News

MIvsPBKS: पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को मिली हार

By Mumbai Indians

मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच टाटा आईपीएल 2022 का 23वां मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस को पंजाब किंग्स से हार का सामना करना पड़ा। ये मुंबई इंडियंस की टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं हार है।

रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। मुंबई इंडियंस ने प्लेइंग 11 में रमनदीप सिंह की जगह टाइमल मिल्स को शामिल किया था। हालांकि, पंजाब ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया।

अच्छी शुरुआत के बाद लगातार दो झटके

पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई के सामने 199 रनों का लक्ष्य रखा जिसका पीछा करते हुए रोहित ब्रिगेड 9 विकेट गंवाकर186 रन ही बना सकी। मुंबई की शुरुआत अच्छी रही और 199 रन का पीछा करते हुए रोहित ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। लेकिन, इसके बाद एमआई को दो लगातार झटके लगे। पारी के चौथे ओवर के चौथे गेंद पर रोहित शर्मा रबादा की गेंद पर वैभव अरोड़ा को कैच थमा बैठे। रोहित ने 17 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 28 रन बनाए।

इसके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर ही ईशान किशन (3) ने भी अपना विकेट गंवा दिया। ईशान वैभव अरोड़ा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमा बैठे। दो विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने पारी को आगे बढ़ाया।

डेवाल्ड की विस्फोटक पारी

डेवाल्ड ब्रेविस ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए राहुल चाहर के एक ओवर में लगातार चार छक्के लगाए। पारी के नौवें ओवर में एक चौके और चार छक्कों के साथ ब्रेविस ने कुल 28 रन जोड़े। ब्रेविस की विस्फोटक पारी 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर खत्म हो गई। उन्होंने 25 गेंद खेलकर 49 रन बनाए जिसमें पांच छक्के और चार चौके शामिल थे।

पोलार्ड और तिलक हुए रन आउट

मुंबई को चौथा झटका तिलक वर्मा (36) के रूप में लगा। 13वें ओवर के पांचवें गेंद पर सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा के बीच तालमेल की कमी नजर आई जिसके कारण तिलक वर्मा को पवेलियन लौटना पड़ा। रोहित ब्रिगेड का पांचवां विकेट कीरोन पोलार्ड (10) के रूप में गिरा। पोलार्ड दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। वहीं, मुंबई की जीत के आखिरी उम्मीद सूर्यकुमार यादव छठे विकेट के रूप में आउट हो कर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 30 गेंद में 43 रन का योगदान दिया। सूर्यकुमार को रबादा ने स्मिथ के हाथों कैच आउट कराया।

सूर्यकुमार यादव के आउट होने के बाद जल्दी ही जयदेव उनादकट (12) भी ओडियन स्मिथ की गेंद पर मयंक अग्रवाल के हाथों लपक लिए गए। जसप्रीत बुमराह के रूप में मुंबई का आठवां विकेट गिरा जबकि नौवें विकेट के रूप में टायमल मिल्स ओडियन स्मिथ का चौथा शिकार बने। आखिरी ओवर में स्मिथ ने मुंबई के तीन खिलाड़ियों को आउट किया।

इस तरह मुंबई इंडियंस 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 186 रन ही बना सकी और टीम को पंजाब किंग्स के खिलाफ 12 रन से हार का सामना करना पड़ा। ये टूर्नामेंट में मुंबई की लगातार पांचवीं हार है। पंजाब की ओर से ओडियन स्मिथ ने सबसे अधिक चार विकेट लिए।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब की शुरुआत बेहद शानदार रही। पंजाब ने पावरप्ले के दौरान बिना कोई विकेट गंवाए 65 रन बनाए। कप्तान मयंक अग्रवाल ने 30 गेंदों पर सीजन का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 97 रनों की साझेदारी की।

पंजाब किंग्स को पहला झटका मुरुगन अश्विन ने दिया. उन्होंने पारी के 10वें ओवर की तीसरी गेंद पर मयंक अग्रवाल (52) को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद शिखर धवन ने बेयरस्टो के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। शिखर धवन ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। ये धवन के आईपीएल करियर का 45वां अर्धशतक था।

मुंबई इंडियंस को दूसरी सफलता जयदेव उनादकट ने दिलाई। उन्होंने 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर जॉनी बेयरस्टो (12) को बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए लियाम लिविंगस्टोन (2) को जसप्रीत बुमराह ने अपना शिकार बनाया। वहीं, शिखर धवन को पारी के 17वें ओवर में बासिल थंपी ने आउट किया। धवन ने 50 गेंदों में 70 रन बनाए। शाहरूख खान को भी बासिल थंपी ने 15 रन के निजी स्कोर पर चलता किया। इस तरह पंजाब की टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 198 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस की ओर से बासिल थंपी ने 2 विकेट झटके, जबकि,  जसप्रीत बुमराह, जयदेव उनादकट और मुरुगन अश्विन ने पंजाब के एक-एक खिलाड़ियों को पवेलियन पहुंचाया।

मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 16 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ होगा।