News

हमारे WPL कोच शार्लेट एडवर्ड्स, झूलन गोस्वामी, देविका पल्शिकर के बारे में जानिए खास बातें

By Mumbai Indians

शार्लेट एडवर्ड्स: हमारी हेड कोच

शानदार। सुपरस्टार। दो बार की विश्व कप विजेता कप्तान। ICC हॉल ऑफ फेम मेंबर।

शार्लेट एडवर्ड्स महिला क्रिकेट में क्रांति लाने वाली सबसे अग्रणी खिलाड़ी रही हैं। 20 साल के लंबे खेल करियर में, इंग्लैंड की कप्तान के रूप में शार्लेट एडवर्ड्स आधुनिक क्रिकेट क्रांति में सबसे आगे रही हैं। जब वह मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से लोगों के होश उड़ाती थीं, तब उनके नाम बल्लेबाजी के लगभग सभी रिकॉर्ड थे। इनमें इंग्लैंड के लिए खेलने वाली सबसे कम उम्र की महिला, इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक वनडे मैच खेलने वाली खिलाड़ी, किसी भी इंग्लैंड बल्लेबाज द्वारा सर्वाधिक वनडे स्कोर (173*), दुनिया में T20I और वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी जैसे रिकॉर्ड शामिल हैं।

इसके अलावा साल 2009 T20 विश्व कप, 2009 एकदिवसीय विश्व कप, तीन एशेज की जीत, आईसीसी क्रिकेटर ऑफ द ईयर का खिताब और खेल में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के साथ उन्होंने साल 2018 में संन्यास लेने के बाद कोचिंग की ओर रुख किया। चार साल से वह शानदार कोच बनी हुई हैं। साउथ वाइपर की कोच के रूप में उन्होंने दो राचेल हेहो फ्लिंट ट्रॉफियां जिताने में मदद की। उनके सम्मान में शार्लेट एडवर्ड्स कप प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाता है!

बेहतरीन खिलाड़ी और कोच का #OneFamily में स्वागत है! हम आपका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

झूलन गोस्वामी: हमारी गेंदबाजी कोच और टीम की मेंटर

महानतम गेंदबाज!

लंबे समय तक मैदान पर खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उनको सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बनाया है। उनके कंधों पर लगभग 20 सालों तक भारतीय आक्रामक गेंदबाजी का दारोमदार रहा। इसके साथ ही लड़कियों की एक पूरी पीढ़ी को क्रिकेट के प्रति प्रेरित करने और महिला क्रिकेट में भारत को आगे लाने में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। गेंदबाजी की आक्रामकता और रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारत में कोई अन्य खिलाड़ी झूलन गोस्वामी के आस-पास भी नहीं है।

भारतीय महिला टीम की खास खिलाड़ी जिनके नाम दुनिया में सबसे अधिक एकदिवसीय विकेट लेने का रिकॉर्ड है। उन्होंने हाल ही में संन्यास लिया। एक समय में उनका नाम सबसे तेज गेंदबाज के रूप में लिया जाता था। उनके इस शानदार सफर की शुरुआत साल 2002 में हुई थी और साल 2007 में उन्होंने ICC प्लेयर ऑफ द ईयर का अवार्ड अपने नाम किया। इसके बाद साल 2012 में उन्हें पद्म श्री से नवाजा गया और साल 2018 में उनके सम्मान में एक डाक टिकट जारी किया गया। साल 2023 में, वह #OneFamily में शामिल होने और हमारे खिलाड़ियों को गेंदबाजी के दांव-पेंच सिखाने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

देविका पल्शिकर: हमारी बल्लेबाजी कोच

हमारी सुपरकोच! एक स्टाइलिश बल्लेबाज जो अपने खेल के दिनों में एक लेग स्पिनर के रूप में भी मशहूर हुईं। देविका पलशिकर ने साल 2006 से 2008 के बीच एक टेस्ट और 15 एकदिवसीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने संन्यास के बाद कोचिंग की ओर रुख किया। वह भारतीय (2014-16) और बांग्लादेशी (2018-20) राष्ट्रीय टीमों के साथ सहायक कोच के रूप में जुड़ चुकी हैं। इसके अलावा वे बड़ौदा में भारतीय घरेलू सर्किट की हेड कोच और महिला T20 चैलेंज में वेलोसिटी टीम की हेड कोच के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुकी हैं।

#OneFamily में आपका स्वागत है, देविका! कई भारतीय घरेलू खिलाड़ियों के साथ काम करने के बाद वह हमारे साथ शानदार अनुभव को साझा करने के लिए जुड़ रही हैं।

*****

तो यह है हमारी ड्रीम बैकडोर टीम। पहली टीम और जीत हमेशा खास होती है। क्योंकि वह नींव के पत्थर की तरह होती है, जिस पर पूरी इमारत टिकी होती है। जैसा कि आईपीएल में पुरुष क्रिकेट टीम ने किया। उन्होंने साल 2008 में पहला खिताब जीता और फिर मुंबई इंडियंस के लिए कई खिताब जीतते हुए एक विजयी संस्कृति को स्थापित किया। हम साल 2023 में महिला टीम के साथ मजबूत शुरुआत करने के लिए तैयार हैं, क्योंकि हमारी टीम का भविष्य सुरक्षित हाथों में है।