आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस को चौथे मैच में आरसीबी से 18 रनों से मिली हार
मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 सीजन के अपने चौथे मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
एमआई 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी।
वानखेड़े स्टेडियम में हमारे कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने फिल सॉल्ट, विराट कोहली और रजत पाटीदार की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 240/4 का स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में एमआई लक्ष्य को पूरा नहीं कर सकी और शेरफेन रदरफोर्ड के दमदार अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 222 रन ही बना सकी।
फिल सॉल्ट और विराट कोहली ने आरसीबी की पारी का शानदार आगाज किया और लगातार रन बनाए। सॉल्ट ने बेहतरीन लय में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
फिल और विराट ने अपनी दमदार पार्टनरशिप के दम पर दस ओवर में बिना विकेट गंवाएं 115 रन बनाए। 11वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने इस 120 रनों की मजबूत साझेदारी को तोड़ते हुए फिल सॉल्ट को पवेलियन भेजा। सॉल्ट ने 36 गेंदों में 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 78 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
इसके बाद विराट और रजत पाटीदार ने पारी को आगे बढ़ाया। विराट ने 37 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि रजत पाटीदार ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 17 गेंदों में फिफ्टी जड़ दी।
आरसीबी को दूसरा झटका हार्दिक पांड्या ने दिया। विराट ने पांच चौके और एक छक्के की मदद से 38 गेंदों में 50 रन बनाए।
16वें ओवर में मिचेल सैंटनर ने रजत पाटीदार को आउट कर अहम सफलता दिलाई। पाटीदार ने 20 गेंदों में 53 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। वहीं जितेश शर्मा 10 रन बनाकर आउट हुए।
आखिर में टिम डेविड ने 16 गेंदों में नाबाद 34 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।
इस तरह आरसीबी ने मुंबई इंडियंस के सामने 241 रनों का लक्ष्य खड़ा किया।
रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने पारी की मजबूत शुरुआत की। लेकिन रोहित 19 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद एमआई को आठवें ओवर में रयान के रूप में बड़ा झटका लगा। रयान ने तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 22 गेंदों में 37 रन बनाए।
तिलक वर्मा एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या ने पारी को संभालने की कोशिश की और कुछ अच्छे शॉट्स लगाए, लेकिन उनकी साझेदारी ज्यादा लंबी नहीं चल सकी। सूर्यकुमार यादव 22 गेंदों में 33 रन बनाकर आउट हुए, उनकी पारी में 4 चौके शामिल थे।
इसके बाद एमआई ने हार्दिक पांड्या और नमन धीर (1) के विकेट खोए। हार्दिक ने छह चौके और एक छक्के की मदद से 22 गेंदों में 40 रनों की तूफानी पारी खेली।
हार्दिक के आउट होने के बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैच में जान डाल दी। उन्होंने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स लगाए और तेजी से रन बटोरते हुए टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
रदरफोर्ड ने 31 गेंदों में 71 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 1 चौका और 9 छक्के शामिल रहे। सैंटनर ने आठ रन बनाए।
इसी के साथ आरसीबी ने इस मुकाबले को 18 रनों से जीत लिया।
एमआई बनाम आरसीबी संक्षिप्त स्कोर
आरसीबी: 20 ओवर में 240/4; फिल सॉल्ट 78, शार्दुल ठाकुर 1/32
एमआई: 20 ओवर में 222/5; शेरफेन रदरफोर्ड 71*, सुयश शर्मा 2/47