आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस को तीसरे मैच में राजस्थान रॉयल्स से मिली हार
मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 सीजन के अपने तीसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स से 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा। यह मुकाबला मंगलवार को गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला गया।
बारिश की वजह से मैच देर से शुरू हुआ और इसे 11-11 ओवर तक सीमित कर दिया गया। कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरआर ने यशस्वी जायसवाल की अर्धशतकीय पारी और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी की बदौलत 11 ओवर में तीन विकेट खोकर 150 रन बनाए।
इसके जवाब में एमआई लक्ष्य को पूरा नहीं कर सकी और 11 ओवर में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना पाई।
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स को शानदार शुरुआत दिलाई। सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और तेजी से रन बटोरते हुए पावरप्ले तक बिना कोई विकेट खोए 59 रन बनाए।
पहले विकेट के लिए दोनों के बीच 80 रनों की शानदार साझेदारी हुई। वहीं, बुमराह और सूर्यवंशी का दिलचस्प आमना-सामना काफी रोमांचक रहा। मुंबई इंडियंस को पहली सफलता पांचवें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने दिलाई, जब उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को आउट किया। वैभव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें एक चौका और पांच छक्के शामिल रहे।
इसके बाद ध्रुव जुरेल ज्यादा देर मैदान पर टिके और सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
एएम गजनफर ने दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए। उन्होंने पहले ध्रुव को पवेलियन का रास्ता दिखाया और इसके बाद कप्तान रियान पराग को भी आउट किया। रियान ने 20 रनों का योगदान दिया।
यशस्वी ने आखिर तक शानदार बल्लेबाजी की और दस चौके और चार छक्के की मदद से 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए, जबकि शिमरॉन हेटमायर 6 रन बनाकर नाबाद रहे।
इसी के साथ राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 151 रनों का लक्ष्य दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही अहम विकेट खो दिए। टीम को रयान रिकेल्टन के रूप में पहला झटका लगा, जो आठ रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद दूसरे ही ओवर में मुंबई को एक और बड़ा झटका लगा, जब सूर्यकुमार यादव महज छह रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
शुरुआती झटकों के बावजूद मुंबई इंडियंस ने सकारात्मक सोच के साथ मैच में वापसी करने की कोशिश जारी रखी।
लेकिन तीसरे ओवर में रोहित पांच रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद एमआई ने पांचवें ओवर में दो विकेट खोए। कप्तान पांड्या ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन रवि बिश्नोई ने उन्हें जायसवाल के हाथों कैच आउट किया। इसके बाद तिलक वर्मा को आउट किया। उन्होंने 10 गेंदों में 14 रन बनाए।
इसके बाद नमन धीर और इम्पैक्ट प्लेयर शेरफेन रदरफोर्ड ने मोर्चा संभाला और टीम की उम्मीदें बनाए रखी।
लेकिन 8वें ओवर में एमआई को एक और झटका लगा। रदरफोर्ड ने दो चौके और दो छक्के की मदद से आठ गेंदों में 25 रनों की अच्छी पारी खेली, जबकि नमन धीर ने तीन चौके और एक छक्के की मदद से 13 गेंदों में 25 रनों का योगदान दिया।
इसके बाद शार्दुल ठाकुर आठ और ट्रेंट बोल्ट एक रन बनाकर आउट हुए। वहीं, दीपक चाहर छह और जसप्रीत बुमराह पांच रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ एमआई को 27 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
मुंबई इंडियंस 12 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी।
आरआर बनाम एमआई संक्षिप्त स्कोर
आरआर: 11 ओवर में 150/3; यशस्वी जायसवाल 77*, एएम गजनफर 2/21
एमआई: 11 ओवर में 123/9; शेरफेन रदरफोर्ड 25, नांद्रे बर्गर 2/21