‘बूम बूम’ बुमराह का जादू, बड़े मुकाबलों के असली हीरो

‘बूम बूम’ बुमराह का जादू, बड़े मुकाबलों के असली हीरो

By Mumbai Indians

बड़े मुकाबलों के लम्हे, बल्लेबाज अपनी क्रीज पर तैयार, तेज रफ्तार स्लिंग एक्शन के साथ गेंद आती है, घातक यॉर्कर सीधा निशाने पर लगता है और स्टंप की लाल बत्तियां जल उठती हैं- बूम बूम! पलटन, जसप्रीत बुमराह ने एक बार फिर विपक्षी टीम को पूरी तरह गुमराह कर दिया। ✨🫡

बड़े मुकाबलों में हमेशा मैच विनर की जरूरत होती है। जब दांव ऊंचा हो, दबाव चरम पर हो, तब असली चैंपियन सामने आता है। टी20 विश्व कप 2026 में भी यही देखने को मिला, जब बुमराह ने अपनी प्रतिभा और जादुई गेंदबाजी से बार-बार भारत को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला।

पूरे टूर्नामेंट में बुमराह शानदार फॉर्म में रहे। उन्होंने 8 मैचों में 14 विकेट लेकर संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में जगह बनाई। जब अन्य गेंदबाजों रन लुटा रहे थे, तब भी बुमराह का इकॉनमी रेट सिर्फ 6.21 रहा।👏

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच रन-फेस्ट देखने को मिला। इंग्लैंड के बल्लेबाज तेजी से रन बटोर रहे थे, चौके-छक्कों की बारिश हो रही थी और दबाव धीरे-धीरे भारतीय टीम पर बढ़ने लगा था।

ऐसे अहम मोड़ पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गेंद अपने भरोसेमंद खिलाड़ी बुमराह को थमा दी।

बुमराह ने आते ही मैच का रुख बदल दिया। अपने स्पेल की पहली ही गेंद पर उन्होंने धीमी गेंद फेंकी, जिस पर हैरी ब्रूक चकमा खा गए और अक्षर पटेल ने शानदार कैच लपक लिया।

इसके बाद बुमराह ने अपनी खास सटीक लाइन-लेंथ और शांत स्वभाव के साथ विपक्षी टीम को रन बनाने के लिए तरसा दिया। दबाव के बीच भी उन्होंने बेहद संयम और समझदारी से गेंदबाज़ी की।

अपने दूसरे ओवर में उन्होंने सिर्फ 12 रन दिए और इंग्लैंड की रन गति पर ब्रेक लगा दिया।

जब इंग्लैंड को आखिरी 5 ओवर में 69 रन चाहिए थे, तब बुमराह को दोबारा अटैक पर लाया गया। डेथ ओवरों के बेहतरीन गेंदबाज बुमराह ने 16वें और 18वें ओवर में शानदार गेंदबाजी की, जहां उन्होंने क्रमशः 8 और 6 रन ही दिए।

अपने 4 ओवर के स्पेल में 1/33 के आंकड़े के साथ बुमराह ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया और एक बार फिर साबित किया कि बड़े मंच पर उनका कोई मुकाबला नहीं।💪

अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबले के साथ ही टी20 विश्व कप का मंच पूरी तरह सज चुका था। इतने बड़े मैच में दबाव होना स्वाभाविक था, लेकिन जसप्रीत बुमराह के लिए मानो दबाव जैसी कोई चीज होती ही नहीं।

जहां बाकी खिलाड़ी फील्ड पर दबाव महसूस करते हैं, वहीं बुमराह उसी दबाव में और बेहतर प्रदर्शन करते हैं। वह अपने सटीक यॉर्कर, लगातार बैक-टू-बैक घातक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं।

फाइनल में भी बुमराह ने अहम मौकों पर विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।

3.1 ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने धीमी गेंद फेंकी, रफ्तार कम की और रचिन रवींद्र को आउट कर दिया। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 4 रन दिए और न्यूजीलैंड को शुरुआती झटका लगा।

इसके बाद 16वें ओवर में बुमराह ने लगातार दो गेंदों पर जेम्स नीशम और मैट हेनरी को पवेलियन भेजकर मैच को लगभग भारत की झोली में डाल दिया।

ब्लू एंड गोल्ड की इस भिड़ंत में मिचेल सैंटनर भी बुमराह की रणनीति का शिकार बने। फाइनल में उन्होंने अपनी 24 गेंदों में से 21 गेंदें गति में बदलाव के साथ डालीं, जिससे बल्लेबाज पूरी तरह उलझ गए।

बुमराह ने अपने स्पेल में 4/15 के शानदार आंकड़े दर्ज किए और उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 3.8 रहा।

सीधी सी बात है जब टीम को विकेट चाहिए, तो मैदान पर बस एक ही नाम याद आता है, बुमराह। उनकी एक गेंद ही मैच का रुख बदलने के लिए काफी होती है और जब गेंद स्टंप से टकराती है, तो बस एक ही आवाज गूंजती है-बूम! 🏆😎🔝