हरमनप्रीत कौर का भावुक संदेश, कप्तानी छोड़ी लेकिन खेल के प्यार के लिए रहेंगी मैदान में

हरमनप्रीत कौर का भावुक संदेश, कप्तानी छोड़ी लेकिन खेल के प्यार के लिए रहेंगी मैदान में

By Mumbai Indians

कुछ खास खिलाड़ी रिकॉर्ड बनाते हैं, कुछ ट्रॉफियां जीतते हैं और कुछ खेल का पूरा आयाम ही बदल देते हैं। हम गर्व से कह सकते हैं कि हमारी अपनी हरमनप्रीत कौर ने ये तीनों काम किए हैं। 

सभी फॉर्मेट में भारतीय कप्तानी का उनका अध्याय अब खत्म हो गया है, लेकिन उन्होंने जो कहानी लिखी है, वह हमेशा याद रखी जाएगी। इतिहास ने हमें एक बात सिखाई है, जब भी हरमनप्रीत ने एक पन्ना पलटा है, उसके आगे अक्सर एक और बड़ा पल उनका इंतजार करता मिला है।

दिग्गज, आपको सलाम! आपने पूरी एक पीढ़ी को यह विश्वास दिलाया कि भारतीय महिला क्रिकेट दुनिया पर राज कर सकता है। और हरमनप्रीत को जानते हुए, ब्लू जर्सी में उनके लिए अभी भी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।

एक अरब उम्मीदों का भार उठाने से लेकर कप्तान के तौर पर सबसे बड़े मंच पर इतिहास रचने तक, हरमनप्रीत ने हर भूमिका को बखूबी निभाया। सोशल मीडिया पर अपने बयान में उन्होंने कहा, “यह आसान फैसला नहीं है। इसमें वर्षों की यादें, भावनाएं, बलिदान और ऐसे पल जुड़े हैं, जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे।”

कप्तान से इतिहास रचने तक, हरमनप्रीत ने सब कुछ हासिल किया। हरमनप्रीत ने 2016 में भारतीय T20 इंटरनेशनल टीम की कमान संभाली। 2022 में वह वनडे कप्तान बनीं और बाद में सभी फॉर्मेट की कप्तान की जिम्मेदारी संभाली। 

वर्षों के दौरान वह भारतीय महिला क्रिकेट की पहचान बन गईं। टीम के हडल में आवाज, मुश्किल फैसले लेने से पीछे न हटने वाली खिलाड़ी और उतार-चढ़ाव से लेकर दिल तोड़ देने वाली हार तक हर परिस्थिति में चट्टान की तरह खड़ी रहने वाली कप्तान रहीं।

उन्होंने भारत की कप्तानी 5 टेस्ट, 51 वनडे और 155 T20 इंटरनेशनल मैचों में की। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में T20 इंटरनेशनल में 150 से ज्यादा मैचों में कप्तानी करने वाली पहली क्रिकेटर बनीं।

उनके करियर का सबसे बड़ा पल 2025 में आया, जब भारत ने वनडे वर्ल्ड कप जीतकर सफलता की सबसे ऊंची मंजिल हासिल की। हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पहली बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। 

यह जीत वर्षों की मेहनत का नतीजा थी और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह रही कि इस सफलता ने ऐसी खिलाड़ियों की एक नई पीढ़ी तैयार की, जो विश्व मंच पर किसी भी टीम को चुनौती देने का दम रखती है।

हरमनप्रीत ने भारत को 2022 और 2026 में लगातार दो एशियन गेम्स गोल्ड मेडल भी दिलाए।

इससे पहले, हरमनप्रीत ने 2012 महिला T20 एशिया कप के फाइनल में स्टैंड-इन कप्तान के तौर पर पहली बार भारतीय महिला टीम की कमान संभाली थी और टीम ने वह मुकाबला जीतकर खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी कप्तानी के यादगार पड़ावों में भारत का 2016, 2022 और 2026 में एशिया कप खिताब जीतना भी शामिल है।

हरमनप्रीत की एक और बड़ी उपलब्धि तब आई, जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की मेग लैनिंग को पीछे छोड़कर महिला T20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम किया। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में शामिल लॉर्ड्स में भारत को ऐतिहासिक टेस्ट जीत दिलाना भी उनके करियर के बेहद खास पलों में हमेशा याद किया जाएगा।

वहीं, 2017 महिला वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हरमनप्रीत की नाबाद 171 रन की पारी आज भी वर्ल्ड कप इतिहास में किसी भारतीय महिला बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।

अपनी टीम को अच्छी स्थिति में देखते हुए, अब हरमनप्रीत पूरी तरह अपने डेवलपमेंट और व्यक्तिगत प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करना चाहती हैं। साथ ही, वह अब तक के अपने सफर और उपलब्धियों के लिए बेहद आभार भी व्यक्त कर रही हैं।

“मैं आज कप्तानी छोड़ रही हूं, मेरा दिल भावनाओं से भरा है, लेकिन साथ ही मन में शांति भी है। मुझे सच में विश्वास है कि मेरी टीम अच्छी स्थिति में है। इस टीम में प्रतिभा, जज्बा, विश्वास और एक शानदार भविष्य है, जिसे देखने और उसका हिस्सा बनने के लिए मैं बेहद उत्साहित हूं। 

मुझे लगता है कि मैंने अपनी जिम्मेदारी पूरी की। मैंने इस टीम को अपना सब कुछ दिया। मैंने इस जिम्मेदारी को गर्व के साथ निभाया और भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तानी करने का मौका मिलने के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी।”

खून, पसीना, बलिदान और गर्व के साथ हरमनप्रीत ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, “मैंने अपना सब कुछ दिया। अब मैं फिर से खेल के प्यार के लिए खेलने को तैयार हूं। कप्तानी खत्म होती है। सफर जारी है।”

हरमन, हमें आपके इस पूरे सफर पर बेहद गर्व है और ब्लू जर्सी में आपके अगले अध्याय के लिए आपको ढेरों शुभकामनाएं। आप इसी तरह चमकती रहें, प्रेरित करती रहें और सबसे जरूरी, उस खेल को खेलती रहें जिसे आप दिल से प्यार करती हैं।