा रहा है, लेकिन मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ी इस लड़ाई को लड़ने के लिए तैयार हैं।”
आठ मैचों में दो जीत के साथ, मुंबई इंडियंस अब हर हाल में जीत की तलाश में है। अब किसी भी चूक की कोई गुंजाइश नहीं है। पोलार्ड इस बात को अच्छी तरह से समझते हैं। वह इस दौर से गुजर चुके हैं। उन्होंने टीम को इस स्थिति से उबारा है। उनका कहना है कि एमआई अभी भी रेस में है और टीम को खुद पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा, “हम कई मैच हारे हैं, लेकिन हमने कभी हार नहीं मानी है।”
“जब मैंने हार कहा, तो मेरा मतलब यह नहीं था कि खबरें मुंबई इंडियंस की हार के रूप में , क्योंकि आंकड़ों को देखें तो हम अभी भी टूर्नामेंट में बने हुए हैं। हां, हम यह मानते हैं कि हम पिछले कुछ मैच हार गए हैं, लेकिन हमने हार नहीं मानी है क्योंकि अभी हम टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए हैं। हम अभी भी वापसी करने और यह समझने की कोशिश कर रहे हैं कि हम क्या कर सकते हैं और इस टूर्नामेंट में कहां तक जा सकते हैं।”