“शब्दों में बयां नहीं कर सकता कि MI मेरे लिए क्या है, यह स्वर्ग में बना रिश्ता है”: कीरोन पोलार्ड

By Mumbai Indians

पलटन, पहले मुकाबले में शानदार जीत के बाद अब समय है दोबारा तैयार होने का, क्योंकि IPL 2026 के दूसरे मैच का वक्त आ गया है। मुंबई इंडियंस 4 अप्रैल 2026 को अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स का सामना करने के लिए तैयार है। इस मुकाबले से पहले हमारे बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने MI चर्चा में खुलकर बातचीत की, जो मैदान से परे कई दिलचस्प पहलुओं को सामने लेकर आई। 🗣️💙

पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के साथ अपने 15+ साल का सफर एक खिलाड़ी, कोच और लीजेंड के रूप में बिताया, जिसको याद करते हुए उन्होंने कहा, “MI मेरे लिए घर से दूर दूसरा घर है। 

टीम कैंप में अपने परिचित चेहरों के बीच मैं बेहद सहज महसूस करता हूं। शब्दों में यह बताना मुश्किल है कि यह टीम मेरे लिए क्या मायने रखती है। MI और मेरा रिश्ता स्वर्ग में बना है और यह टीम हमेशा मेरे दिल के बेहद करीब रहेगी।”

इसके अलावा, वानखेड़े में KKR के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने के फैसले पर बात करते हुए पोलार्ड ने कहा, “सीजन की नई शुरुआत थी, यह साफ नहीं था कि क्या होगा और खिलाड़ी लंबे समय बाद एक साथ आए थे, इसलिए पहले गेंदबाजी करना सबसे समझदारी भरा फैसला था ताकि टीम मैदान पर एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल बिठा सके। 

हालांकि, हम 220 रन का पीछा कर रहे थे, लेकिन पिच काफी अच्छी थी और गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को उसी स्कोर तक सीमित रखा।” 💪

दूसरी पारी शुरू होने से पहले ड्रेसिंग रूम में हुई चर्चा पर बात करते हुए पोलार्ड ने कहा, “पिछले सीजन के बाद हमने यह ठान लिया था कि इस बार हम पूरी कोशिश के साथ खेलेंगे और जीत हासिल करेंगे। 

हम आमतौर पर धीमी शुरुआत करते हैं, लेकिन यह हमारी पसंद नहीं है। हालात चाहे जैसे भी हों, हमने इस कहानी को बदलने की कोशिश की।

चेज के लिए मैदान पर उतरने से पहले हमारी एक छोटी सी बातचीत हुई, जिसमें हमने कहा कि पिच काफी अच्छी है और गेंदबाजों ने विपक्ष को सीमित स्कोर पर रोका है। अगर हम सही प्रक्रिया पर कायम रहे, तो हमें मैच जीतने से कोई नहीं रोक सकता।”

KKR की रणनीति पर बात करते हुए उन्होंने आगे कहा, “KKR की ताकत उनके स्पिनर्स का इस्तेमाल है, लेकिन वानखेड़े की पिच पर उन्हें ज्यादा मदद नहीं मिली।

उनके पास वर्ल्ड क्लास स्पिनर्स जरूर हैं, लेकिन हमारे पास उन्हें शुरुआत से ही दबाव में डालने की क्षमता थी। रोहित-रिकेल्टन ने वही किया और वहां से हमें जो मोमेंटम मिला, उसे हमने आखिर तक बनाए रखा और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।”

केकेआर के खिलाफ पहले मुकाबले में जीत के बाद टीम की भावनाओं को लेकर पोलार्ड ने कहा, “कई सालों के बाद पहला मैच जीतने के बाद एक अलग तरह की राहत महसूस हुई। यह पूरी टीम का शानदार प्रयास था कि हमने पहले मैच के जिंक्स को तोड़ा। 

हमने इस जीत का पूरी तरह लुत्फ उठाया। देखने में यह आसान लगा, लेकिन जब आप वर्ल्ड क्लास टीम के खिलाफ खेलते हैं, तो यह इतना सरल नहीं होता।”

जब पॉली बोलते हैं, तो पलटन सुनती है… क्योंकि यह सिर्फ बातें नहीं होतीं, यह MI के जज्बात होते हैं… दिल से निकली हर बात! 💙