भारत बनाम आयरलैंड, दूसरा T20I प्रीव्यू: कप्तान हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में सीरीज अपने नाम करना चाहेगा भारत

By Mumbai Indians

भारत और आयरलैंड के बीच दो T20I मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 28 जून यानी मंगलवार को डबलिन में खेला जाएगा। पहले मुकाबले को 7 विकेट से जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। हार्दिक एंड कंपनी की अब कोशिश यही होगी कि दूसरे मैच में फतेह हासिल करके सीरीज को अपने नाम करे।  

आपको बता दें बारिश की वजह से भारत और आयरलैंड के बीच खेले गए पहले T20I मैच को 12 ओवर का कर दिया गया था। निर्धारित 12 ओवरों में मेजबान आयरलैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। इस लक्ष्य को भारत ने 9.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर हासिल कर लिया। शानदार गेंदबाजी के लिए लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल (1/11) को मैन ऑफ द मैच खिताब से नवाजा गया था।  

T20I में आयरलैंड के खिलाफ शानदार रहे हैं नतीजे 

T20I में अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़े की बात करें तो आयरलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने अब तक खेले अपने चारों मुकाबले में जीत हासिल की है। इससे पहले भारतीय टीम ने साल 2018 में विराट कोहली की अगुवाई में आयरलैंड में मेजबान टीम के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की थी।  

T20I में दोनों टीमों के हालिया फॉर्म की बात करें तो टीम इंडिया ने अपने खेले आखिरी 5 T20I मैच में से 3 में जीत हासिल की है जबकि मेन इन ब्लू को 1 में हार और इस दौरान 1 मैच बेनतीजा रहा है। वहीं आयरलैंड को आखिरी 5 T20I मैच में से 2 में हार जबकि 3 मुकाबलों में जीत नसीब हुई है। 

दीपक हुड्डा ने उठाया मौके का फायदा 

भारत के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने पिंडली की चोट के बाद पहले मैच में बल्लेबाजी नहीं की, जिसकी वजह से कप्तान हार्दिक ने ऑलराउंडर दीपक हुड्डा को बतौर सलामी बल्लेबाज ईशान किशन के जोड़ीदार के रूप में चुना। मिले मौके को दीपक ने जाया नहीं जाने दिया और 29 गेंदों में नाबाद 47 रन की पारी खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का प्रमाण पेश किया। T20 वर्ल्ड कप में अपनी जगह बनाने की कवायद में लगे दीपक के लिए दूसरे मुकाबले में भी अपनी काबलियत पेश करने का एक शानदार मौका होगा। 

भारत के लिए हैरी टेक्टर बन सकते हैं खतरा 

पहले मैच में अपनी टीम के लिए विस्फोटक पारी खेलने वाले दाएं हाथ के बल्लेबाज हैरी टेक्टर के लिए हार्दिक एंड कंपनी विशेष योजना के साथ मैदान पर उतरना चाहेगी। इस 22 वर्षीय बल्लेबाज ने दबाव के समय 33 गेंदों में नाबाद 64 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को मुश्किल परिस्थिति से निकालने का काम किया था। उन्होंने 193.93 की शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 3 छक्के जड़े। टेक्टर की शानदार पारी से भारत के कप्तान हार्दिक पांड्या भी काफी प्रभावित हुए। शायद यही वजह रही कि मैच के बाद उन्होंने टेक्टर को अपना एक बैट गिफ्ट किया। इस बात की भी उम्मीद की जा रही है कि इस आयरिश बल्लेबाज को जल्द ही आईपीएल में जगह मिल सकती है।

राहुल त्रिपाठी को मिल सकता है डेब्यू करने का मौका 

पहले T20I मैच में भारत के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने पिंडली की चोट के बाद मैच में बल्लेबाजी नहीं की जिसकी वजह से दीपक हुड्डा को ओपनिंग करने का मौका मिला। अगर रुतुराज दूसरे मैच के लिए फिट नहीं होते हैं तो उनकी जगह दाएं हाथ के 31 वर्षीय बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी को भारत के लिए पदार्पण करने का अवसर मिल सकता है। आपको बता दें आईपीएल 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए राहुल ने शानदार बल्लेबाजी की थी। अब तक वह 76 आईपीएल मुकाबले खेल चुके हैं जिनमें उन्होंने 10 अर्धशतक की मदद से 1798 रन बनाए हैं। आईपीएल 2022 में राहुल ने 14 मैच खेलते हुए 37.55 की औसत और 158.23 की स्ट्राइक रेट के साथ 413 रन बनाए थे जिनमें 3 अर्धशतक भी शामिल थे। 

हाल के फॉर्म और आंकड़ों को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि टीम इंडिया मंगलवार को डबलिन में सीरीज जीतने की प्रबल दावेदार है। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 9 बजे से शुरू होगा, जिसका सीधा प्रसारण आप सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क्स और सोनी लिव ऐप पर देख सकते हैं।