
RCB vs MI: मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 7 विकेट से दी शिकस्त
महिला प्रीमियर लीग 2024 में शनिवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला गया। जहां मुंबई इंडियंस ने RCB को सात विकेट से हराकर लीग में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। एमआई का लीग में शानदार प्रदर्शन जारी है और टीम अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर काबिज है।
नेटली साइवर-ब्रंट की अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 131 रन बनाए।
एलिसे पेरी ने बैंगलोर के लिए 38 गेंदों में 44* रनों की पारी खेली और इस दौरान वह नाबाद भी रहीं। इसके अलावा जॉर्जिआ वेयरहैम ने अपनी टीम के लिए 27 रनों का योगदान दिया।
वहीं, मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी की बात करें तो पूजा वस्त्राकर और नेटली साइवर-ब्रंट ने 2-2 विकेट चटकाए तो इस्सी वोंग और सायका इशाक ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
जीत के लिए 131 रनों का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम ने धमाकेदार अंदाज में पारी की शुरुआत की। हालांकि मुंबई को यास्तिका भाटिया के रूप में पहला झटका लगा, लेकिन उन्होंने आउट होने से पहले 15 गेंदों पर 31 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे।
इसके बाद कप्तान और हेले मैथ्यूज ने मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों खिलाड़ी अपनी बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रहे थे और रन बनाने के किसी भी मौके को वो नहीं छोड़ रहे थे।
इस बीच मुंबई इंडियंस ने दो और विकेट गवां दिए। हेले मैथ्यूज ने 26 रन तो नेटली साइवर-ब्रंट ने 27 रन के निजी स्कोर पर अपना विकेट खो दिए, लेकिन अमेलिया केर ने धमाकेदार पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस को सात विकेट से जीत दिलाने में अपना अहम योगदान दिया।
अमेलिया ने नाबाद रहते हुए 24 गेंदों में 40* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें सात चौके शामिल रहे।
वहीं, पूजा वस्त्राकर आठ रन बनाकर अमेलिया के साथ नाबाद रहीं। मुंबई इंडियंस ने 15.1 ओवर में ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
आपको बता दें कि हमारी टीम को इससे पहले यूपी वॉरियर्स के खिलाफ सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की गेंदबाजी की बात करें तो सोफी, जॉर्जिआ और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक विकेट लिए।
मुंबई इंडियंस अब अपना अगला मुकाबला 5 मार्च, मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी।
संक्षिप्त स्कोर कार्ड
मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 7 विकेट से हराया।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 131/6 (एलिसे पेरी 44*, जॉर्जिआ वेयरहैम 27; पूजा वस्त्राकर 2/14)
मुंबई इंडियंस: 133/3 (अमेलिया केर 40*, नेटली साइवर-ब्रंट 27; श्रेयांका पाटिल 1/15)