News

MI vs DC: मुंबई इंडियंस ने डीसी को हराकर हासिल किया प्लेऑफ का टिकट

By Mumbai Indians

आईपीएल 2025 में हमारी टीम मुंबई इंडियंस ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में जगह बना ली।

आईपीएल प्वाइंट्स टेबल में अब एमआई 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज है।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान फाफ डुप्लेसी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वहीं, पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। इसके जवाब में डीसी 18.2 ओवर में 121 रन ही बना सकी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे ओवर में ही रोहित शर्मा पांच रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद सलामी बल्लेबाज रयान रिकल्टन ने विल जैक्स के साथ पारी को आगे बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन विल ज्यादा देर तक विकेट पर टिक नहीं सके। उन्होंने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 13 गेंदों में 21 रन बनाए।

सातवें ओवर में हमारी टीम को तीसरा झटका रयान के रूप में लगा। उन्होंने 18 गेंदों में 25 रन बनाए, जिसमें दो छक्के भी शामिल रहे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने तिलक वर्मा के साथ मोर्चा संभाला और पारी को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में मदद की।

तिलक वर्मा ने 27 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया, जिसमें उन्होंने एक चौका और एक छक्का जड़ा। वहीं, कप्तान हार्दिक पांड्या तीन रन ही बना सके।

नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलते हुए सूर्यकुमार ने सात चौके और चार छक्कों की मदद से 43 गेंदों में शानदार 73 रन बनाए। नमन धीर ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 8 गेंदों तेज-तर्रार 24 रनों का योगदान दिया।

नमन ने अपनी इस पारी में दो चौके और दो छक्के की भी जड़े। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर दिल्ली को 181 रनों का लक्ष्य दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और फाफ डुप्लेसी मुंबई के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके।

ट्रेंट बोल्ट ने राहुल (11) को और दीपक चाहर ने फाफ (6) को अपना शिकार बनाया।

इसके बाद पांचवें ओवर में विल जैक्स ने अभिषेक को आउट किया और वह सिर्फ छह रन ही बना सके।

विप्रज निगम ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 11 गेंदों में 20 रन बनाए। 10वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स दो रन बनाकर जसप्रीत बुमराह का शिकार बने।

इसके बाद दिल्ली की टीम ने दूसरे छोर से शानदार बल्लेबाजी कर रहे समीर रिजवी का विकेट गंवाया, जिन्होंने अपनी टीम के लिए सर्वाधिक रनों का योगदान दिया।

समीर ने छह चौकों और एक छक्के की मदद से 35 गेंदों में 39 रनों की अच्छी पारी खेली। इसके बाद डीसी ने लगातार विकेट गंवाए।

आशुतोष शर्मा 18, माधव तिवारी 3, दुश्मंथा चमीरा 8 और कुलदीप यादव ने 7 रन बनाए। इसी के साथ दिल्ली की टीम 18.2 ओवर में 121 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

मुंबई के लिए मिचेल सैंटनर और जसप्रीत बुमराह ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि दीपक चाहर, विल जैक्स, कर्ण शर्मा और ट्रेंट बोल्ट को एक-एक सफलता मिली।

मिचेल सैंटनर ने 3/11 (4) के गेंदबाजी आंकड़े के साथ इस सीजन का सबसे किफायती स्पेल डालने का कारनामा किया।

आपको बता दें, यह 11वां मौका है जब एमआई की टीम ने आईपीएल के प्लेऑफ में जगह बनाई है। 

मुंबई इंडियंस अब अपना अगला मुकाबला सोमवार, 26 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी।

 

संक्षिप्त स्कोर:

मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों से हराया

मुंबई इंडियंस: 20 ओवर में 180/5; सूर्यकुमार यादव 73 (43), मुकेश कुमार 2/48

दिल्ली कैपिटल्स: 18.2 ओवर में 121/10; समीर रिजवी, 39 (35), मिचेल सैंटनर 3/11