IPL 2026: मुंबई इंडियंस को एसआरएच के खिलाफ मुकाबले में 6 विकेट से मिली हार
मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 सीजन के अपने आठवें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वानखेड़े स्टेडियम में खेले एमआई बनाम एसआरएच मैच में मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
रयान रिकेल्टन के शतक की बदौलत एमआई ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 243 रनों का बड़ा स्कोर बनाया। इसके जवाब में एसआरएच ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन के अर्धशतक की मदद से 18.4 ओवर में 249 रन बनाकर जीत हासिल की।
मुंबई इंडियंस ने विल जैक्स और रयान रिकेल्टन की शानदार प्रदर्शन के दम पर दमदार शुरुआत की। विल और रयान ने टीम की नींव मजबूत की और अहम पार्टनरशिप की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 93 रनों की साझेदारी की। 8वें ओवर में टीम को पहला झटका नीतीश रेड्डी ने दिया। विल ने पांच चौके और तीन छक्कों की मदद से 22 गेंदों में 46 रनों की तूफानी पारी खेली।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद रयान का साथ नमन धीर और कप्तान हार्दिक पांड्या ने दिया। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाने के लिए अहम योगदान दिया और जरूरी रन बनाए। रयान ने तीसरे विकेट के लिए नमन के साथ 55 रनों की और हार्दिक के साथ 56 रनों की साझेदारी की।
नमन ने 17 गेंदों में 22 रन बनाए, जबकि हार्दिक ने दो चौके और दो छक्कों की मदद से 15 गेंदों में 31 रन जोड़े। मुंबई ने चार विकेट खोकर 221 रन बनाए। वहीं, रयान ने 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
इसके बाद तिलक वर्मा बल्लेबाजी करने उतरे, लेकिन वह ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिक सकें। तिलक ने पांच गेंदों में सात रन बनाए। इसी के साथ एमआई ने एसआरएच को 20 ओवर में 244 रनों का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआरएच को सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने अच्छी शुरुआत दिलाई।
तूफानी प्रदर्शन करते हुए अभिषेक और ट्रेविस ने तेजी से रन बनाए और ट्रेविस ने 22 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
एसआरएच के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए एमआई के गेंदबाजों का काफी परेशान किया। लेकिन एमआई ने खेल में वापसी करते हुए लगातार दो विकेट चटकाए।
मुंबई को पहली सफलता एम गजनफर ने अभिषेक को आउट कर दिलाई। पहले विकेट के लिए अभिषेक और ट्रेविस के बीच 123 रनों की साझेदारी हुई। अभिषेक अर्धशतक से चूक गए और 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 45 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए।
इसके बाद ट्रेविस हेड भी ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिके और हार्दिक का शिकार बने। ट्रेविस ने 4 चौके और 8 छक्कों की मदद से 30 गेंदों में 76 रन बनाए।
हेनरिक क्लासेन ने मोर्चा संंभाला और पारी को आगे बढ़ाया। 17वें ओवर में नीतीश रेड्डी (21) को ट्रेंट बोल्ट ने आउट किया।
क्लासेन और सलिल अरोड़ा ने नाबाद पारी खेलते हुए एसआरएच को छह विकेट से जीत दिलाई।
क्लासेन ने 7 चौके और 4 छक्कों की मदद से 30 गेंदों में 65 रन बनाए, जबकि सलिल ने 10 गेंदों में 30 रनों की तेज पारी खेली।
अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 2 मई को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा।
एमआई बनाम एसआरएच मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर
एमआई: 20 ओवर में 243/5; रयान रिकेल्टन 123*, प्रफुल हिंगे 2/54
एसआरएच: 18.4 ओवर में 249/4; ट्रेविस हेड 76, एएम गजनफर 2/51