
GT vs MI: मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटन्स को हराकर क्वालीफायर 2 में बनाई जगह
आईपीएल 2025 में हमारी टीम ने एलिमिनेटर मुकाबले में शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स को 20 रनों से हराकर जीत दर्ज की। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने क्वालीफायर 2 में जगह बनाते हुए अपने छठे खिताब की ओर एक और कदम आगे बढ़ा दिया। अब एमआई एक जून को अहमदाबाद में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी।
महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 228 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में गुजरात टाइटन्स 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 208 रन ही बना सकी और आईपीएल 2025 से बाहर हो गई।
रोहित शर्मा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और जॉनी बेयरस्टो के साथ मिलकर बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए टीम की नींव मजबूत की। सलामी बल्लेबाजों ने तेजी से रन बटोरे और पावरप्ले में एमआई ने बिना कोई विकेट खोए 79 रन जोड़े।
आपको बता दें कि यह इस सीजन का मुंबई का सबसे अधिक पावरप्ले स्कोर था।
पहले विकेट के लिए रोहित और बेयरस्टो ने 84 रनों की साझेदारी की। बेयरस्टो आठवें ओवर में साई किशोर का शिकार बने और उन्होंने 4 चौके 3 छक्कों की मदद से 22 गेंदों में 47 रन बनाए।
इसके बाद रोहित का साथ सूर्यकुमार यादव ने निभाया और रन बटोरने की रफ्तार को बरकरार रखा। आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सूर्यकुमार ने हिटमैन के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 रनों की साझेदारी की।
13वें ओवर में एमआई ने सूर्यकुमार के रूप में दूसरा अहम विकेट खोया। उन्होंने
एक चौके और तीन छक्कों की मदद से 20 गेंदों में 33 रनों की पारी खेली।
वहीं, दूसरी ओर रोहित शर्मा ने 28 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। सूर्यकुमार के बाद तिलक वर्मा ने भी रोहित का साथ बखूबी निभाया, लेकिन 17वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने रोहित को अपना शिकार बनाया। रोहित ने 50 गेंदों में 81 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें नौ चौके और चार छक्के जड़े।
इस पारी के दौरान रोहित आईपीएल इतिहास में 300 छक्के जड़ने वाले पहली भारतीय खिलाड़ी भी बने। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में 7000 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया।
तिलक वर्मा ने 11 गेंदों में 25 रन जोड़े, जबकि नमन धीर ने 9 रन बनाए। वहीं, कप्तान हार्दिक पांड्या ने नाबाद पारी खेलते हुए पारी के आखिरी ओवर में तीन छक्कों के साथ 9 गेंदों में 22 रन बनाए। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 229 रनों का लक्ष्य दिया।
गुजरात टाइटन्स की पारी की शुरुआत खराब हुई। गुजरात ने पहले ओवर में ही अपने कप्तान शुभमन गिल का अहम विकेट गंवा दिया। गिल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद साई सुदर्शन और कुसल मेंडिस ने पारी को संभालते हुए अहम रन जुटाए। मुंबई को दूसरी सफलता मिचेल सैंटनर ने दिलाई और मेंडिस 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मेंडिस ने साई के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की।
लेकिन इसके बाद सुदर्शन के साथ वाशिंगटन सुंदर ने आक्रामक पारी खेली और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाने में मदद की।
14वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने 84 रनों की साझेदारी को एक बेहतरीन यॉर्कर के जरिए तोड़ा और एमआई को तीसरी सफलता दिलाई। वाशिंगटन ने पांच चौके और तीन छक्के की मदद से 24 गेंदों में 48 रन बनाए।
जल्द ही एमआई को साई सुदर्शन के रूप में बड़ी सफलता मिली, जब 16वें ओवर में रिचर्ड ग्लीसन ने सुदर्शन को अपना शिकार बनाया। शानदार पारी खेलते हुए सुदर्शन ने दस चौके और एक छक्के की मदद से 49 गेंदों में 80 रन बनाए।
टाइटन्स के लिए शेरफेन रदरफोर्ड ने 15 गेंदों में 24 रनों का योगदान दिया। शाहरुख खान 13 रन बनाकर अश्विनी कुमार का शिकार बने। नाबाद रहते हुए राहुल तेवतिया ने 16 रन बनाए।
इसी के साथ गुजरात टाइटन्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 208/6 का स्कोर बनाया और लक्ष्य को पूरा नहीं कर सकी। इस हार के साथ ही उसका आईपीएल 2025 का सफर समाप्त हो गया।
मुंबई के लिए ट्रेंट बोल्ट ने दो विकेट लिए। वहीं, जसप्रीत बुमराह, रिचर्ड ग्लीसन, मिचेल सैंटनर और अश्विनी कुमार ने एक-एक विकेट लिए।
संक्षिप्त स्कोर:
मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटन्स को 20 रनों से हराया।
मुंबई इंडियंस: 20 ओवर में 228/5; रोहित शर्मा 81 (50), साई किशोर 2/42
गुजरात टाइटन्स: 20 ओवर में 208/6; साई सुदर्शन 80 (49), ट्रेंट बोल्ट 2/56