
MIvsDC: दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन का सकारात्मक अंत करना चाहेगी मुंबई इंडियंस
टाटा आईपीएल 2022 का 69वां मैच मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाने वाला ये मुकाबला एमआई के जारी सीजन का आखिरी मैच होगा। जिसका अंत रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस सकारात्मक अंदाज से करना चाहेगी।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए ये मुकाबला करो या मरो श्रेणी का होगा। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली डीसी को प्लेऑफ के समीकरण में बने रहने के लिए हर हाल में ये मुकाबला जीतना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो डीसी का सफर भी टाटा आईपीएल 2022 में इसी मैच के साथ खत्म हो जाएगा।
मैच की जानकारी
मैच - एमआई बनाम डीसी, 69वां मैच, टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2022
तारीख - शनिवार, 21 मई, 2022
समय - शाम 7:30 बजे
स्थान - वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई
क्या कहते हैं हेड टू हेड आंकड़े?
जहां तक बात दोनों टीमों के हेड टू हेड की है, तो एमआई और डीसी के बीच अब तक कुल 31 मुकाबले हुए हैं। जिसमें मुंबई इंडियंस ने 16 और दिल्ली कैपिटल्स ने 15 मुकाबले जीते हैं। ऐसे में अगर देखा जाए, तो दोनों टीमों के बीच टाटा आईपीएल में कड़ी टक्कर देखने को मिली है।
वानखेड़े स्टेडियम की बात करें तो एमआई और डीसी दोनों टीमों ने अपने पिछले पांच मैचों में से तीन में जीत और दो में हार का सामना किया है। इसके अलावा जारी टूर्नामेंट में इन दोनों टीमों ने अपने आखिरी पांच मैचों में भी तीन में जीत और दो में हार का सामना किया है।
अंक तालिका में दोनों टीमों का सूरत-ए-हाल
टाटा आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस एलिमिनेट हो चुके हैं।
जहां तक बात दिल्ली कैपिटल्स की है तो टीम के 13 मैचों में से 14 अंक हैं और नेट रन रेट +0.255 का है। इसलिए डीसी के लिए एमआई के साथ होने वाला मुकाबला करो या मरो जैसा है।
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेंगी सबकी नजरें
टाटा आईपीएल 2022 में एमआई के लिए तिलक वर्मा ने 13 मैचों में 37.60 की औसत और 131.46 की स्ट्राइक रेट से सबसे अधिक 376 रन बनाए हैं। उनसे एक बार फिर से टीम को रनों की उम्मीद रहेगी।
जबकि टिम डेविड के बड़े हिट देखने के लिए पलटन बेताब हैं, इसलिए उम्मीदों की किरण उनकी ओर भी रोशन डालेगी। टिम ने जारी सीजन में 38 की औसत व 202.66 की स्ट्राइक रेट से 7 मैचों में 152 रन बनाए हैं। वहीं पिछले मुकाबले में 46 रन की विस्फोटक पारी उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर रहा।
गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह से सीजन के इस आखिरी मुकाबले में टीम को उम्मीदे होंगी। उन्होंने 13 मैचों में अब तक 12 विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 7.25 का रहा है, जो बेहद ही प्रभावी कहा जा सकता है।
बुमराह के अलावा प्रतियोगिता में डेनियल सैम्स ने भी बढ़िया गेंदबाजी की है। उन्होंने 10 मैचों में कुल 12 विकेट झटके हैं। वह अच्छी लय में हैं, इसलिए उम्मीद है कि वह सीजन के आखिरी मुकाबले में अपनी छाप छोड़ने में कामयाब होंगे।
बन सकते हैं ये रिकॉर्ड
इस मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा दो रिकॉर्ड आराम से बना सकते हैं। टी20 क्रिकेट के प्रारुप में 900 चौके पूरे करने के लिए उन्हें सिर्फ एक चौके की दरकार है। जबकि 20 रन बनाते ही वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 5000 रन पूरे कर लेंगे।
वहीं डेनियल सैम्स एक छक्का लगाते ही टी20 प्रारुप में 50 छक्के पूरे कर लेंगे। वहीं मुस्तफिजुर रहमान एक विकेट लेते ही टी20 प्रारुप में 250 विकेट पूरे कर लेंगे।
तो पलटन टाटा आईपीएल 2022 में मुंबई इंडियंस के आखिरी मुकाबले में बॉयज का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम में जरूर आएं।