भारत बनाम नामीबिया, T20 वर्ल्ड कप 2026: पांड्या और किशन के अर्धशतक की बदौलत भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराया
भारतीय क्रिकेट टीम ने गुरुवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए T20 विश्व कप 2026 के अपने दूसरे मैच में नामीबिया को 93 रनों से हराकर ग्रुप ए में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
दो मैचों में चार अंक और 3.050 के नेट रन रेट के साथ भारत ग्रुप ए में शीर्ष पर पहुंच गया है। पाकिस्तान के भी दो मैचों में चार अंक हैं, लेकिन उनका नेट रन रेट 0.932 है।
रविवार को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच का विजेता एक मैच बाकी रहते ही टी20 विश्व कप के सुपर 8 के लिए क्वालीफाई करेगा।
भारतीय टीम ने ईशान किशन की तूफानी पारी (24 गेंदों में 61 रन) और हार्दिक पांड्या की धमाकेदार बल्लेबाजी (28 गेंदों में 52 रन) की बदौलत 9 विकेट गंवाकर 209 रन बनाए। नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन करते हुए 20 रन देकर 4 विकेट लिए।
भारत ने सात ओवरों में 104/1 रन बनाए, लगभग हर ओवर में 15 रन। किशन और तिलक वर्मा के बीच 79 रन की साझेदारी देखने को मिली।
हालांकि, भारत को आठवें से तेरहवें ओवर तक स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करना पड़ा और इन छह ओवरों में तीन विकेट गंवाकर मेजबान टीम ने केवल 30 रन बनाए।
इसके बाद हार्दिक पांड्या की शानदार पारी के दम पर भारत ने वापसी की, जिन्होंने 28 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम में जान फूंक दी। उन्होंने चार चौके और चार छक्के लगाए और शिवम दुबे के साथ मिलकर 50 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इसके साथ ही भारत को 200 के पार पहुंचा दिया।
कप्तान गेरहार्ड इरास्मस की अगुवाई में नामीबिया ने आखिरी दो ओवरों में महज 10 रन देते हुए पांच विकेट लेकर जबरदस्त वापसी की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया ने अच्छी शुरुआत की और पावरप्ले के अंत तक 57 रन (1 विकेट) बनाए।
लॉरेन स्टीनकैंप (29), जान फ्रायलिंक (22) और गेरहार्ड इरास्मस (18) ने टीम के लिए तेजी से रन बटोरे।
हालांकि, नामीबिया इस लय को बरकरार नहीं रख सकी, क्योंकि वरुण चक्रवर्ती ने मध्य ओवरों में भारत की ओर से धारदार गेंदबाजी की। लगातार विकेट गिरने से नामीबिया की टीम लड़खड़ा गई और 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑल आउट हो गई।
भारत बनाम नामीबिया संक्षिप्त स्कोर
मेजबान भारत ने नामीबिया को 93 रनों से हराया।
भारत: 20 ओवर में 209/9; ईशान किशन 61, गेरहार्ड इरास्मस 4/20
नामीबिया: 18.2 ओवर में 116/10; लॉरेन स्टीनकैम्प 29, वरुण चक्रवर्ती 3/7