News

MI vs KKR: मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से शिकस्त देकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत

By Mumbai Indians

आईपीएल 2023 का 22वां मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। घरेलू मैदान पर मुंबई इंडियंस ने KKR को 5 विकेट से हराकर इस सीज़न की अपनी दूसरी जीत हासिल की।

मुंबई इंडियंस के लिए ईशान किशन ने सर्वाधिक 58 रन बनाए। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव ने 43 रन की अहम पारी खेली। वहीं, ऋतिक शौकीन ने 2 विकेट चटकाए। मैच में MI ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। MI के लिए इस मैच में अर्जुन तेंदुलकर ने अपना आईपीएल डेब्यू किया और सूर्यकुमार यादव ने टीम की कप्तानी संभाली।

KKR ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 185 रन बनाए। वहीं, मुंबई इंडियंस ने 17.4 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए।

कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी

एन जगदीशन और रहमनुल्लाह गुरबाज ने पारी की सधी हुई शुरुआत की। लेकिन जल्द ही मुंबई को पहली सफलता कैमरून ग्रीन ने दिलाई। उन्होंने जगदीशन को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। इसके बाद वेंकटेश अय्यर और रहमनुल्लाह गुरबाज ने पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन दूसरा झटका पीयूष चावला ने रहमनुल्लाह गुरबाज (8) के रूप में दिया।

नीतीश राणा (5) भी ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं पाए और ऋतिक शौकीन ने उन्हें रमनदीप सिंह के हाथों कैच आउट कराया। वहीं, अय्यर ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ते हुए पारी को जरूरी बढ़त दिलाई।

इसके बाद शार्दुल ठाकुर 13 रन बनाकर शौकीन की गेंद पर पवेलियन लौट गए। मुंबई के लिए रिले मेरेडिथ ने अय्यर का अहम विकेट हासिल किया। अय्यर ने 6 चौके और 9 छक्कों की मदद से 51 गेंदों में 104 रन बनाए। वहीं, रिंकू सिंह 18 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।

सुनील नारायण (2) और रसल (21) ने मैच में नाबाद पारी खेली। कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 185 रन बनाए। इसी के साथ कोलकाता ने मुंबई को 186 रनों का लक्ष्य दिया।

मुंबई इंडियंस की धमाकेदार पारी

186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने शानदार शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज़ी करने उतरी रोहित शर्मा और ईशान किशन की जोड़ी ने तेजी से रन बनाए। स्पिन गेंदबाज सुयश शर्मा ने रोहित के रूप में MI को पहला झटका दिया। रोहित ने 13 गेंदों में 20 रन बनाए।

इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने उतरे। ईशान किशन ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए रनों की बौछार की और उन्होंने 21 गेंदों में चौके के साथ अर्धशतक पूरा किया।

8वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती ने ईशान का विकेट झटक लिया। ईशान ने 25 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। सूर्यकुमार और तिलक वर्मा ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। 14वें ओवर में सुयश शर्मा ने तिलक का विकेट लिया। तिलक ने 3 चौकों और 1 छक्के की मदद से 25 गेंदों में 30 रन बनाए।

सूर्यकुमार और टिम डेविड ने पारी को आगे बढ़ाया। 17वें ओवर में MI का चौथा विकेट सूर्यकुमार के रूप में गिरा। सूर्यकुमार ने 25 गेंदो में 43 रन बनाए, जिसमें 4 चौके 3 छक्के शामिल रहे। इसके बाद मुंबई ने नेहल वढेरा (6) का विकेट गंवा दिया।

टिम डेविड (23) और कैमरून ग्रीन (1) ने मैच में नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। मुंबई इंडियंस ने  17.4 ओवर में 186 रन बनाकर आईपीएल 2023 सीज़न की लगातार दूसरी जीत दर्ज कर ली।

संक्षिप्त स्कोर

कोलकाता नाइट राइडर्स: 185/6 (20 ओवर)

वेंकेटेश अय्यर - 108 (51), सुयश शर्मा - 2/27

मुंबई इंडियंस - 186/5 (17.4 ओवर)

ईशान किशन - 58(25), सूर्यकुमार यादव - 43(25), ऋतिक शौकीन - 2/34

प्लेयर ऑफ द मैच: वेंकटेश अय्यर