INDvsSL, पहला वनडे: भारत ने श्रीलंका को 67 रनों से हराकर दर्ज की आसान जीत

INDvsSL, पहला वनडे: भारत ने श्रीलंका को 67 रनों से हराकर दर्ज की आसान जीत

By Mumbai Indians

गुवाहाटी में रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने वनडे सीरीज की शानदार शुरुआत करते हुए एक बड़ी जीत दर्ज की है। पहले वनडे मुकाबले में भारत ने श्रीलंका को 67 रनों से मात देते हुए 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम के 373 रनों के विशाल स्कोर के जवाब में मेजबान टीम 8 विकेट के नुकसान पर 306 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने इस मुकाबले में एक आसान जीत दर्ज की।

श्रीलंका के कप्तान दसून शानका ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। भारतीय टीम में चोट के बाद वापसी कर रहे हमारे कप्तान रोहित शर्मा ने टीम को एक शानदार शुरुआत दी। हिटमैन शानदार लय में दिखे और उनके जोड़ीदार शुभमन गिल ने भी उनका साथ बखूबी निभाया।

इन दोनों ने पहले विकेट के लिए 19.4 ओवर में 143 रनों की तेज-तर्रार साझेदारी निभाई जिसने टीम इंडिया की जीत की नींव रखी। इस दौरान हिटमैन ने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए और आउट होने से पहले उन्होंने 67 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों की मदद से 83 रनों की लाजवाब पारी खेली। वहीं, शुभमन गिल ने भी अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम के लिए 70 रनों का अहम योगदान दिया।

इन दोनों के पवेलियन लौटने के बाद स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाने का मोर्चा विराट कोहली ने संभाला। किंग कोहली ने पहले श्रेयस अय्यर और फिर केएल राहुल के साथ अहम साझेदारियां निभाई। अय्यर ने 28 रनों की पारी खेली तो वहीं टीम में विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे केएल राहुल ने 134.48 की स्ट्राइक रेट से 39 रन बनाए।

इस बीच, श्रीलंकाई टीम के खिलाफ वनडे में रन बनाने में माहिर विराट कोहली का बल्ला भी जमकर बोला। शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा करते हुए किंग कोहली ने अपना 45वां वनडे शतक जड़ा। एक शानदार खिलाड़ी द्वारा बेहद ही लाजवाब पारी। आउट होने से पहले उन्होंने 87 गेंदों में 12 चौके और 1 छक्के से मदद से 113 रनों की पारी खेली।

इस तरह से भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 373 रनों का स्कोर खड़ा किया। श्रीलंका की तरफ से तेज गेंदबाज कसुन रजिता ने 3 विकेट जरूर चटकाए लेकिन उन्होंने 10 ओवर के अपने कोटे में 88 रन भी लुटाए।

श्रीलंका की पारी पर एक नजर

जीत के लिए 374 रनों के विशाल स्कोर का पीछा करने उतरी लंका टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पावर-प्ले तक टीम ने अविष्का फर्नांडो और कुसल मेंडिस के विकेट खो दिए थे। हालांकि, सलामी बल्लेबाज पथुम निसंका एक छोर से अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा।

पथुम निसंका और धनंजय डीसिल्वा ने चौथे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकालने की कोशिश की। लेकिन, 47 रन के निजी स्कोर पर मोहम्मद शमी ने डीसिल्वा को पवेलियन की राह दिखा दी। इसके बाद निसंका भी ज्यादा देर तक विकेट पर टिक नहीं सके और वह 72 रन बनाकर उमरान मलिक का शिकार बने।

यहां से मेजबान टीम के लिए जीत की मंजिल काफी दूर होती चली गई। लेकिन, अंत में श्रीलंका के कप्तान दसून शानका ने नाबाद 108 रनों की साहसी पारी खेली। इस पारी की बदौलत उनकी टीम 300 रन के आकंड़े को पार करने में सफल रही। भारत की तरफ से उमरान मलिक ने 3 जबकि मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट हासिल किए।

आपको बता दें, 3 मैचों की इस वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर 12 जनवरी को खेला जाएगा। तो पलटन, तैयार हो जाएं क्योंकि ये वही मैदान है जहां हिटमैन रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे में 264 रनों की यादगार पारी खेली थी। दूसरे वनडे में हमें हमारे कप्तान का एक और तूफान देखने को मिल सकता है।