
आईपीएल 2021: केकेआर ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हराया, बुमराह ने झटके 3 विकेट
आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के 34वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हुआ। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर को 155 रनों का लक्ष्य दिया। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने शानदार शुरुआत की और महज़ 15.1 ओवर में 3 विकेट गंवाकर इसे हासिल कर लिया। कोलकाता के लिए राहुल त्रिपाठी ने 42 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए। वहीं वेंकटेश अय्यर ने 30 गेंदों में 53 रन जोड़े। इस जीत के साथ केकेआर की टीम शीर्ष 4 में पहुंच गई, वहीं मुंबई इंडियंस छठे नंबर पर लुढ़क गई।
कोलकाता ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। मुंबई पलटन के सलामी बल्लेबाज़ों ने शुरुआती ओवर में कोलकाता के गेंदबज़ों की धुलाई करते हुए तेज़ी से रन बनाए। इस गति का मध्यक्रम के बल्लेबाजों को अच्छा फायदा मिला, जिसकी बदौलत एमआई ने केकेआर के सामने 156 रनों का लक्ष्य रखा।
मुंबई को पहला बड़ा झटका रोहित शर्मा (33) के रूप में लगा। इसके बाद टीम को आगे बढ़ाने का जिम्मा क्विंटन डी कॉक ने उठाया और उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि वह अपनी पारी को अंत तक जारी नहीं रख सके और प्रसिद्ध कृष्णा का शिकार बन गए। अंत में कीरोन पोलार्ड (21) ने क्रुणाल पांड्या (12) के साथ मिलकर टीम के स्कोर को 155 रनों तक पहुंचा दिया।
केकेआर के लिए लौकी फर्गसन और प्रसिद्ध कृष्णा ने 2-2 विकेट लिए। वहीं सुनील नारेन ने 1 विकेट लिया। शुरुआती 10 ओवरों में मुंबई ने जहां 80 रन बना लिए थे, तो वहीं अंतिम 10 ओवरों में बल्लेबाज महज़ 75 रन ही बना सके।
155 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने आसानी से किया हासिल
कोलकाता के लिए सलामी बल्लेबाजी करने शुभमन गिल और वेंकटेश अय्यर मैदान में उतरे। उन्होंने शानदार शुरुआत की और गिल ने बोल्ट की दूसरी गेंद पर छक्का जड़ा। इसके बाद चौथी गेंद पर वेंकटेश ने भी छक्का जड़ा। जिसकी बदौलत केकेआर ने पहले ओवर 15 रन बनाए।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने शुरुआती 2 ओवर में 30 रन बना लिए। केकेआर को पहला झटका पेसर जसप्रीत बुमराह ने दिया। गिल 13 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए। उनकी जगह बल्लेबाजी करने राहुल त्रिपाठी उतरे। केकेआर ने 5 ओवर में 1 विकेट खोकर 51 रन बना लिए। इसके बाद बल्लेबाजों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना जारी रखा। मुंबई इंडियंस अपने गेंदबाज़ों के साथ कोलकाता को रोकने में नाकाम सी नज़र आने लगी। केकेआर ने 10 ओवर में 111 रन बना लिए। वेंकटेश अय्यर ने 25 गेंदों में शानदार अर्धशतक पूरा किया।
राहुल चाहर ने अपनी गेंद पर राहुल त्रिपाठी का कैच छोड़ दिया। गेंद हवा में बहुत ऊपर होने की वजह से वो उसे नहीं लपक सके। 43 के स्कोर पर उसे जीवनदान मिला। 11 ओवर के बाद स्कोर 117 रन रहा। राहुल त्रिपाठी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में अर्धशतक ठोका।
वेंकटेश अय्यर 30 गेंद में 53 रन बनाकर बुमराह की गेंद पर आउट हो गए। अय्यर और राहुल त्रिपाठी ने 52 गेंदों में 88 रनों की बेहतरीन साझेदारी की। 13वें ओवर में राहुल त्रिपाठी के ओवर में केकेआर ने 17 रन बनाए। इस गेंद में दो छक्के और 1 चौका देखने को मिला। इसके बाद बुमराह ने केकेआर का तीसरा विकेट झटका और मॉर्गन 7 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए। उनकी जगह बल्लेबाजी करने नितीश राणा आए। 15 ओवर की आखिरी गेंद पर राहुल त्रिपाठी ने 2 रन लेकर स्कोर बराबर कर लिया। इसके बाद 16वें ओवर की पहली गेंद पर नितीश राणा ने चौका लगाकर केकेआर को यह मैच जिता दिया। राहुल त्रिपाठी ने 42 गेंदों में नाबाद 74 रन की शानदार पारी खेली।
एमआई बनाम केकेआर प्लेइंग-XI
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक, सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, सौरभ तिवारी, कायरन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, एडम मिल्ने, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट
कोलकाता नाइट राइडर्स: वेंकटेश अय्यर, शुभमन गिल, राहुल त्रिपाठी, नीतीश राणा, ऑयन मॉर्गन, दिनेश कार्तिक, आंद्रे रसेल, सुनील नरेन, लोकी फर्गुसन, वरुण चक्रवर्ती और प्रसिद्ध कृष्णा.
संक्षिप्त स्कोर कार्ड:
मुंबई इंडियंस 155/6 (20 ओवर): क्विंटन डी कॉक 55(42), जसप्रीत बुमराह 43/3
कोलकाता नाइट राइडर्स 159/3 (20 ओवर): राहुल त्रिपाठी 74*(42), लॉकी फग्यूर्सन 27/2
मुंबई इंडियंस का अगला मुक़ाबला
आईपीएल 2021 के 39वें और अपने दसवें मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से होगा। यह मैच रविवार, 26 सितम्बर को दुबई के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।