“हमारे पास मौके थे, लेकिन हमारा प्रयास काफी नहीं रहा”: महेला जयवर्धने

“हमारे पास मौके थे, लेकिन हमारा प्रयास काफी नहीं रहा”: महेला जयवर्धने

By Mumbai Indians

मुंबई इंडियंस के लिए एक और दिल तोड़ने वाली शाम रही, जहां मैच का नतीजा बिल्कुल अंतिम मोड़ पर जाकर हमारे हाथों से फिसल गया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अंतिम गेंद मैच को अपने नाम कर लिया और दो विकेट से मुकाबला जीत लिया। यह वाकई एक ऐसा मैच था जो कभी इधर तो कभी उधर जाता हुआ दिख रहा था। एमआई ने संघर्ष किया, पूरी जान लगाई और अंत तक मुकाबले में बनी रही, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बात करते हुए मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने हार पर बात की और बाकी बचे तीन मैचों में खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए समर्थन दिया।

सबसे पहले, युवा गेंदबाज राज अंगद बावा द्वारा अंतिम ओवर फेंकने के बारे में बात करते हुए महेला ने कहा, “हमारे सभी अनुभवी गेंदबाजों का कोटा खत्म हो चुका था और हमारे पास केवल कुछ ही स्पिनर बचे थे। सूर्या (सूर्यकुमार यादव) को खुद पर भरोसा था, जबकि राज भी एक अच्छे गेंदबाज हैं। ट्रेनिंग के दौरान वह लगातार वाइड यॉर्कर डालने का अभ्यास करते हैं। उन्होंने अपनी लाइन पकड़ी और (रोमारियो) शेफर्ड का विकेट भी लिया। वह भी दबाव में थे। हमने अच्छी टक्कर दी; यह मामूली अंतर का मैच था। शायद हमें अंत में बेहतर तरीके से चीजों को आगे ले जाना चाहिए था।”

इस निराशाजनक अंत पर अपने विचार साझा करते हुए उन्होंने आगे कहा, “हां, यह सीजन निराशाजनक रहा है। हमारे पास मौके थे, लेकिन हम पर्याप्त रूप से अच्छे नहीं थे। हम बल्ले और गेंद के साथ निरंतर बेहतर नहीं कर पाए, जो अंतर हमें हमारे रिजल्ट में भी दिखाई दिया। हम प्लेऑफ की रेस में शामिल होने से केवल दो या तीन जीत दूर थे। हमें वे मैच नहीं जीत सके और आज का मैच एक बेहतरीन उदाहरण था कि हम कहां चूक गए।”

यह पूछे जाने पर कि क्या गलत हुआ, क्योंकि पहली पारी के अंतिम दो ओवरों में एमआई के बल्लेबाज केवल 11 रन ही बना सके, जयवर्धने ने अपनी राय दी, “हमने अपनी पूरी कोशिश की। उस समय विकेट थोड़ा मुश्किल था। मुझे लगा कि रात में थोड़ी ओस भी थी। हमारे खिलाड़ी बड़े शॉट लगाने की कोशिश कर रहे थे, बिना यह सोचे कि विकेट में एक अच्छा स्कोर क्या होगा। इसलिए, बीच में कुछ डॉट गेंद देखने को मिली। आज के दिन बस हमारा प्रयास काफी नहीं रहा।”

उनसे आगे पूछा गया कि मुंबई इंडियंस उस चैंपियन टीम की तरह क्यों नहीं खेल पाई जैसी वह हमेशा रही है... क्योंकि उम्मीदें बहुत ज्यादा थीं। इसके साथ ही, प्लेइंग इलेवन में इतने सारे बदलाव के पीछे क्या कारण था? महेला ने स्पष्ट किया, “हमारे पास कुछ खिलाड़ी मामूली चोटों से जूझ रहे थे, कुछ घायल थे तो कुछ उपलब्ध नहीं थे। इसलिए, बदलाव मजबूरी में किए गए थे। रणनीतिक रूप से हमने बहुत कम बदलाव किए होते। कोई बहाना नहीं है। हमारी टीम अच्छी है और हमें आगे बढ़कर अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए था। दुर्भाग्य से, ऐसा नहीं हुआ।”

अंत में सीनियर खिलाड़ियों और मुंबई इंडियंस के प्रमुख खिलाड़ियों का सपोर्ट करते हुए मुख्य कोच ने अपनी बात को समाप्त किया, “हम एक बेहतरीन टीम हैं। कोर ग्रुप अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहा है। वे पूरी तरह से बेहतर करना चाहते थे और उन्होंने बहुत प्रयास किया है। रोहित का घायल होना और फिर वापस आकर अपना सर्वश्रेष्ठ देना सराहनीय है। वे विश्व कप खेलने और उसे जीतने के बाद यहां आए हैं। यह कोर ग्रुप हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है।”