IPL 2026: मुंबई इंडियंस ने केकेआर को हराकर तोड़ा पहले मैच की हार का सिलसिला

By Mumbai Indians

मुंबई इंडियंस ने रविवार को IPL 2026 के अभियान की शुरुआत एक शानदार जीत के साथ की। एमआई ने सीजन के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया और सालों पुराने पहले मैच के हार के सिलसिले को आखिरकार तोड़ दिया।

अपने गढ़ वानखेड़े स्टेडियम में एमआई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर ने कप्तान अंजिक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी की अर्धशतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में 220/4 का स्कोर खड़ा किया।

इसके जवाब में एमआई ने रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत 19.1 ओवर में 224 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर इस सीजन की पहली जीत दर्ज की।

केकेआर के लिए अंजिक्य रहाणे और फिन एलन ने पारी की अच्छी शुरुआत की। दोनों ने बड़े शॉट लगाते हुए तेजी से रन बटोरे। लेकिन छठे ओवर में शार्दुल ठाकुर ने दोनों की 69 रनों की पार्टनरशिप पर ब्रेक लगाया। फिन ने 6 चौके और 2 चौके की मदद से 17 गेंदों में 37 रन बनाए।

इसके बाद शार्दुल ने केकेआर के दो और विकेट अपने नाम किए। 9वें ओवर में उन्होंने कैमरुन ग्रीन (10) को अपना शिकार बनाया। 27 गेंदों में अंजिक्य ने अपना अर्धशतक जड़ा और मैच में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा।

14वें ओवर में शार्दुल ने केकेआर को तीसरा झटका दिया। रहाणे ने 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 40 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली।

इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को आगे बढ़ाया और शानदार साझेदारी की। 19वें ओवर में हार्दिक पांड्या ने अंगकृष को आउट किया। अंगकृष ने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 29 गेंदों में 51 रन बनाए।

रिंकू सिंह ने नाबाद 33 रनों की पारी खेली, जबकि रमनदीप सिंह 4 रन बनाकर नाबाद रहे। इसी के साथ केकेआर ने एमआई को 221 रनों का लक्ष्य दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमारी टीम की शुरुआत शानदार रही। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने दमदार प्रदर्शन किया और 9वें ओवर तक बिना विकेट खोए 110 रन बनाए।

रोहित ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा, जबकि रयान ने 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद भी दोनों ने विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखी और ताबड़तोड़ रन बनाए।

12वें ओवर में एमआई को पहला झटका रोहित के रूप में लगा। रोहित ने पहले विकेट के लिए 148 रनों की पार्टनरशिप की। रोहित ने 6 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 38 गेंदों में 78 रनों की धमाकेदार पारी खेली।

इसके बाद सूर्यकुमार यादव यादव ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिक सके और 16 रन बनाकर आउट हो गए।

16वें ओवर में रयान रन आउट हो गए और 43 गेंदों में 4 चौकों और 8 छक्कों की मदद से 81 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

इसके बाद तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने पारी को आगे बढ़ाया। तिलक ने 20 रनों का योगदान दिया। हार्दिक ने नाबाद 15 और नमन धीर ने 5 रनों की पारी खेली। इसी के साथ एमआई ने केकेआर को 6 विकेट से हराया।

एमआई 4 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी।

MI vs KKR मुकाबले का संक्षिप्त स्कोर

KKR: 20 ओवर में 220/4; अंजिक्य रहाणे 67, शार्दुल ठाकुर 3/39

MI: 19.1 ओवर में 224/4; रयान रिकेल्टन 81, सुनील नारायण 1/30