वानखेड़े में मुंबई इंडियंस को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मिली हार
मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 सीजन के अपने सातवें मैच में चेन्नई सुपर किंंग्स से 103 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
वानखेड़े स्टेडियम में एमआई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। संजू सैमशन के शानदार शतक के दम पर सीएसके ने 20 ओवर में 207/6 का स्कोर बनाया।
इसके जवाब एमआई निर्धारित ओवरों में लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई और 19 ओवर में 104 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ ने सधी हुई शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण साझेदारी करने की कोशिश की, लेकिन तीसरे ओवर में एम गजनफर ने गायकवाड़ को पवेलियन का रास्ता दिखाया।
इसके बाद संजू का साथ देने उतरे सरफराज खान भी ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिके और 14 रन बनाकर मिचेल सैंटनर का शिकार बने। एक ओर सीएसके के विकेट गिर रहे थे तो दूसरी ओर संजू सैमसन शानदार फॉर्म में खेल रहे थे। उन्होंने 27 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
डेवाल्ड ब्रेविस ने 11 गेंदों में 21 रनों का योगदान दिया, जबकि कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाए। वहीं जेमी ओवरटन ने 15 रनों की पारी खेली। संजू ने नाबाद शतकीय पारी खेलते हुए दस चौके और छह छक्कों की मदद से 54 गेंदों में 101 रन बनाए और सीएसके ने एमआई को 20 ओवर में 208 रनों का लक्ष्य दिया।
मुंबई के लिए एम गजनफर और अश्विनी कुमार ने दो-दो विकेट लिए, जबकि जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर को एक-एक सफलता मिली।
एमआई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में दानिश मालेवर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद क्विंटन डी कॉक सिर्फ 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए और नमन धीर भी बिना रन बनाए आउट हो गए।
इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और दोनों के बीच अहम साझेदारी हुई। चौथे विकेट के लिए तिलक ने 70 रनों की पार्टनरशिप में अहम योगदान दिया और पांच चौकों की मदद से 29 गेंदों में 37 रन बनाए।
मुंबई ने नियमित अंतराल पर विकेट खोए, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया। 13वें ओवर में एमआई ने दो विकेट खोए, जिनमें कप्तान हार्दिक पांड्या एक रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, शेरफेन रदरफोर्ड अपना खाता भी नहीं खोल सके।
इसके बाद मुंबई ने सूर्यकुमार का भी विकेट गंवा दिया। उन्होंने 30 गेंदों में 35 रन बनाए और पांच चौके जड़े।
शार्दुल ठाकुर (6) और कृष भगत (7) भी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए और जल्द ही पवेलियन लौट गए।
इसी के साथ मुंबई इंडियंस की पारी 19 ओवर सिमट गई और टीम को 103 रनों से हार का सामना पड़ा।
अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला 29 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होगा।
एमआई बनाम सीएसके मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर
सीएसके: 20 ओवर में 207/6; संजू सैमसन 101*, एम गजनफर 2/25
एमआई: 19 ओवर में 104/10; तिलक वर्मा 37, अकील हुसैन 4/17