News

MIvsDC: हिटमैन एंड कंपनी ने जीत के साथ खत्म किया टाटा आईपीएल 2022 का सफर

By Mumbai Indians

टाटा आईपीएल 2022 का 69वां लीग मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली एमआई ने इस मुकाबले में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली डीसी को 5 विकेट से हराकर सीजन का अंत जीत के साथ किया।

टॉस जीतकर हमारे कप्तान रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए। जवाब में मुंबई इंडियंस ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की और टीम ने डीसी को 5 विकेट से हराकर उनके प्लेऑफ की उम्मीदों को समाप्त कर दिया।

दिल्ली की पारी पर एक नजर

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने शानदार वापसी की। उन्होंने 23 गेंदों में 24 रन की पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 1 छक्का लगाया। हालांकि दूसरे छोर से डेविड वॉर्नर सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौट गए। वॉर्नर ने 6 गेंदों में महज 5 रन बनाए।

दिल्ली की टीम संकट में गिरती नजर आई और तीसरे नंबर पर खेलने उतरे मिचले मार्श बगैर खाता खोले ही आउट होकर पवेलियन लौट गए। उसके बाद शॉ भी टीम के 31 रन के योग पर पवेलियन लौटे, जबकि 10 रन बनाकर सरफराज खान भी आउट होकर पवेलियन लौट गए।

इस तरह दिल्ली के चार बल्लेबाज टीम के 50 रन के स्कोर पर आउट हो चुके थे। हालांकि उसके बाद कप्तान ऋषभ पंत और रोवमन पॉवेल के बीच पांचवें विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी हुई। डीसी के कप्तान ने 33 गेंदों में 4 चौके व 1 छक्के की मदद से 39 रन बनाए।

वहीं रोवमन पॉवेल ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की और 1 चौके व 4 छक्के की मदद से 34 गेंदों में 43 रन बनाए। उसके बाद स्पिनर अक्षर पटेल ने 19, शार्दुल ठाकुर ने 4 और कुलदीप यादव ने 1 रन बनाए।

इस मैच में मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 25 रन देकर सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए। जबकि रमनदीप सिंह ने 2, डेनियल सैम्स और मयंक मार्कंडे ने 1-1 विकेट चटकाए।

मुंबई की पारी पर एक नजर

160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने सजग शुरुआत की। हालांकि कप्तान रोहित शर्मा 13 गेंदों में 2 रन बनाकर जल्द ही आउट हो गए। लेकिन दूसरे छोर से विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 35 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 48 रन की पारी खेली।

इस मैच में प्लेइंग 11 में शामिल किए गए, डेवाल्ड ब्रेविस यानी बेबी एबी ने भी कमाल की बल्लेबाजी की। ब्रेविस ने 33 गेंदों में 1 चौका और 3 छक्के की मदद से 37 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने ईशान के साथ मिलकर 51 रन की अहम साझेदारी की।

बेबी एबी के आउट होने के बाद फॉर्म में चल रहे टिम डेविड बल्लेबाजी करने उतरे। डेविड का बल्ला ऐसा चल रहा था, जैसे उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले से ही अपनी पारी को आगे बढ़ाया हो। आउट होने से पहले डेविड ने महज 11 गेंदों में 2 चौके और 4 छक्के लगाते हुए 309 के स्ट्राइक रेट से 34 रन बनाए। उन्होंने साथी तिलक वर्मा के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की।

हालांकि पांचवें विकेट के रूप में तिलक वर्मा ने 17 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 21 रन की पारी खेली। वर्मा एमआई के पांचवे विकेट के रूप में आउट हो गए। वहीं रमनदीप सिंह ने 6 गेंदों में 2 चौके लगाकर 13 रन की पारी खेली।

गेंदबाजी की बात की जाए तो दिल्ली की ओर से एनरिक नॉर्खिये और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 और कुलदीप यादव ने एक विकेट चटकाया।

प्लेऑफ की तय हुई चार टीमें

रमनदीप सिंह के विजयी चौका लगाते ही आरसीबी के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। टाटा आईपीएल 2022 के प्लेऑफ की चार टीमें तय हो गई हैं, जिसमें गुजरात टाइटंस, राजस्थान रॉयल्स, लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने आधाकारिक रूप से क्वालीफाई कर लिया है।

इसके साथ ही टाटा आईपीएल 2022 में हमारी टीम मुंबई इंडियंस का सफर भी समाप्त हो गया। इस उतार-चढ़ाव वाले सीजन में पलटन ने हमारा खूब साथ दिया और हमें जमकर सपोर्ट किया। इसके लिए हम पलटन के प्यार का दिल से आभार व्यक्त करते हैं।