RCBvMI: मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मिली हार
मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2026 सीजन के 11वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 2 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ एमआई प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई।
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई ने तिलक वर्मा की अर्धशतकीय पारी की दम पर 20 ओवर में 7 विकेट पर 166 रन बनाए।
इसके जवाब में आरसीबी क्रुणाल पांड्या की शानदार पारी की बदौलत 20 ओवर में 167 रन बनाकर लक्ष्य को पूरा कर जीत हासिल की।
आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी की और चार विकेट हासिल किए।
मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहले ही ओवर में रयान रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने टीम को लगातार दो बड़े झटके दिए।
उन्होंने पहले रोहित शर्मा को आउट किया, जो 10 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे। इसके बाद सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले ही आउट हो गए और मुंबई का स्कोर 28/3 हो गया।
नमन धीर और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और रनों की रफ्तार को रुकने नहीं दिया। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी हुई। 13वें ओवर में मुंबई को एक और झटका नमन के रूप में लगा।
उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 32 गेंदों में 47 रन बनाए। वह अर्धशतक जड़ने से चूक गए, लेकिन उन्होंने टीम के लिए महत्वपूर्ण पारी खेली। तिलक ने अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखते हुए 37 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की।
इसके अलावा विल जैक्स ने 10 और राज अंगद बावा ने 16 रन बनाए। तिलक ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 42 गेंदों में 57 रन बनाए।
वहीं, कॉर्बिन बॉश 5 और दीपक चाहर एक रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ मुंबई इंडियंस ने निर्धारित ओवर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 167 रनों का लक्ष्य दिया।
आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही। मुंबई इंडियंस के गेंदबाज दीपक चाहर ने पहले ही ओवर में विराट कोहली को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इसके बाद उन्होंने देवदत्त पडिक्कल (12 रन) को भी अपना शिकार बनाया।
कप्तान रजत पाटीदार भी ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सके और 8 रन बनाकर कार्बिन बॉश की गेंद पर रयान रिकेल्टन के हाथों कैच आउट हो गए। इन शुरुआती झटकों के साथ ही मुंबई के गेंदबाजों ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली और आरसीबी पर लगातार दबाव बढ़ता गया।
जैकब बेथेल और क्रुणाल पांड्या ने पारी को संंभाला और आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की। 13वें ओवर में बॉश ने आरसीबी को एक और झटका देते हुए बेथेल को आउट कर दिया। बेथेल ने 27 रन का योगदान दिया।
इसके बाद जितेश शर्मा बल्लेबाजी करने उतरे और उन्होंने बड़े शॉट्स लगाकर पारी को तेजी देने की कोशिश की, लेकिन बॉश ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। वहीं, क्रुणाल ने 32 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
इसके बाद भी क्रुणाल का शानदार प्रदर्शन जारी रहा और स्कोर के अंतर को कम करते हुए टीम को जीत के करीब पहुंचाया। लेकिन 18वें ओवर में एएम गजनफर ने क्रुणाल को अपना शिकार बनाया। क्रुणाल ने 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 46 गेंदों में 73 रनों की शानदार पारी खेली।
इसके बाद भुवनेश्वर कुमार और रसिख सलाम ने नाबाद पारी खेलते हुए टीम को 2 विकेट से जीत दिलाई।
कॉर्बिन बॉश ने चार विकेट अपने नाम किए, जबकि दीपक चाहर ने दो विकेट लिए। वहीं एएम गजनफर और राज बावा को एक-एक सफलता मिली।
अब मुंबई इंडियंस अपना अगला मुकाबला 14 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी।
आरसीबी बनाम एमआई मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर
एमआई: 20 ओवर में 166/7; तिलक वर्मा 57, भुवनेश्वर कुमार 4/23
आरसीबी: 20 ओवर में 167/8; क्रुणाल पांड्या 73, कॉर्बिन बॉश 4/26