INDvNZ पहला वनडे: कोहली की दमदार बल्लेबाजी और अर्शदीप के चार विकेट ने भारत को दिलाई पांच विकेट से जीत
भारत ने ईडन पार्क में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज 5 विकेट की शानदार जीत के साथ किया। इस जीत का मजा बारिश भी खराब नहीं कर सकी। गेंदबाजी और फील्डिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
इसके बाद विराट कोहली की पुराने अंदाज वाली यादगार पारी ने भारत की जीत पक्की कर दी। टीम इंडिया ने 56 गेंद बाकी रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ईडन पार्क में अर्शदीप ने रखी जीत की नींव
आउटफील्ड गीली होने की वजह से टॉस में लगभग 20 मिनट की देरी हुई, लेकिन शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और भारत ने बिना समय गंवाए खेल शुरू कर दिया। अर्शदीप सिंह ने पांचवें ओवर में विल यंग को आउट कर दिया। टिम सेफर्ट ने तेज पारी खेलने की कोशिश की, लेकिन गुरनूर बराड़ ने 15वें ओवर में उनकी पारी का अंत कर दिया।
शानदार फील्डिंग और तेज गेंदबाजी के दम पर भारत ने बनाया दबदबा
इसके बाद गुरनूर ने शानदार कैच लपककर टॉम लैथम को पवेलियन का रास्ता दिखाया। भारत ने 22वें ओवर तक स्पिन गेंदबाजी का इस्तेमाल नहीं किया और अक्षर पटेल को गेंद थमाई। प्लेइंग इलेवन में चार तेज गेंदबाजों को शामिल करने का यह फैसला भारतीय टीम के लिए शानदार साबित हुआ। वहीं, 39 वर्षीय रोहित शर्मा ने अपनी चुस्त फील्डिंग का बेहतरीन नमूना पेश किया। उन्होंने शानदार डाइव लगाकर डेरिल मिशेल को रन आउट किया।
कोहली भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने स्लिप में शानदार डाइव लगाकर स्मिथ का कैच लिया। अर्शदीप ने जैमिसन और ग्लेन फिलिप्स को आउट करके कुल चार विकेट अपने नाम किए। ब्लेयर टिकनर की आक्रामक छोटी पारी की बदौलत न्यूजीलैंड का स्कोर 185 तक पहुंच गया।
रन चेज में चमका विराट का बल्ला
भारत को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। रोहित जैमिसन का शिकार हो गए। लेकिन इसके बाद मैदार पर उतरे कोहली ने मोर्चा संभाला और पारी को आगे बढ़ाया। वहीं, दूसरे छोर से कप्तान गिल ने उनका साथ बखूबी दिया। दो बार बारिश ने खलल डाला और अंततः भारत के सामने 32 ओवरों में 143 रन का लक्ष्य रखा गया।
कोहली इंतजार करने के मूड में नहीं थे। अपनी कलाई का जादू दिखाते हुए उन्होंने विकेट के दोनों तरफ बाउंड्री लगाईं और शानदार अर्धशतक जड़ा। गिल के साथ मिलकर उन्होंने शतकीय साझेदारी भी निभाई।
वह 74 रन बनाकर आउट हुए। इसके साथ ही उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में 1971 रन बनाने वाले रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अब इस रिकॉर्ड को तोड़ना महज समय की बात नजर आ रही है।
न्यूजीलैंड ने की वापसी, श्रेयस और नमन ने भारत को जीत दिलाई
स्मिथ ने गिल को आउट कर 113 रनों की साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद जैकब डफी ने लगातार दो झटके देते हुए विराट कोहली और अक्षर पटेल को पवेलियन भेज दिया। जल्द ही श्रेयस अय्यर भी 15 रन बनाकर आउट हो गए। चार ओवर से भी कम समय में चार विकेट गंवाने के बाद ब्लैक कैप्स को जीत की उम्मीद जगी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। आखिर में हमारे अपने नमन धीर ने शानदार चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। बारिश ने मैच का रोमांच बिगाड़ने की कोशिश की और न्यूजीलैंड की टीम ने भी जीत की राह में रोड़े अटकाए, लेकिन आज टीम इंडिया की जीत के आड़े कोई नहीं आ सका। सभी मुश्किलों को पार करते हुए भारतीय टीम ने शानदार अंदाज में जीत हासिल की।
संक्षिप्त स्कोर
DLS नियम के तहत 32 ओवर में 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया
न्यूजीलैंड: 40.2 ओवर में 185/10 रन (टिम सsफर्ट 38, ब्लेयर टिकनर 34; अर्शदीप सिंह 4/70, गुरनूर बराड़ 3/44)
भारत: 22.4 ओवर में 143/5 (विराट कोहली 74, शुभमन गिल 35; जैकब डफी 3/49)