एमआई बनाम आरआर: आईपीएल 2026 के अपने आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार

एमआई बनाम आरआर: आईपीएल 2026 के अपने आखिरी मुकाबले में मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मिली हार

By Mumbai Indians

आईपीएल 2026 में रविवार को मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 30 रनों से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, आरआर ने एमआई को हराकर आईपीएल प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली।

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 205 रन बनाए और मुंबई को जीत के लिए 206 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 175 रन ही बना सकी।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने संभली हुई शुरुआत की। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की। यशस्वी अच्छे लय में नजर आए और उन्होंने 17 गेंदों में एक चौका और तीन छक्कों की मदद से 27 रन बनाए।

हालांकि, विल जैक्स ने चौथे ओवर में उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। वहीं, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी कुछ खास नहीं कर सके और 6 गेंदों में सिर्फ 4 रन बनाकर दीपक चाहर का शिकार बने।

राजस्थान के कप्तान रियान पराग भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 8 गेंदों में 14 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्हें एएम गजनफर ने छठे ओवर में आउट किया। पावरप्ले खत्म होने तक राजस्थान का स्कोर तीन विकेट पर 54 रन था।

इसके बाद ध्रुव जुरेल और दासुन शानका ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 45 रनों की अहम साझेदारी हुई। शनाका ने 15 गेंदों में तीन छक्कों की मदद से 29 रन बनाए, लेकिन 11वें ओवर में रनआउट हो गए। वहीं, ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 38 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। जुरेल को कॉर्बिन बॉश ने 13वें ओवर में बोल्ड किया।

डोनोवन फरेरा ने भी तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में 18 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। उन्हें दीपक चाहर ने 16वें ओवर में आउट किया। आखिरी ओवरों में जोफ्रा आर्चर ने बल्ले से भी दम दिखाया और 15 गेंदों में 32 रन ठोक दिए।

उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर राजस्थान को 200 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, शार्दुल ठाकुर ने 18वें ओवर में शुभम दुबे और आर्चर दोनों को आउट कर राजस्थान को लगातार झटके दिए।

अंत में रवींद्र जडेजा 11 गेंदों में 19 रन और नांद्रे बर्गर 3 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। मुंबई की ओर से दीपक चाहर ने सबसे प्रभावी गेंदबाजी करते हुए अहम विकेट चटकाए, जबकि शार्दुल ठाकुर, विल जैक्स, एएम गजनफर और कॉर्बिन बॉश को भी सफलता मिली।

206 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के भीतर ही चार अहम विकेट गंवा दिए। रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने पहले ही ओवर में आउट कर मुंबई को शुरुआती झटका दिया।

आर्चर ने तीसरे ओवर में नमन धीर को भी बोल्ड किया। नमन ने 5 गेंदों में 6 रन बनाए। वहीं, रयान रिकेल्टन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 7 गेंदों में 12 रन बनाकर नांद्रे बर्गर का शिकार बने। तिलक वर्मा का बल्ला भी खामोश रहा। उन्होंने 7 गेंदों में सिर्फ 3 रन बनाए और बृजेश शर्मा ने उन्हें छठे ओवर में बोल्ड कर दिया। पावरप्ले समाप्त होने तक मुंबई का स्कोर चार विकेट पर 49 रन था।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव और विल जैक्स ने मुंबई की पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 63 रनों की अहम साझेदारी की। विल जैक्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों में 33 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि, यशराज पुंजा ने 12वें ओवर में उन्हें आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।

सूर्यकुमार यादव ने इसके बाद कप्तान हार्दिक पांड्या के साथ मिलकर टीम को मुकाबले में बनाए रखने की कोशिश की। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई।

हार्दिक ने तेज अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 15 गेंदों में 34 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे। हालांकि, जोफ्रा आर्चर ने 16वें ओवर में हार्दिक को आउट कर मुंबई की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।

मुंबई की आखिरी उम्मीद सूर्यकुमार यादव थे, लेकिन नांद्रे बर्गर ने 18वें ओवर में उन्हें कॉट एंड बोल्ड कर राजस्थान को निर्णायक सफलता दिलाई। सूर्यकुमार ने 42 गेंदों में 60 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे।

इसके बाद यशराज पुंजा ने कॉर्बिन बॉश को 2 रन पर आउट किया, जबकि बृजेश शर्मा ने अगले ओवर में दीपक चाहर को एलबीडब्ल्यू कर मुंबई की हार लगभग तय हो गई। अंत में शार्दुल ठाकुर 10 और एएम गजनफर 2 रन बनाकर नाबाद लौटे, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

इसके साथ ही आईपीएल 2026 में हमारी टीम का सीजन समाप्त हो गया।