केकेआर बनाम एमआई, आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइड राइडर्स के खिलाफ चार विकेट से मिली हार

केकेआर बनाम एमआई, आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइड राइडर्स के खिलाफ चार विकेट से मिली हार

By Mumbai Indians

आईपीएल 2026 में बुधवार को मुंबई इंडियंस को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चार विकेट से हार झेलनी पड़ी। 

एमआई बनाम केकेआर मैच में टॉस जीतकर कप्तान केकेआर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वहीं, पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत उतनी ठीक नहीं रही। रयान रिकेल्टन सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। 

इसके बाद एमआई के लगातार विकेट गिरते गए। रोहित शर्मा 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि नमन धीर खाता भी नहीं खोल सके। शुरुआती झटकों से मुंबई की टीम उबर ही नहीं पाई और 23 रन तक उसके तीन बड़े विकेट गिर चुके थे।

इस बीच सूर्यकुमार यादव ने कुछ आक्रामक शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन वह भी सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए। 

इसके बाद कोलकाता में तेज बारिश ने मैच को कुछ देर के लिए रोक दिया। बारिश रुकने के बाद तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती की कसी हुई स्पिन गेंदबाजी ने रन गति पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। 13 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 83/4 था। 

मुंबई को पांचवां झटका 14वें ओवर में लगा, जब कार्तिक त्यागी ने तिलक वर्मा को आउट किया। तिलक ने 32 गेंदों पर धीमी पारी खेलते हुए 20 रन बनाए। बाउंड्री पर अनुकूल रॉय ने उनका शानदार कैच पकड़ा।

इसके बाद एमआई बल्लेबाज ज्यादा रन नहीं बटोर सके और केकेआर के सामने 148 रनों का लक्ष्य रखा है। कॉर्बिन बॉश 18 गेंदों में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। हार्दिक पांड्या ने 26 रनों का योगदान दिया। 

कार्तिक त्यागी ने आखिरी ओवर में 19 रन दिए, जिसमें बॉश ने दो छक्के और एक चौका लगाया। दीपक चाहर 10 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह एमआई ने निर्धारित 20 ओवर में 147/8 का स्कोर किया। 

केकेआर ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की, लेकिन टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लग गया। 1 ओवर की समाप्ति पर स्कोर 10 रन था, जबकि फिन एलेन 5 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए। 

दीपक चाहर ने उन्हें बोल्ड किया। बाहर जाती गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में एलेन के बल्ले का अंदरूनी किनारा लगा और गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई।

इसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे और मनीष पांडे ने पारी को संभाला। चार ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 31/1 था और दोनों बल्लेबाज अच्छी लय में नजर आ रहे थे।

पावरप्ले खत्म होने तक केकेआर मजबूत स्थिति में पहुंच गई। टीम ने 6 ओवर में 51 रन बना लिए थे, हालांकि रहाणे और फिन एलेन के विकेट गंवा चुकी थी। उस समय मनीष पांडे और कैमरन ग्रीन क्रीज पर मौजूद थे।

हालांकि, 54 रन के स्कोर पर केकेआर को तीसरा झटका लगा। कैमरन ग्रीन 8 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हुए। 7.3 ओवर के बाद टीम का स्कोर 60/3 था।

इसके बाद मनीष पांडे और रोवमन पॉवेल ने पारी को आगे बढ़ाया। 11 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 93/3 था और टीम जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही थी।

वहीं, इस बीच मनीष पांडे अर्धशतक से चूक गए। जसप्रीत बुमराह ने उन्हें बोल्ड किया। पांडे ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए। 15 ओवर के बाद केकेआर का स्कोर 118/4 था, जबकि रोवमन पॉवेल 34 रन बनाकर खेल रह थे।

इसके बाद गजनफर ने कोलकाता को पांचवां झटका दिया। उन्होंने कॉर्बिन बॉश के हाथों रोवमन पॉवेल को कैच कराया। पॉवेल ने 30 गेंदों में 40 रन की अहम पारी खेली।

18वें ओवर में कॉर्बिन बॉश ने तेजस्वी दहिया को रिकेल्टन के हाथों कैच कराकर केकेआर को छठा झटका दिया। उस समय टीम का स्कोर 141/6 था और रिंकू सिंह के साथ अनुकूल रॉय क्रीज पर मौजूद थे।

अंत में केकेआर ने 7 गेंद शेष रहते हुए 148/6 का स्कोर बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। मुंबई इंडियंस टीम अपना अगला मुकाबला 24 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी।