WI vs IND, 1st ODI: रोमांचक मुकाबले में कैरेबियाई टीम को हराकर भारत ने सीरीज में बनाई 1-0 से बढ़त
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच शुक्रवार (22 जुलाई) को पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल स्टेडियम में खेला गया। बेहद रोमांचक मुकाबले में कैरेबियाई टीम को मेहमान टीम ने 3 रन से हराकर सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
वेस्टइंडीज के कप्तान निकोलस पूरन ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 308 रन बनाए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम 50 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 305 रन ही बना सकी और उसे 3 रन से हार का सामना करना पड़ा।
भारत की ओर से मौजूदा सीरीज में कप्तानी कर रहे शिखर धवन ने सबसे अधिक 97 रन बनाए। वहीं, पहला वनडे अर्धशतक जड़ने वाले शुभमन गिल ने 64 रनों का योगदान दिया।
वेस्टइंडीज की ओर से अल्जारी जोसेफ और गुडाकेश मोती ने 2-2 विकेट झटके। जबकि, रोमारियो शेफर्ड और अकील हुसैन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया। वहीं, शुभमन गिल को पूरन ने रन आउट किया।
भारत की शानदार शुरुआत
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शिखर धवन और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दी। भारतीय सलामी जोड़ी ने मैदान के चारों तरफ शानदार शॉट लगाते हुए पारी को आगे बढ़ाया। धवन और गिल ने पहले विकेट के लिए 119 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की।
गिल ने लगाया पहला अर्धशतक
शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हए वनडे में अपना पहला अर्धशतक लगाया। गिल के बाद धवन ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। धवन ने अपने करियर का 36वां अर्धशतक लगाया। धवन और गिल की जोड़ी को तोड़ते हुए वेस्टइंडीज ने शुभमन गिल के रूप में भारत को पहला झटका दिया। गिल 18वें ओवर की चौथी गेंद पर फॉरवर्ड स्क्वायर लेग की ओर शॉट खेलकर एक रन चुराने के चक्कर में रन आउट हो गए। उन्होंने 53 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 64 रन की पारी खेली।
शतक से चूके शिखर
इसके बाद बल्लेबाजी करने आए श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर धवन ने दूसरे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी की। हालांकि, इस दौरान धवन अपना शतक बनाने से चूक गए। 97 रन के निजी स्कोर पर गुडाकेश मोती ने 34वें ओवर में धवन को अपना शिकार बनाया। उन्होंने 10 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 99 गेंदों में 97 रन की पारी खेली।
भारत ने बनाए 308 रन
इसके बाद भारत को तीसरा झटका श्रेयस अय्यर के रूप में मोती ने दिया। उन्होंने श्रेयस अय्यर को निकोलस पूरन के हाथों कैच करवाकर पवेलियन की राह दिखाई। पवेलियन लौटने से पहले अय्यर ने 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 54 रनों का योगदान दिया।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन ने भारतीय पारी को आगे बढ़ाया। सूर्यकुमार 14 गेंदों में 2 चौकों की मदद से 13 रन बनाकर अकील हुसैन का शिकार हुए। भारत का पांचवां विकेट संजू सैमसन (12) के रुप में गिरा। उन्हें शेफर्ड ने 43वें ओवर की दूसरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू किया।
भारत का छठा विकेट अक्षर पटेल के रूप में गिरा। उन्हें अल्जारी ने 49वें ओवर की तीसरी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। पटेल ने 21 गेंदों में 21 रनों का योगदान दिया। पटेल ने छठे विकेट के लिए दीपक हुड्डा के साथ 42 रन की साझेदारी निभाई। अक्षर के बाद अल्जारी ने इसी ओवर की आखिरी गेंद पर हुड्डा को भी क्लीन बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। हुड्डा ने 32 गेंदों में 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 27 रनों की पारी खेली।
शार्दुल ठाकुर 7 रन और मोहम्मद सिराज 1 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह भारत ने धवन, गिल और अय्यर के अर्धशतक की मदद से वेस्टइंडीज के सामने 309 रनों का लक्ष्य रखा।
ऐसी रही कैरेबियाई पारी
309 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत काफी धीमी और खराब रही। मोहम्मद सिराज ने पांचवें ओवर में शाई होप (7) को थर्ड मैन पर शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच करवाकर वेस्टइंडीज को पहला झटका दिया।
हालांकि, इसके बाद शामराह ब्रूक्स और काइल मेयर्स के बीच 117 रनों की बेहतरीन साझेदारी देखने को मिली। इस बीच काइल मेयर्स (75) ने अपना 12वां अर्धशतक भी लगाया। वहीं, ब्रूक्स 46 रन के निजी स्कोर पर शार्दुल ठाकुर का शिकार हुए और अर्धशतक से चूक गए।
भारत को तीसरी कामयाबी भी शार्दुल ने ही दिलाई। उन्होंने टिककर बल्लेबाजी कर रहे काइल मेयर्स को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच करवाकर पवेलियन वापस भेज दिया। वेस्टइंडीज को चौथा झटका कप्तान निकोलस पूरन (25) के रूप में लगा। उन्हें सिराज ने प्रसिद्ध कृष्णा के हाथों कैच करवाया। पूरन ने चौथे विकेट के लिए ब्रेंडन किंग के साथ 51 रनों की साझेदारी की।
लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने मेजबान टीम को पांचवां झटका दिया। चहल की गेंद पर पॉवेल स्लिप में दीपक हुड्डा के हाथों लपक लिए गए। इस बीच ब्रेंडन किंग ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और वेस्टइंडीज को जीत के करीब तक पहुंचाया। लेकिन, चहल ने भारत को बड़ी सफलता दिलाते हुए ब्रेंडन किंग (55) को अय्यर के हाथों कैच करवाकर मेजबान टीम को छठा झटका दिया। वेस्टइंडीज की ओर से अकील हुसैन (33)और रोमारियो शेफर्ड (39) नाबाद रहे।
इसके बाद कैरेबियाई टीम का कोई भी विकेट नहीं गिरा और 50 ओवर में मेजबान टीम कुल 305 रन ही बना सकी। इस तरह से सीरीज के पहले मुकाबले में शिखर धवन के नेतृत्व में भारतीय टीम ने एक रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को 3 रन से हरा दिया। भारत की ओर से मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और युजवेंद्र चहल ने 2-2 विकेट हासिल किए।
वहीं, वेस्टइंडीज की तरफ से काइल मेयर्स (75), ब्रेंडन किंग (54) और शामराह ब्रूक्स (46) ने बल्लेबाजी में अहम योगदान दिया। भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा मैच 24 जुलाई को पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जाएगा। ये मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा।