IPL 2026 सीजन के अपने दूसरे मैच में एमआई को डीसी के खिलाफ मिली हार
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 सीजन में अपना दूसरा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेला। इस मैच में एमआई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट से हार मिली। डीसी बनाम एमआई मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शनिवार, 4 अप्रैल को खेला गया।
दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस मुकाबले में हमारे बल्लेबाजों ने सधी हुई शुरुआत की, हालांकि पावरप्ले में शुरुआती झटकों ने टीम को थोड़ा मुश्किल में डाल दिया। पहले दो ओवर में 18 रन जोड़ने के बाद तीसरे ओवर में रयान रिकल्टन और तिलक वर्मा के रूप में दो बड़े विकेट गिरे।
ऐसे में रोहित शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पारी को संभाला। दोनों ने समझदारी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूती दी। पावरप्ले के बाद मुंबई इंडियंस 6 ओवर में 41 रन तक पहुंच गई थी, जहां रोहित 20 और सूर्या 11 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।
हालांकि 71 के स्कोर पर रोहित शर्मा (35) का विकेट गिरा, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ली। उन्होंने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाते हुए कप्तानी पारी खेली।
14 ओवर के बाद टीम 100 रन के पार पहुंच चुकी थी और सूर्यकुमार यादव ने शानदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 36 गेंदों में 51 रनों की अहम पारी खेली। रदरफोर्ड 7 गेंदों में 5 रन बनाकर आउट हुए।
अंतिम ओवरों में नमनधीर और मिचेल सैंटनर ने अपना अहम योगदान दिया। नमनधीर ने 21 गेंदों में 28 रन बनाए, जिससे टीम को अंतिम ओवरों में रनों के रफ्तार में गति मिली।
इस तरह निर्धारित 20 ओवरों में मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट के नुकसान पर 162 रन बनाए और दिल्ली कैपिटल्स के सामने 163 रन का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ज्यादा खास नहीं रही। जहां केएल राहुल को दीपक चाहर ने महज 1 रन पर चलता कर दिया। पहले ओवर के बाद ही DC का स्कोर 2/1 हो गया।
दबाव यहीं खत्म नहीं हुआ। दूसरे ओवर में नीतीश राणा रन आउट हो गए और दिल्ली 8/2 की मुश्किल स्थिति में पहुंच गई। दोनों शुरुआती विकेट सस्ते में गिरने के बाद टीम बैकफुट पर आ गई।
हालांकि, इसके बाद पथुम निसांका और समीर रिजवी ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने बल्लेबाजी करते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया और पावरप्ले के बाद दिल्ली को 42/2 तक पहुंचाया।
मध्य ओवरों में निसांका ने आक्रामक रुख अपनाया और टीम को मैच में बनाए रखा। उन्होंने 30 गेंदों में 44 रन (6 चौके, 1 छक्का) की महत्वपूर्ण पारी खेली और रिजवी के साथ 66 रनों की साझेदारी की।
लेकिन जैसे ही यह साझेदारी खतरनाक होती दिखी तो ऐसे में मुंबई इंडियंस ने मैच में वापसी की। मिचेल सैंटनर ने निसांका को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा और दिल्ली को तीसरा झटका दिया। वहीं, 15 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 138/3 रहा।
हालांकि, जब दिल्ली जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी, तभी मुंबई इंडियंस को सबसे बड़ा विकेट मिला। कॉर्बिन बॉश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए समीर रिजवी को पवेलियन भेजा। रिजवी शतक के बेहद करीब पहुंचकर चूक गए। उन्होंने 51 गेंदों में 90 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।
अंत में दिल्ली कैपिटल्स ने 18.1 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस तरह ब्लू एंड गोल्ड टीम को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
एमआई के लिए दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कॉर्बिन बॉश ने एक-एक विकेट अपने नाम किए।
मुंबई इंडियंस टीम अब अपना अगला मैच 7 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी, जो गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
डीसी बनाम एमआई संक्षिप्त स्कोर
मुंबई इंडियंस: (20 ओवर में 162/6) - सूर्यकुमार यादव 51, मुकेश कुमार 2/26
दिल्ली कैपिटल्स: (18.1 ओवर में 164/4) - समीर रिजवी 90, दीपक चाहर 1/20